क्वार्टर फाइनल में भिड़ सकते हैं मरे और जोकोविच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
साल के आखिरी और चौथे ग्रैंड स्लैम टेनिस टूर्नामेंट यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में इस बार पूर्व चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच और ब्रिटेन के एंडी मरे की भिड़ंत हो सकती है।
25 अगस्त से शुरू हो रहे टूर्नामेंट में इस बार 2011 के चैंपियन जोकोविच को शीर्ष वरीयता दी गई है जबकि 2012 के विजेता मरे को आठवीं वरीयता मिली है।
मरे के लिए हालांकि मुकाबला आसान नहीं होगा क्योंकि उन्हें प्री-क्वार्टर फाइनल में ही जबरदस्त फॉर्म में चल रहे नौवीं सीड फ्रांस के जो विल्फ्रेड सोंगा से पार पाना होगा।
इस बीच रिकॉर्ड 17 ग्रैंड स्लैम खिताबों के विजेता स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर क्वार्टर फाइनल में बुल्गारिया के ग्रीगोर दिमित्रोव से भिड़ सकते हैं। स्पेन के राफेल नदाल चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं।
सेरेना को मिलेगी इवानोविच से चुनौती
महिलाओं में दो बार की चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स क्वार्टर फाइनल में सर्बिया की अना इवानोविच से भिड़ सकती हैं। भले ही सेरेना का इवानोविच के खिलाफ हार जीत का रिकॉर्ड 7-1 का हो लेकिन इवानोविच ने इस साल जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन के चौथे राउंड में सेरेना को मात दी थी।
इसके अलावा सेरेना को प्री-क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की सामंथा स्टोसर से भी भिड़ना पड़ सकता है। इस बार स्टोसर को टूर्नामेंट में कोई वरीयता नहीं मिली है लेकिन वह 2011 में यहां सेरेना को हराकर खिताब जीत चुकी हैं।
दूसरी ओर सेरेना की बड़ी बहन वीनस विलियम्स को सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए दूसरी सीड सिमोना हालेप और पांचवीं सीड रूस की मारिया शारापोवा जैसी दिग्गज खिलाड़ियों की चुनौतियों से पार पाना होगा।
सिंगल्स में भारतीय चुनौती नहीं
यूकी भांबरी और सनम सिंह को क्वालीफाइंग मुकाबलों में मिली हार के साथ ही टूर्नामेंट के सिंगल्स में इस बार भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई।
यूकी को आयरलैंड के जेम्स मैक्गी ने कड़े मुकाबले में 7-5, 2-6, 5-7 से जबकि सनम सिंह को पहले सेट में मिली जीत के बावजूद जर्मनी के एंद्रियास बेक ने 7-5, 6-7, 3-7 से हराया।
देश के शीर्ष एकल खिलाड़ी सोमदेव देववर्मन पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो चुके हैं।