तनाव को दूर भगाने का सबसे आसान फंडा, पढ़िए जरा
क्या आपने बचपन के दिनों में कभी दीवारों, कॉपी-किताबों में आड़ी-तिरछी लाइनों से ड्रॉइंग की है? जी हां, हम में से ज्यादातर लोगों ने अपने बचपन में ड्रॉइंग का खूब लुत्फ लिया होगा। वैसे बच्चे तो हमेशा ही ड्रॉइंग करना पसंद करते हैं।
लेकिन अब व्यस्कों के लिए भी कलरिंग बुक्स का क्रेज खूब चल रहा है। खास बात ये है कि इन कलरिंग बुक्स की मदद से आप स्ट्रेस फ्री हो सकते हैं। ऐसा हम नहीं, वो लोग दावा कर रहे हैं जो कलरिंग बुक्स का इस्तेमाल कर कूल महसूस कर रहे हैं।
कलरिंग बुक्स के इस्तेमाल से नींद अच्छी आती है
दरअसल कागज पर जब आप मोम या पेंसिल से कलर करते हैं तो उसके रगड़ने के खरखराहट की आवाज आपके कानों में पड़ती है। ऐसे में एक प्रकार की एकाग्रता बनती है। और आप तनाव मुक्त होने लगते है। इससे नींद भी अच्छी आती है।
अमेजन की बेस्ट सेलर लिस्ट में स्कॉटलैंड के इलस्ट्रेटर जोहाना बैसफोर्ड की सीक्रेट गार्डन कलरिंग बुक टॉप पर है। अब तक इसकी डेढ़ लाख कॉपी बिक चुकी हैं। बैसफोर्ड के मुताबिक ये कलरिंग बुक्स एक प्रकार से डिजिटल डिटॉक्स का काम करती हैं। कनाडा में तो लोगों ने कलरिंग बुक्स पार्टियां करना शुरू कर दिया है। बैसफोर्ड की मानें तो कलरिंग बुक्स का असर दो गिलास वाइन से भी अच्छा है।