स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में खिलाड़ियों की एंट्री पर बैन!
खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने नारा दिया ‘पदक लाओ, पद पाओ’..., पर जनाब कैसे? यहां तो हालात ऐसे हैं कि जब भी खिलाड़ी किसी बड़ी चैंपियनशिप के लिए ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में अभ्यास कर रहे होते हैं, तभी किसी न किसी तरह के टेस्ट के नाम पर उन्हें मैदान से बाहर कर दिया जाता है और इसका खामियाजा खिलाड़ियों को ही भुगतना पड़ता है।
जब खिलाड़ी यूथ एशिया चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे थे, तभी महिला पुलिस की भर्ती के लिए इसी ग्राउंड में फिजिकल टेस्ट का आयोजन कर लिया गया। नतीजतन, खिलाड़ियों का प्रैक्टिस पूरा नहीं हो सका और चैंपियनशिप में खराब प्रदर्शन हुआ।
पंचकूला से 16 खिलाड़ी गए थे, जिनमें सिर्फ दो ही क्वालिफाई कर पाए। अब यूथ ओलंपिक (चार साल बाद होती है यह चैंपियनशिप) से पदक लाने की बारी आई और अभी करीब एक माह के अंदर ट्रायल होना है तो एक बार फिर अधिकारियों ने अपने दम पर खिलाड़ियों को इस प्रैक्टिस ग्राउंड से बाहर करने का फैसला कर लिया।
8275 पुरुष सिपाहियों की भर्ती के लिए 7 जुलाई से 8 अगस्त तक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में फिजिकल टेस्ट लेना तय कर लिया गया है। ऐसे में टेस्ट के समय खिलाड़ियों को एक बार फिर प्रैक्टिस से रोका जाएगा।
प्रेक्टिस करते थे तो जीते भी
वर्ष-2013 : प्रैक्टिस में बाधा नहीं, तो कई मेडल झटके
ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों ने बताया कि वर्ष-2013 में प्रैक्टिस में कोई बाधा नहीं आई तो प्रतियोगिताओं में तीन खिलाड़ियों ने नेशनल रिकार्ड बनाया। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों ने पूरे साल में 25 मेडल हासिल किए थे।
वर्ष-2014 : प्रैक्टिस से रोका, निराशा ही निराशा
महिला पुलिस की भर्ती के समय यूथ एशिया चैंपियनशिप में 16 खिलाड़ियों ने भाग लिया था और सिर्फ दो मेडल ला पाए। खिलाड़ियों के अनुसार, वह इसमें रिकार्ड बना सकते थे, लेकिन अभ्यास के अंतिम समय में ग्राउंड नहीं मिलने की वजह से सही तरीके से प्रैक्टिस ही नहीं हो पाई।
सिंथेटिक ट्रैक पर कैसे होगी प्रेक्टिस
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में चार करोड़ का सिंथेटिक ट्रैक बना है। पुरुष सिपाही की भर्ती के फिजिकल टेस्ट के दौरान 800 मीटर की दौड़ होगी। यदि हजारों प्रतिभागी इस सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़ते हैं तो ट्रैक के उखड़ने का भी खतरा मंडरा सकता है।
महिला पुलिस भर्ती के समय भी यह ट्रैक जल गया था। हालांकि, किसने जलाया, यह स्पष्ट नहीं हो सका था। इस ट्रैक को कोरिया के इंजीनियर ने बनाया था।
यह है भर्ती का शेड्यूल
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चौ. ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-3 पंककूला में सात जुलाई से आठ अगस्त और राजीव गांधी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सेक्टर-10 अंबाला में 14 जुलाई से 14 अगस्त तक शारीरिक क्षमता परीक्षण का आयोजन किया जाएगा। कुल 8275 पुरुष सिपाहियों की भर्ती होनी है। यह विज्ञप्ति पुलिस भर्ती बोर्ड के चेयरमैन ब्रिगेडियर (रिटायर्ड) जेएस मान ने जारी किया है।
ये कहना है अधिकारियों और खिलाड़ियों का
अभी तक पुलिस भर्ती बोर्ड की तरफ से ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई है।
- डॉ. एसएस फुलिया, उपायुक्त, पंचकूला
खिलाड़ी बोले, भर्ती तो कहीं और भी हो सकती है
अगस्त में एशियन गेम्स का ट्रायल है। प्रैक्टिस कैसे पूरी होगी। हमें तो चार साल बाद एक बार मौका मिलता है। भर्ती तो पंचकूला परेड ग्राउंड में भी हो सकती है।
- नरेंदर, खिलाड़ी
जूनियर कॉमनवेल्थ गेम्स का ट्रायल एक माह में होने वाला है। प्रैक्टिस नहीं करेंगे तो क्वालीफाई नहीं कर पाएंगे। पुलिस की भर्ती मोगीनंद पुलिस लाइन में भी हो सकती है।
- साहिल महाबलि, खिलाड़ी
20 जुलाई को नेशनल ट्रायल है। ऐसे में यदि स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में पुलिस भर्ती होगी तो प्रैक्टिस कहां करेंगे?
- बिजेंदर, खिलाड़ी
यूथ कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए प्रैक्टिस कर रहा हूं। चार साल बाद मौका मिलता है। ऐसे समय में प्रैक्टिस में बाधा डालना गलत है।
- सारंग, खिलाड़ी