भारत ने रॉबिन उथप्पा और मनोज तिवारी को बनाया कप्तान
मनोज तिवारी दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज में भारत-ए टीम के कप्तान होंगे, जबकि उथप्पा चतुष्कोणीय वनडे सीरीज में भारत-ए टीम के कप्तान की भूमिका निभाएंगे।
इस सीरीज में दक्षिण अफ्रीका-ए और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की नेशनल परफोर्मेंस टीमें भी हिस्सा लेंगी।
चार दिनी मैच के लिए टीम में हैं कई बड़े नाम
पिछले घरेलू सत्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट से दूर रहे मनोज तिवारी चतुष्कोणीय वनडे टूर्नामेंट में भी खेलेंगे लेकिन इसमें रॉबिन उथप्पा टीम का नेतृत्व करेंगे जिन्होंने आईपीएल सीजन सात में कोलकाता नाइटराइडर्स को अपनी दमदार बल्लेबाजी से खिताब तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई थी।
आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले उथप्पा को उनके इसी प्रदर्शन की बदौलत राष्ट्रीय टीम में वापस जगह मिली है। 2 चार दिवसीय मैचों की सीरीज में भी उथप्पा को चुना गया है।
उनके अलावा इस टीम में रणजी, ईरानी और विजय हजारे विजेता कर्नाटक की टीम के साथी करुण नायर तथा लोकेश राहुल को भी इस सीरीज के लिए भारत-ए का हिस्सा बनाया गया है। उमेश यादव, प्रज्ञान ओझा और अमित मिश्रा चार दिवसीय मैचों के लिए टीम में बड़े नाम हैं।
वर्ल्ड कप 2015 के लिए टिकट कटाने का मौका
चार दिवसीय मुकाबलों के अलावा चार टीमों की एकदिवसीय सीरीज में मोहित शर्मा, अक्षर पटेल और करन शर्मा को शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों की पूरी कोशिश रहेगी कि इस दौरे पर प्रदर्शन से प्रभावित कर सकें ताकि इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में राष्ट्रीय टीम में जगह बना सकें।
रॉबिन उथप्पा की कप्तानी वाली चतुष्कोणीय सीरीज दो अगस्त को खत्म होगी और ऐसे में इस टीम के खिलाड़ियों पर इंग्लैंड दौरे के चयन के लिहाज से अधिक निगाहें रहेंगी क्योंकि भारत को इसी महीने इंग्लैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज खेलनी है।
इसके अलावा अगले वर्ष ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी यह सीरीज अहम मानी जा रही है। भारत-ए ब्रिसबेन में अपने दौरे की शुरुआत करेगा जहां वह 6 और 13 जुलाई को दो चार दिवसीय मैच खेलेगा जबकि 20 जुलाई से शुरू होने जा रही चतुष्कोणीय सीरीज में भारत-ए टीम पहले दो राउंड राबिन चरण के मैच खेलेगा जबकि इसका फाइनल 2 अगस्त को खेला जाएगा।
दोनों टीम के लिए भारत ने रखे दो कप्तान
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाली भारत ए की दोनों टीमें।
चार दिवसीय मैच के लिए भारत ए की टीम: मनोज तिवारी (कप्तान), लोकेश राहुल, जीवनजोत सिंह, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायडू, करुण नायर, नमन ओझा, प्रज्ञान ओझा, उमेश यादव, धवल कुलकर्णी, अनुप्रीत सिंह, रजत पालीवाल, अमित मिश्रा, संदीप शर्मा, जसप्रीत बुमराह और बाबा अपराजित।
वनडे सीरीज के लिए भारत ए की टीम: रॉबिन उथप्पा (कप्तान), उन्मुक्त चंद, मनीष पांडे, अंबाती रायडू, मनोज तिवारी, केदार जाधव, संजू सैमसन, परवेज रसूल, अक्षर पटेल, धवल कुलकर्णी, रिषी धवन, मोहित शर्मा, करन शर्मा, राहुल शुक्ला, मनन वोहरा, जयदेव उनादकट।