IPL में दिल्ली ने खोला जीत का खाता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले मैच में शून्य पर आउट होने वाले दिनेश कार्तिक आखिरकार रंग में आ गए और उन्होंने यहां शानदार अर्द्धशतक जड़ते हुए आईपीएल-7 में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ दिल्ली डेयरडेविल्स को चार विकेट से जीत दिलाई।
167 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने यह जीत 19.3 ओवर में छह विकेट पर 167 रन बनाकर हासिल की और टूर्नामेंट में पहली जीत का स्वाद चखा।
दो मैचों में दिल्ली की यह पहली जीत है जबकि कोलकाता की दो मैचों में यह पहली हार है। हालांकि दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ओपनर मुरली विजय खाता खोले बिना आउट हो गए लेकिन दूसरे छोर से मयंक अग्रवाल ने 14 गेंदों में तीन चौकों के साथ धुआंधार 26 रन बनाकर रनगति तेज बनाए रखी।
बेहद खराब रही कोलकाता की शुरुआत
दिल्ली के कार्यवाहक कप्तान दिनेश कार्तिक ने 40 गेंदों में पांच चौकों और दो छक्कों के साथ 56 रन की तेज पारी खेली। आखिरी ओवरों में जेपी डुमिनी ने 35 गेंदों में तीन चौकों और तीन छक्कों के साथ 52 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर दिल्ली को जीत दिला दी।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही थी और उसने 11 रन तक ओपनर जैक्स कैलिस और कप्तान गौतम गंभीर के विकेट गंवा दिए थे। कैलिस पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी का शिकार बने जबकि गंभीर लगातार दूसरी बार खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।
यहां से मनीष पांडे और रोबिन उथप्पा ने तीसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़कर पारी को संभाला। मनीष ने 42 गेंदों में पांच चौकों के साथ 48 रन बनाए जबकि उथप्पा ने 41 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के के साथ 55 रन की पारी खेली। साकिब अल हसन 22 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के के साथ 30 रन की आतिशी पारी खेलकर नाबाद रहे।