बिस्कुट अधिक खाते हैं तो जान लें यह नुकसान
अगर आप जरूरत से ज्यादा बिस्कुट और केक जैसी चीजों का सेवन करते हैं तो यह आपकी सेहत के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है।
डेलीमेल वेबसाइट पर प्रकाशित शोध की मानें तो बिस्कुट और केक जैसे प्रोसेस्ड उत्पादों का अधिक सेवन करने से याददाश्त से संबंधित दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया के शोधकर्ताओं ने 45 साल से कम उम्र के 1000 सेहतमंद पुरुषों पर अध्ययन करके यह दावा किया है।
क्या है इनमें नुकसानदायक
शोधकर्ताओं का दावा है कि बिस्कुट और केक जैसे प्रोसेस्ड उत्पादों में ट्रान्स फैट्स की अधिकता होती है जो याददाश्त के लिए नुकसानदायक है।
शोधकर्ता बीट्रीस गोलोम के अनुसार, ''ट्रान्स फैट्स याददाश्त को बदतर कर सकते हैं। भले ही इनका सेवन कम उम्र के या मध्यम आयुवर्ग के लोग करें। इसके अलावा, इनके सेवन से मोटापा बढ़ता है, गुस्सा अधिक आता है और दिल के रोगों का भी खतरा होता है।''
शोध के दौरान प्रतिभागियों को 104 कार्ड दिखाकर उनका मेमोरी टेस्ट लिया गया। उनका परीक्षण ट्रान्स फैट्स के सेवन और बिना उसके सेवन के दौरान किया गया।
यह शोध शिकागो के अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन साइंटिफिक सेशन में भी पेश किया गया है।