अंतिम ओवर में धोनी के छक्के से जीता चेन्नई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रांची में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने 19.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 149 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। उसकी ओर से ओपनर ड्वेन स्मिथ (44) और कप्तान धोनी ने अंतिम ओवरों में 16 गेंदों पर 26 रन बनाए।
इससे पहले राजस्थान ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। उसकी ओर से कप्तान शेन वॉटसन ने सर्वाधिक 51 रन बनाए। जबकि चेन्नई की ओर से मोहित शर्मा ने 31 रन देकर 3 विकेट झटके। राजस्थान की ओर से अंकित शर्मा ने 2 विकेट झटके।
जडेजा और धोनी की फुर्ती काम आई
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई की टीम को तेज शुरुआत तो जरूर मिली लेकिन ब्रैंडन मैक्कुलम (6) तीसरे ओवर में आउट हो गए। इसके बाद सुरेश रैना भी 2 रन बनाकर आउट हो गए।
लेकिन ओपनर ड्वेन स्मिथ ने फैफ डु प्लेसिस (38) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। स्मिथ 44 रन (5 चौका और 2 छक्का) पर आउट हुए। प्लेसिस ने आर अश्विन (14) के साथ खेलते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया।
लेकिन अश्विन और प्लेसिस के आउट होने के बाद क्रीज पर रवींद्र जडेजा (नाबाद 11) और कप्तान धोनी (नाबाद 26) के रूप में नए बल्लेबाज थे लेकिन दोनों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाते हुए टीम को शानदार जीत दिला दी।
इस जीत से शीर्ष पर पहुंच गया चेन्नई सुपर किंग्स
चेन्नई ने 10 में से 8 मुकाबले जीते हैं जबकि 2 मैच हारे हैं और 16 अंकों के साथ धोनी की टीम पहले स्थान पर पहुंच गई है।
जबकि राजस्थान रॉयल्स ने इतने ही मुकाबलों से 6 मैच जीते हैं और वह तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाया राजस्थान
पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद राजस्थान रॉयल्स को बेहद शानदार शुरुआत मिली। अंकित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान शेन वॉटसन ने अपने फैसले को सही साबित किया और पहले विकेट के लिए 60 रन जोड़े।
हालांकि आठवें ओवर में फिरकी गेंदबाज आर अश्विन ने अंकित को कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद क्रीज पर आए नए बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (4) भी जल्द ही रन आउट हो गए।
दूसरे छोर पर टिके वॉटसन (51) ने अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन दूसरे छोर पर कोई अन्य बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहा। करुण नायर (8), स्टुअर्ट बिन्नी (22), स्टीवन स्मिथ (9), जेम्स फॉकनर (1) और दिनेश याग्निक (4) सस्ते में आउट होते चले गए।
रॉयल्स के 3 बल्लेबाज ही छू सके दहाई का आंकड़ा
मध्य क्रम की नाकामी की वजह से राजस्थान रॉयल्स बड़ा स्कोर खड़ा कर पाने में नाकाम रहा। सिर्फ 3 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके बाकी ने टीम को निराश किया।
चेन्नई की ओर से तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने 31 रन देकर 3 विकेट झटके। जबकि रवींद्र जडेजा को 2 और अश्विन तथा सैमुअल ब्रदी को एक-एक सफलता मिली।