बीवी को खुश रखेंगे तो जरूर होगा यह फायदा
अगर आप एक अच्छे पति हैं और अपनी पत्नी को खुश रखने की हर संभव कोशिश करते हैं तो यकीन मानिए, इसका बड़ा फायदा आपको भी होगा।
जर्नल ऑफ मैरिज एंड फैमिली में प्रकाशित शोध की मानें तो जो पुरुष अपनी पत्नी को खुश रखते हैं उनका वैवाहिक जीवन सफल और तनावमुक्त होता है और उन्हें सेहत से जुड़ी समस्याएं कम होती हैं।
शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में 400 जोड़ों से उनके संबंध व सेहत से संबंधित कई प्रश्न किए और इसके आधार पर यह निष्कर्ष निकाला है।
शोधकर्ता कैर के अनुसार, ''किसी भी विवाह में जब महिला सुखी होती है तो वह पुरुष के लिए वह सब करती है जिससे उसे खुशी मिले जबकि पुरुषों में ऐसा कम होता है।''
लंबी उम्र के लिए फायदेमंद
कई शोधों में यह माना जा चुका है कि जिन जोड़ों में महिलाएं अपने साथी से अधिक संतुष्ट होती हैं, उनमें पुरुषों का जीवनकाल अधिक होता है।
शोधकर्ताओं ने सफल वैवाहिक जीवन का बड़ा संबंध तनाव और इससे जुड़ी समस्याओं से माना है और दावा किया है कि तनाव से जुड़ी समस्याओं की बड़ी वजह शादीशुदा जीवन में झगड़े और मनमुटाव हैं।
समय-समय पर वैवाहिक जीवन की खुशहाली और उससे सेहत से संबंधित शोध हुए हैं।
पहले भी हुए हैं शोध
इससे पहले भी महिला साथी की खुशी और पुरुषों के स्वास्थ्य पर कुछ शोध हो चुके हैं।
यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन इंस्टीट्यूट फॉर सोशल रिसर्च के प्रोफेसर विकी फ्रीडमैन ने कहा, ‘पुराने पति और पत्नियों का वैवाहिक जीवन ज्यादा खुशनुमा इसलिए होता था, क्योंकि वे अपने जीवन से संतुष्ट होते थे।’
फ्रीडमैन के मुताबिक, एक असफल वैवाहिक पुरुष के जीवन में संतुष्टि इस बात पर निर्भर करती है कि उसकी पत्नी इस रिश्तों को किस नजर से देखती है। अगर वह विवाह को तवज्जो देती है तो पुरुष के जीवन का संतुष्टि स्तर बढ़ जाता है, लेकिन अगर वह विवाह को ज्यादा तवज्जो नहीं देती तो उसके जीवन की चमक फीकी पड़ जाती है।