पंजाब को हराकर मुंबई ने चखा जीत का स्वाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिरकार मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल-7 में अपनी पहली जीत दर्ज करने में कामयाब रही। बल्लेबाजों के सधे हुए प्रदर्शन की बदौलत मुंबई ने किंग्स इलेवन पंजाब को 5 गेंद शेष रहते पांच विकेट से हरा दिया। (लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें)
रिद्धिमान साहा (नाबाद 59) और तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल (45) की संतोषजनक पारियों की मदद से किंग्स इलेवन पंजाब ने पांच विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने 19.1 ओवर में 5 विकेट पर 170 रन बनाकर यह मैच जीत लिया।
मुंबई की छह मैचों में यह पहली जीत है जबकि इतने ही मैचों में पंजाब की यह पहली हार है। मुंबई की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने सर्वाधिक 39 रन बनाए जबकि सीएम गौतम (33), जेम्स एंडरसन (35) और कीरोन पोलार्ड ने नाबाद 28 रन का योगदान दिया। पंजाब की ओर से संदीप शर्मा और ऋषि धवन ने दो-दो विकेट झटके।
पंजाब की बेहद खराब हुई शुरुआत
इससे पहले पंजाब के कप्तान जार्ज बैली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय किया। यूएई चरण में पिछले सभी मैच जीतकर शीर्ष टीम पंजाब के विस्फोटक बल्लेबाज मैक्सवेल ने 45 रन जोड़े जबकि तीसरे नंबर के बल्लेबाज रिद्धिमान साहा ने नाबाद 59 रनों की सर्वाधिक पारी खेली।
स्वदेश लौटे टूर्नामेंट में पंजाब के पहले मैच में मैक्सवेल से फिर से धुआंधार पारी की उम्मीद की जा रही थी लेकिन इस बार वह वानखेडे़ स्टेडियम में तूफान तो नहीं खड़ा कर सके लेकिन उन्होंने 27 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में मदद की।
मुंबई के अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने मैक्सवेल को बेन डंक के हाथों कैच कराया। इसके अलावा रिद्धिमान ने 47 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाए।
सहवाग, पुजारा भी सस्ते में आउट
रिद्धिमान और मैक्सवेल ने तीसरे विकेट के लिये 8.2 ओवर में 69 रनों की साझेदारी निभाई। हालांकि पंजाब की शुरुआत खराब रही। महज 24 रन पर उसने अपने दोनों ओपनरों को गंवा दिया।
वीरेंद्र सहवाग महज 13 रन के स्कोर पर रनआउट हो गए। पुजारा भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। उन्होंने 18 गेंदों में चार चौके लगाकर 19 रन बनाए। कप्तान जार्ज बैली भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 14 गेंदों की पारी में दो चौके लगाकर 15 रन जोड़ पाए।
डेविड मिलर का जादू भी इस बार नहीं चला और उन्होंने 12 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाकर 16 रनों का योगदान दिया। मुंबई की ओर से हरभजन सिंह ने दो विकेट झटके जबकि एंडरसन और मलिंगा को एक-एक विकेट मिला।