ISRO में सरकारी नौकरी, करें आवेदन तुरंत
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (ISRO) में योग्य उम्मीदवारों के लिए विभिन्न रिक्त पदों को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है।
इन पदों के लिए भारतीय नागरिकों से आवेदन पत्र मंगाए गए हैं। पदों की कुल संख्या 81 है। इन पदों में तकनीकी सहायक, नर्स, लैब टेक्निशियन, टेक्निशियन, हिंदी टाइपिस्ट, ड्राफ्ट्समैन व फायरमैन के पद शामिल हैं।
इन पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की शैक्षिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। टेक्निशियन, ड्राफ्ट्समैन के लिए 10वीं व पद से संबंधित आईटीआई तथा फायरमैन के लिए केवल 10वीं पास निर्धारित की गई है।
हिंदी टाइपिस्ट के लिए कंप्यूटर पर 25 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है। ऑनलाइन आवेदन 6 सितंबर, 2014 से प्रारंभ है।
चयन प्रक्रिया व वेतनमान
विज्ञापित पदों में तकनीकी सहायक, नर्स व लैब टेक्निशियन के पदों को छोड़कर अन्य सभी पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, स्किल/ट्रेड परीक्षा व साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
अंतिम चयन मेरिट के आधार पर किया जायेगा। तकनीकी सहायक, नर्स व लैब टेक्निशियन के पदों पर चयन केवल साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा। विज्ञापित पदों में तकनीकी सहायक, नर्स के लिए 9300 से 34,800 रुपये, लैब टेक्निशियन, टेक्निशियन व फायरमैन के पदों के लिए 5200 से 20,200 रुपये वेतनमान निर्धारित किए गए हैं।
हिंदी टाइपिस्ट व फायरमैन के पदों को छोड़कर सभी पदों के लिए उम्र सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। हिंदी टाइपिस्ट व फायरमैन के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष है।
आयु की गणना 26 सितंबर, 2014 से की जाएगी। आरक्षित वर्ग को अधिकतम उम्र सीमा में नियमानुसार छूट दी जाएगी।
इस प्रकार से करें आवेदन
अभ्यर्थी आवेदन केवल ऑनलाइन तरीके से ही कर सकते हैं। किसी अन्य तरीके से किया गया आवेदन अमान्य कर दिया जाएगा।
इन पदों को भरने के लिए सामान्य व अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को आवदेन शुल्क के रूप में 100 रुपए का डीडी दिए गए निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से जमा करना होगा।
आरक्षित वर्ग एससी/एसटी/विकलांग/भूतपूर्व कर्मचारी व महिला आवेदकों को कोई आवेदन शुल्क जमा नहीं करना है। ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख 26 सितंबर, 2014 है।
पूर्णरूप से भरे हुए ऑनलाइन आवेदन का प्रिंटआउट निर्धारित डीडी के साथ दिए गए संबंधित पते पर 6 अक्टूबर, 2014 तक भेजे। आवेदन पत्र तथा अन्य आवश्यक जानकारी व निर्देश के लिए उम्मीदवार इसरो की वेबसाइट http://isro.gov.in पर लॉग ऑन करें।