{"_id":"3431aa98-0852-11e2-a185-d4ae52ba91ad","slug":"wife-ran-with-her-lover-husband-got-jail","type":"story","status":"publish","title_hn":"इश्क में पत्नी प्रेमी संग फरार, पति को हुई जेल ","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
इश्क में पत्नी प्रेमी संग फरार, पति को हुई जेल
हाथरस/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 27 Sep 2012 08:49 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक विवाहिता अपने प्रेमी के साथ भाग गई और सजा भुगतनी पड़ी बेचारे पति को। महिला के मायके वालों की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति को जेल भेज दिया। पुलिस ने इस चर्चित मामले में अब उक्त विवाहिता के प्रेमी को पकड़ कर महिला को हिरासत में ले लिया है। पूरा का पूरा मामला किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है।
विज्ञापन
शहर के कंचन नगर निवासी अभिषेक अग्रवाल पुत्र अशोक अग्रवाल की शादी 31 अप्रैल, 2012 को मथुरा की रहने वाली भावना के साथ हुई थी। एक जून को अभिषेक अपनी पत्नी और कुछ मित्रों के साथ वैष्णो देवी गया था। ये लोग 3 जून को कटरा (जम्मू) में ठहरे। इसी बीच रात में भावना एकाएक लापता हो गई। इससे इन लोगों में खलबली मच गई। अभिषेक ने अपनी पत्नी की गुमशुदगी वहीं दर्ज कराई तथा उसे तलाशा भी, लेकिन वह नहीं मिली।
विज्ञापन
मामले ने दूसरा मोड़ उस समय ले लिया जब भावना के पिता मुरारीलाल ने 13 जून को कोतवाली हाथरस में अभिषेक सहित छह लोगों के खिलाफ यह रिपोर्ट दर्ज करा दी कि उसकी बेटी को ये लोग दहेज के लिए परेशान करते थे। इसी कारण इन लोगों ने उसकी बेटी को गायब कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अभिषेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अभिषेक अभी तक जेल में ही है। इस कांड से पूरा पर्दा बुधवार को उठा। पुलिस ने एक युवक राजवीर सिंह निवासी मथुरा को पकड़ कर उससे पूछताछ के बाद इस विवाहिता को भी जवाहर नगर भरतपुर से बरामद कर लिया।
विज्ञापन
सीओ सिटी आरपी सिंह के मुताबिक, राजवीर सिंह और भावना में चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। भावना राजवीर के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के लिए उसके घर जाती थी। भावना ने यह नहीं देखा कि राजवीर तीन बच्चों का बाप है और उम्र में उससे काफी बड़ा है। इतना ही नहीं, भावना और राजवीर ने एक मंदिर में जाकर शादी भी कर ली। इसी बीच परिजनों के दबाव में भावना की शादी अभिषेक से हो गई।
शादी के बाद भी भावना के सिर से इश्क का भूत नहीं उतरा। उसने अपने प्रेमी राजवीर से मिलने के लिए एक योजना बनाई। इसी योजना के तहत कटरा से भावना अपने पति को सोता छोड़कर वहां से भाग गई। वहां राजवीर पहले से ही मौजूद था। दोनों वहां से भागकर भरतपुर पहुंच गए और पति-पत्नी की तरह रहने लगे। वहीं दूसरी ओर शादी की सजा अभिषेक ने जेल जाकर भुगती। अब पूरे मामले का खुलासा करने के बाद पुलिस कोर्ट में भावना को पेश करेगी।
बिचौलिये ने जब मारे अपने सिर पर जूते
भावना की बरामदगी के बाद जब पूरा मामला खुला तो उस समय कोतवाली में अजीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब इस शादी को कराने वाले बिचौलिये ने खुद अपने सिर में जूते मारने शुरू कर दिए। उसका कहना था कि उसे यह नहीं मालूम था कि भावना ऐसी निकलेगी।