महिलाओं ने दर्द से तड़पती गर्भवती का सड़क पर कराया प्रसव
कानपुर में महिलाओं ने चादर का घेरा बनाकर एक गर्भवती का सड़क पर ही प्रसव कराया। दरअसल फजलगंज के चार खंभा स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने प्रसव पीड़ा से कराह रही महिला को बस वाला सड़क किनारे छोड़कर भाग गया।
पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी वहां पहुंची, लेकिन पुलिस वाले एंबुलेंस को सूचना देने या उनकी मदद करने के बजाय चले गए।
महिला को तड़पता देख आसपास की महिलाएं चादर और कपड़े लेकर पहुंचीं और चारों ओर घेरा बनाकर प्रसव कराया। प्रसव के बाद लोगों ने चंदा कर नाउन को नेग भी दिया।
देखें घटना का वीडियो
घाटमपुर के साढ़ गोपालपुर बरई निवासी सूरज गुजरात में एक टाइल्स फैक्ट्री में काम करता है। अपनी गर्भवती पत्नी पिंकी को वह गुजरात से बस से लेकर आ रहा था। कानपुर पहुंचने से पहले पिंकी को प्रसव पीड़ा हुई तो पति ने बस चालक से किसी अस्पताल लेकर चलने को कहा।
हालांकि बस चालक ने चार खंभा स्थित पेट्रोल पंप के सामने सूरज और उसकी पत्नी पिंकी को उतार दिया। दर्द के कारण पिंकी सड़क पर ही लेटकर तड़पने लगी। पंप के मैनेजर ने कर्मचारियों की मदद से पिंकी को परिसर में पहुंचाया। इस बीच आसपास के लोगों ने घरों से महिलाओं को बुलाया।
महिलाएं चादर और कपड़े लेकर पहुंचीं और प्रसव कराया। प्रसव के बाद नाउन 10 हजार रुपये नेग लेने पर अड़ गई तो आसपास के लोगों ने चंदाकर के उसे नेग दिया।
देखें वीडियो-