फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   News Archives ›   India News Archives ›   violence in gram panchayat election in uttar pradesh

पंचायत चुनाव में हिंसा, 4 मरे और दर्जनों घायल

Sun, 29 Nov 2015 08:16 AM IST
Updated Sun, 29 Nov 2015 08:16 AM IST
violence in gram panchayat election in uttar pradesh

ग्राम पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान शनिवार को ब्रज में जमकर उपद्रव हुआ। बूथ कैप्चरिंग भी हुई। एक केंद्र पर पर मतपत्र लूट लिए गए। पुलिस कर्मी भी पीटे गए। मारपीट और फायरिंग में एटा में एक तो मैनपुरी में दो लोगों की मौत हो गई। मथुरा में प्रधान पद के प्रत्याशी को गोली लगी है। यहां हमलावर एचसीपी और सिपाही को घायल कर उनकी रायफल भी ले गए।



एटा के अलीगंज ब्लाक के नगला जैथ में बूथ के पास रहने वाले ओमकार सिंह (65) की विरोधी प्रत्याशी के समर्थकों ने पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बिथरा-रायपुर मतदान केंद्रों पर प्रत्याशी समर्थकों के बीच कई राउंड फायरिंग से मतदान केंद्र पर सन्नाटा रहा। पहरा मतदान केंद्र में घुसकर उपद्रवी 460 बैलेट पेपर लूट ले गए। झकरई में हथियारबंद समर्थकों ने मतदान केंद्र पर कब्जा करने का प्रयास किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। यहां प्रत्याशी को हिरासत में ले लिया गया है।


जैथरा ब्लाक के लीलाधर गांव के मतदान केंद्र पर मारपीट में दो एजेंट घायल हो गए। पिंजरी गांव में मतदान केंद्र के दोनों बूथ पर कब्जा कर वोट नहीं डालने दिए तो ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। नगला बिजू, खिरिया नगरसर, नगला सुनरख मे प्रत्याशी के समर्थकों ने फायरिंग कर मतदान नहीं होने दिया। जैथरा ब्लॉक के एक मतदान केंद्र पर पुलिस और प्रत्याशी समर्थकों के बीच फायरिंग हुई। यहां पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन


ग्राम पंचायत चुनाव के पहले चरण में बिछवां थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तानगंज में प्रधान पद के प्रत्याशी कृष्ण कुमार उर्फ देवू और उमेश यादव उर्फ पप्पू में जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग में घायल लोगों को स्कार्पियो चालक रिंकू अस्पताल ले जा रहा था, हमलावरों ने पीछा कर चलती गाड़ी में गोली मार दी, जिससे रिंकू की मौत हो गई।

फायरिंग में घायल देवू के साले अजय पाल उर्फ भूरा की सैफई में उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि घायल देवू का उपचार चल रहा है। वहीं गंगापुर में मतदान केंद्र से बाहर निकालने पर मतदाताओं ने एक दारोगा का सिर फोड़ दिया। कुरावली के कूकामई में एक प्रत्याशी के समर्थकों ने मतदाताओं को वोट नहीं डालने दिया। इसके चलते वोटरों ने पुलिस को घेर कर घंटों प्रदर्शन किया।

गोली मारकर हत्या

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

मथुरा के चौमुंहा ब्लाक के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव सैनवा में मतदान के दौरान दो पक्ष भिड़ गए। फायरिंग में प्रधान पद के प्रत्याशी राजेश पहलवान को गोली लगी है। हमलावर मतदान केंद्र पर तैनात गोवर्धन थाने के एचसीपी ऊदल सिंह और सिपाही रामदेव को घायल कर उनकी रायफल भी ले गए। बाद में ग्रामीणों ने रायफल तो वापस करा दीं, लेकिन 15 कारतूस गायब थे। इस मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने शेरगढ़ थाने में राजेश पहलवान सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

आगरा के शमसाबाद के गांव एदमादपुर अजनेरा में शुक्रवार रात प्रधान पद के प्रत्याशी अवधेश कुमार (35) पुत्र राजवीर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट एमआर बंसल की सूचना पर अधिकारियों ने चुनाव स्थगित कर दिया। परिवारीजनों ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नगला शादी और इसौली में फर्जी मतदान होने पर फायरिंग हुई।

शमसाबाद के गांव टोंडरा में वोटर कार्ड मिलान के लिए घूंघट खोलकर मुंह दिखाने के लिए कहने पर जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। इस दौरान मतदान एक घंटे बाधित रहा। ग्राम करौंधना खुर्द में एक युवती को फर्जी मतदान करते हुए पकड़ा गया है। उसके पास से पहले से मुहर लगे मतपत्र बरामद किए गए हैं। फतेहाबाद के बिचोला गांव में एक प्रत्याशी के समर्थकों ने पोलिंग बूथ पर फायरिंग कर दी। तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। निबोहरा में पोलिंग बूथ पर मतदान समाप्त होने से कुछ मिनट पहले फायरिंग हो गई। दो लोग गोली लगने से घायल हो गए।

मतदान के बाद दो पक्षों में फायरिंग

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

खंदौली के गांव खड़िया में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद होने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। जबकि खंदौली में फर्जी मतदान करने पर हंगामे के बाद पुलिस ने दो प्रत्याशियों को हिरासत में ले लिया।

फीरोजाबाद जिले के जसराना के दारापुर मिलावली में ग्रामीणों ने गड़बड़ी का आरोप लगाते सेक्टर मजिस्ट्रेट का घेराव हुए हंगामा और पथराव किया। एसडीएम टूंडला और सीओ ने ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।

ग्रामीण रिपोलिंग की मांग कर रहे थे। फरिहा थाना क्षेत्र के कौरारी सरहद में मतदान के बाद दो पक्षों में फायरिंग हुई। इसमें महावीर पुत्र बादशाह निवासी कोरारी सरहद और ब्रजेश घायल हो गया। अरांव के सरसौली में दो पक्षों में पथराव में कई घायल हुए। नसूपुर सजैती, धरमई में भी विवाद हुआ। हाथवंत ब्लाक के अगौधा में आधा घंटे तक पथराव हुआ। कई स्थानों पर नाबालिग वोटरों को पुलिस को सौंपा वहीं कइयों के आईकार्ड जब्त कर लिए गए।

एसपी देहात अजय कुमार पांडेय ने बताया कि सैनवा में मतदान के दौरान हुए झगड़े में राजेश पहलवान को गोली लगी है। प्रधान प्रत्याशियों और समर्थकों द्वारा पुलिस पर हमला, राइफल और कारतूस लूटने के मामले में तीन लोगों को नामजद किया है। पुलिसकर्मियों के 15 कारतूस गायब हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ छाता और एसओ शेरगढ़ के नेतृत्व में दो टीम दबिश दे रही हैं।

प्रधान प्रत्याशी को लगी गोली, दरोगा का सिर फोड़ा

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

थाना शेरगढ़ के गांव सैनवा में शनिवार को मतदान के दौरान प्रधान पद के दो प्रत्याशी और उनके समर्थक भिड़ गए। फायरिंग में एक प्रत्याशी को गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद समर्थकों ने पुलिसकर्मियों से राइफल छीन लीं और उन्हें पीटा। एक दरोगा का सिर फोड़ दिया। बवाल के चलते एक घंटे तक बूथ पर मतदान बाधित रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और पीएसी की मौजूदगी में वोट डाले गए। पुलिस ने घायल प्रत्याशी को गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट ने दो प्रत्याशी सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

चौमुंहा ब्लाक के गांव सैनवा में कुल 3600 वोट हैं। इसमें 600 वोट एक जाति और 3000 वोट दूसरी जाति के हैं। गांव से प्रधान पद के लिए राजेश पहलवान, साधना शर्मा, प्रेमचंद, बबलू आदि प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। शनिवार को सुबह नौ बजे प्राथमिक विद्यालय सैनवा स्थित मतदान केंद्र पर कुछ किशोर वोटर पर्ची और पहचान पत्र लेकर वोट डालने पहुंचे। उन्हेंवोट देने से रोकने के लिए राजेश पहलवान और साधना शर्मा के समर्थकों से टकराव हुआ। बताया गया है कि 9:30 बजे एक वोटर बिना पहचान पत्र के बूथ पर वोट डालने पहुंचा तो उसे साधना समर्थकों ने रोक दिया।

राजेश पहलवान पक्ष के लोग उसका वोट डलवाने पर आमादा था। मामला पीठासीन अधिकारी के पास पहुंचा तो पीठासीन अधिकारी ने भी वोट डलवाने से मना कर दिया। आरोप है कि इस पर प्रत्याशी के समर्थकों ने पीठासीन अधिकारी को धक्का दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस बीच-बचाव के लिए आई तो समर्थक उनसे भी भिड़ गए। इस दौरान चली गोली राजेश पहलवान की जांघ में लगी। इसके बाद समर्थकों की भीड़ ने सिपाहियों की राइफल और कारतूस छीन लिए। भीड़ ने सिपाही, दरोगा और होमगार्ड की जमकर पिटाई की। इससे मतदान केंद्र पर भगदड़ मच गई और लोग बिना वोट डाले भाग गए।

सूचना पर सेक्टर मजिस्ट्रेट वीरपाल सिंह, एसपी देहात अजय कुमार, एसडीएम छाता राम अरज यादव, सीओ छाता पीयूष कुमार सिंह, क्लस्टर दस्ता और अन्य अधिकारी पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक प्रत्याशियों के समर्थक भाग गए थे। इसके बाद अधिकारियों और पीएसी की मौजूदगी मतदान संपन्न कराया गया। पुलिसकर्मियों से छीनी राइफल गांववासियों के हस्तक्षेप के बाद वापस मिल गईं लेकिन 15 कारतूस गायब थे। मामले में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने प्रधान पद के दो प्रत्याशी राजेश पहलवान, बबलू और संजय नाम के व्यक्ति के खिलाफ थाना शेरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीनों पर पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और सरकारी हथियार छीनने का आरोप है।

गोली लगने से घायल हुए सैनवा के प्रधान पद के प्रत्याशी राजेश शर्मा का आरोप है कि मतदान कें द्र पर साधना शर्मा के समर्थन में गड़बड़ी कराई जा रही थी। उन्हें बूथ से बाहर निकालने के दौरान समर्थकों में मारपीट हुई। उसी दौरान गोली चली। राजेश ने कहा कि गोली किसने चलाई यह पता नहीं है। मामले में पुलिस ने राजेश पहलवान को माहेश्वरी अस्पताल में इलाज के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। अस्पताल में गोविंद नगर पुलिस की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।

शमसाबाद के गांव एदमादपुर अजनेरा में शुक्रवार रात प्रधान पद के प्रत्याशी अवधेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट एमआर बंसल की सूचना पर अधिकारियों ने चुनाव स्थगित कर दिया। अवधेश कुमार (35) पुत्र राजवीर सिंह को रात लगभग 12 बजे किसी ने फोन करके मढ़ैया नक्टा पर बुलाया था। वहां पहुंचने पर पीछे से आई बोलेरो में सवार युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। परिवारीजनों ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नगला शादी और इसौली में फर्जी मतदान होने पर फायरिंग हुई। शमसाबाद के गांव टोंडरा में वोटर कार्ड मिलान के लिए घूंघट खोलकर मुंह दिखाने की कहने पर जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। इस दौरान मतदान एक घंटे बाधित रहा।

ग्राम करौंधना खुर्द में एक युवती को फर्जी मतदान करते हुए पकड़ा गया है। उसके पास से पहले से मुहर लगे मतपत्र बरामद किए गए हैं। फतेहाबाद के बिचोला गांव में एक प्रत्याशी के समर्थकों ने पोलिंग बूथ पर फायरिंग कर दी। तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए। निबोहरा में पोलिंग बूथ पर मतदान समाप्त होने से कुछ मिनट पहले फायरिंग हो गई। दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। खंदौली के गांव खड़िया में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद होने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। जबकि खंदौली में फर्जी मतदान करने पर हंगामे के बाद पुलिस ने दो प्रत्याशियों को हिरासत में ले लिया।

परिचय पत्र छीने और मतदान नहीं करने दिया

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

हाथरस जिले में ग्राम प्रधानी के पहले चरण का चुनाव हिंसक घटनाओं के बीच निपट गया। सिकंदराराऊ और हसायन ब्लॅक में कुल 71.54 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। सिकंदराराऊ में 70.80 फीसदी और हसायन ब्लॅक में 72.28 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले। पोरा में इस बार भी दबंगों ने वोटरों के साथ मारपीट कर परिचय पत्र छीने और मतदान नहीं करने दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि दबंगों ने फायरिंग भी की और महिला और निशक्तों को भी नहीं बख्शा गया। सिकंदराराऊ में वोट डालने आए एक ग्रामीण की मतदान से एक दिन पूर्व गला घोंट कर हत्या कर दी गई।

आरिफपुर-भोगपुर मतदान केंद्र पर अलीगढ़ जिले के लोगों के वोट डालने पर काफी हंगामा हुआ। लिहा-आलमपुर में बाहरी लोगों के मतदान करने पर हंगामा हुआ। पुलिस ने 12 से ज्यादा लोगों को मतदान केंद्रों के आसपास से गिरफ्तार कर लिया। इटरनी और नावली में बाहरी लोगों की भीड़ मतदान केंद्र के अंदर घुस गई, जिसे अधिकारियों ने खदेड़वाया।

ग्राम पंचायत चुनाव के पहले चरण में बवाल के बीच शनिवार को इलाहाबाद में 65.31 फीसदी मतदान हुआ। वहीं, प्रतापगढ़ में 63.09 और कौशाम्बी में 66.5 फीसदी वोट पड़े। इलाहाबाद के उरुवा ब्लॉक में बूथ लूटने की कोशिश पर पुलिस ने फायरिंग कर दी। उपद्रवियों ने दरोगा और पीठीसीन अधिकारी से मारपीट की। करछना की कई ग्राम पंचायतों में फर्जी मतदान को लेकर मारपीट हुई। इसमें दो लोगों का सिर फूट गया और एक की गिरफ्तारी हुई। कोरांव में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कीडगंज थाने के हेड कांस्टेबल प्रोन्नत (एचसीपी) अजय कुमार राय की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

यमुनापार के मेजा, उरुवा, कोरांव, मांडा और करछना ब्लॉक में ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतदान शनिवार सात बजे शुरू हुआ। सुबह से ही बूथों पर वोटरों की लाइन लग गई। दोपहर बाद लाइन के साथ राजनीतिक पारा भी बढ़ने लगा। उरुवा के डोहरिया बूथ पर दोपहर कुछ लोग अचानक पहुंचे और मतपेटिका लूटने की कोशिश की। बूथ पर तैनात दरोगा आलोक सिंह यादव ने उन्हें रोका तो दरोगा की पिटाई कर दी गई। पीठासीन अधिकारी से भी मारपीट की गई। दरोगा ने हवाई फायरिंग की तो उपद्रवी भाग खड़े हुए। बाद में पहुंची फोर्स ने बूथ के आसपास घूमते कई लोगों पर लाठियां बरसाईं और उन्हें वहां से खदेड़ा।

सूचना पर डीएम संजय कुमार और एसएसपी केएस इमैनुएल भी मौके पर पहुंचे। वहीं, करछना की केचुहा ग्राम पंचायत में फर्जी वोटिंग को लेकर हुई मारपीट में शिवदर्शन यादव और एक अन्य व्यक्ति का सिर फूट गया। मामले में पुलिस ने तारा यादव को गिरफ्तार किया। कोरांव की बदौर, बिरहा और भगेसर ग्राम पंचायत में भी फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस को वहां भी लाठियां भांजनी पड़ीं। कौशाम्बी के  पाटा, बरलहा, बरई सुलेम में फर्जी वोटिंग पर दो पक्षों में भिड़ंत हुई। पाटा में लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर पथराव किया। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

खूनी संघर्ष में आठ लोग घायल हो गए

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

छिटपुट घटनाओं बीच पहले चरण में प्रधानी के लिए बरेली मंडल के चारों जिलों और लखीमपुर खीरी में खराब मौसम के बावजूद जमकर मतदान हुआ। बदायूं के सहसवान ब्लाक के गांव दरियापुर में मतदान के दौरान दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच फायरिंग और पथराव हुआ। खूनी संघर्ष में आठ लोग घायल हो गए। मौके पर भारी तादाद में पुलिस बल पहुंच गया। इस घटना के चलते मतदान केंद्र पर करीब आधे घंटे तक बवाल हुआ। दोनों पक्ष लगा रहे एक-दूसरे पर बूथ कैप्चरिंग की कोशिश करने का आरोप लगाया है। दहगवां ब्लाक के गांव खनू नगला और गदकी में भी मतदान केंद्र पर फायरिंग की घटना हुईं। इनमें सात लोगों के घायल होने की खबर मिल रही है। सहसवान के ही गांव जोनेरा में फर्जी पहचान पत्र पकड़े गए।

बरेली जिले में नवाबगंज के ईंध जागीर में फर्जी वोटर आईडी को लेकर आरोप प्रत्यारोप लगे और एक पक्ष ने बूथ पर जमकर पथराव किया। घटना स्थल पर डीएम और एसएसपी ने पहुंचकर जायजा लिया। इस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है। शाहजहांपुर में पुवायां के गांव नगरिया प्रयागपुर में प्रधान पद की दावेदार किरन सिंह के पति अवधेश सिंह ने पुवायां के कोतवाली प्रभारी पर दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में बूथ कैप्चरिंग कराने, एजेंटों को पीटकर भगा देने और घर में तोड़फोड़ का आरोप लगाते हुए डीआईजी सहित तमाम अधिकारियों से शिकायत की है।

सीओ ने आरोप गलत बताए हैं। बंडा के गांव नटिउरा, सिंधौली के गांव बिलंदापुर सहित कई बूथों पर फर्जी वोट डलवाने के विवाद में हंगामा हुआ। पुवायां के गांव मझिगवां में एक साइवर कैफे पर फर्जी आधार कार्ड बनाए जाते रहे और उनसे वोट भी डाले गए। एक प्रत्याशी ने मामला पकड़ा तो कैफे स्वामी दुकान बंद कर भाग निकला।

मतदान प्रतिशत
लखीमपुर खीरी---83 प्रतिशत
बरेली----82.84 प्रतिशत
पीलीभीत----82.5 प्रतिशत
शाहजहांपुर----76.56 प्रतिशत
बदायूं-----74 प्रतिशत

पांच जिलों में बवाल

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

बुंदेलखंड के पांच और सेंट्रल यूपी के सात जिलों में शनिवार को ग्राम प्रधान व सदस्य पद के लिए पहले चरण की वोटिंग हुई। इस दौरान बांदा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, फतेहपुर में बवाल हुए। कुछ जिलों में मतदान में व्यवधान भी पड़ा। इस दौरान हरदोई में पूर्व ब्लाक प्रमुख समेत 11 लोग गिरफ्तार हुए। धांधली व अन्य कारणों से कुछ अन्य जिलों में भी लोग पकड़े गए। बाकी जिलों में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण रहा।

बांदा के बड़ोखर और महुआ ब्लाकों में 70 फीसदी वोट पड़े। बड़ोखर खुर्द में 72 और महुआ में 69 फीसदी मतदान हुआ। महुआ ब्लाक के सरस्वाह गांव में मतदान केंद्र में पीठासीन अधिकारी और मतदान कर्मचारियों को कुछ लोगों ने पीट दिया। उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस ने हवाई फायर भी किए। हालांकि पुलिस अधिकारी फायरिंग से इनकार कर रहे हैं। गिरवां थानाध्यक्ष चौधरी रमेश सिंह ने बताया कि मतदान केंद्र के बाहर दो प्रत्याशियों के बीच मारपीट हुई। वहां पहुंचे तो मारपीट करने वाले जा चुके थे।

चित्रकूट के मऊ और रामनगर ब्लाकों में प्रधान पद के 97 व 1235 सदस्य पदों के लिए 71 प्रतिशत मतदान हुआ। हमीरपुर के दो विकासखंडों में 79.08 फीसदी मतदान हुआ। इसमें मुस्करा ब्लाक में 76.15 प्रतिशत और राठ में 83.5 प्रतिशत वोट पड़े। राठ के इकठौर मतदान केंद्र पर एक घंटे तक मतदान रुका रहा, क्योंकि यहां प्रधान पद के तीन प्रत्याशी होने के बावजूद चार प्रत्याशियों के नाम थे। बाद में अधिकारियों ने एक चुनावचिह्न को मतपत्र से हटाकर मतदान शुरू कराया। महोबा के कबरई विकासखंड में छुटपुट घटनाओं के बीच 89.7 फीसदी वोट पड़े। खन्ना के प्राथमिक विद्यालय में जांच के दौरान एक एजेंट पर शक होने पर तलाशी ली गई तो रुपये बरामद हुए। जिलाधिकारी के निर्देश पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जालौन के तीन ब्लाकों रामपुरा, माधौगढ़ और गुठौंद में शाम पांच बजे तक कुल 74.17 फीसदी मतदान हुआ। माधौगढ़ में 73.26, रामपुरा में 77.01 और कुठौंद ब्लाक में 72.24 फीसदी वोट पड़े। माधौगढ़ व कुठौंद क्षेत्र में फर्जी मतदान का प्रयास हुआ। माधौगढ़ के सरावन गांव में वोटरों को राशन कार्ड के विकल्प पर मतदान नहीं करने दिया गया। सरावन गांव में राशन कार्ड के विकल्प से वोट नहीं डालने देने पर पीठीसीन अधिकारी व मतदाता में कहासुनी हुई। सड़क की मांग को लेकर डेलपुरा गांव के ग्रामीणों ने चार घंटे तक मतदान का बहिष्कार किया। एसडीएम ने ग्रामीणों को समझाकर मतदान कराया। मतदान के बाद सोनेपुरा गांव की 70 वर्षीय फूलारानी की मतदान केंद्र परिसर में ही मौत हो गई। कुरेपुरा व सूपा गांव में फर्जी वोटिंग को लेकर एजेंटों ने एतराज जताया।

पुलिस ने लोगों को लाठियां पटककर खदेड़ दिया

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

इटावा के भरथना व ताखा ब्लाक में 75 प्रतिशत मतदान हुआ। भरथना के रमायन व कर्वा तथा जबरपुरा ग्राम पंचायत में भीड़ अधिक होने से शाम साढ़े पांच बजे तक वोटिंग जारी रही। ताखा में साढ़े चार बजे तक सभी बूथों पर मतदान पूर्ण हो गया। कंट्रोल रूम पर इक्का दुक्का स्थानों से विरोधियों द्वारा वोट न डालने का दबाव बनाने की बात सामने आई, जिस पर इसकी सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस को दी गई। औरैया के एरवाकटरा और बिधूना ब्लाकों में 77.40 वोट पड़े। एरवाकटरा में 74.18 और बिधूना में 77.29 फीसदी वोट पड़े।

फर्रुखाबाद के नवाबगंज में 74.23 तो कायमगंज में 72.54 फीसदी मतदान हुआ। 1687 प्रधान और 1219 सदस्य पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 13 दिसंबर को होगा। कायमगंज के घसिया चिलौली मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग को लेकर पथराव हो गया। गिर्द मतदान केंद्र पर चुनाव लड़ रहीं चचेरी बहने आपस में भिड़ गईं। मऊरशीदाबाद में फर्जी वोटिंग को लेकर उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच पथराव व फायरिंग हुई। मीरपुर मतदान केंद्र पर पुलिस की लाठी से आकाश का हाथ टूट गया। यहां पुलिस ने गांव में घर के बाहर पड़ी चारपाइयों को तोड़ दिया। ब्लाक नबावगंज में बलीपुर में फर्जी पहचानपत्र बनाने की एजेंट की शिकायत पर पुलिस ने एक युवक के घर से लैपटॉप, प्रिंटर बरामद किया। यहां नाजायज असलाह की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व प्रधान के घर छापा मारा। नगला केल में फर्जी वोट डालने की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने लोगों को लाठियां पटककर खदेड़ दिया।

कन्नौज जिले के विकासखंड जलालाबाद व कन्नौज में 77.68 फीसदी वोट पड़े। कन्नौज में 78.21 व जलालाबाद में 77.16 फीसदी मतदान हुआ। रंगियनपुरवा मतदान केंद्र पर फर्जी वोटिंग को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में हवाई फायरिंग से हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक अधिवक्ता समेत आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। जलालपुर पंचमा में एक प्रत्याशी के एजेंट को पुलिस ने फर्जी वोटिंग के लिए उकसाने पर पकड़कर कोतवाली भिजवाया।

हरदोई के पांच विकास खंडों में 74 फीसदी मतदान हुआ। कुछ केंद्रों पर फर्जी वोटिंग पर विवाद भी हुआ। अरवल थाना क्षेत्र में प्रधान पद की प्रत्याशी कमला देवी के पक्ष में मतदान के लिए प्रलोभन देने और उस पर हमला करने के मामले में पूर्व ब्लाक प्रमुख महेंद्र यादव समेत 11 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। फतेहपुर में मलवा, देवमई, खजुहा व अमौली ब्लाक के 457 मतदान केंद्रों पर 73.7 प्रतिशत वोट पड़े। शुक्रवार देर रात मलवा के गुनीर गांव में एक जिला पंचायत सदस्य पर हमला, दोनों प्रत्याशी पक्ष के जुटने पर मारपीट, हवाई फायरिंग से स्थिति तनावपूर्ण रही। सुबह इसी मुद्दे पर रोड जाम के दौरान पुलिस पर भी पथराव हुआ। फोर्स ने हालात संभाले।

उन्नाव के चार विकास खंजों सफीपुर, हसनगंज, मियागंज व सरोसी में छुटपुट घटनाओं के बीच 73.5 फीसदी मतदान हुआ। दिन भर फर्जी वोटिंग की अफवाहों का दौर चला। इससे पुलिस को खासी भागदौड़ करनी पड़ी। पुलिस ने कई मतदान केंद्रों पर मजमा लगाए लोगों को खदेड़ा। आईडी के अभाव में कई मतदान केंद्रों से मतदाताओं को वापस कर दिया गया। मतदान समाप्त होने तक सफीपुर ब्लाक में 68, हसनगंज में 75, मियागंज में 74 तथा सरोसी में 69 प्रतिशत वोट पड़े। शुक्लागंज में 69 फीसदी वोट पड़े।

वोट डलवाने, भोजन बांटने पर हुआ बवाल, फायरिंग

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

पंचायत चुनाव के दौरान सरसावा क्षेत्र के कई गांवों में हंगामे हुए। ढिक्का गांव में जबरन वोट देने का दबाव बनाने को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए। फायरिंग हुई। सोराना में मतदान कर्मियों को भोजन देने और पहलवानपुर में मृतक की वोट डालने को लेकर दो पक्ष उलझे। करीब 87 फीसदी मतदान हुआ। ब्लॉक के अतिसंवेदनशील श्रेणी के यमुनापार हरियाणा में पड़ने वाले ग्राम ढिक्का में सुबह करीब 10 बजे मतदाताओं को वोट डालने से रोकने पर विवाद हो गया।

एक पक्ष के प्रदीप, बिजन, बाबू, रवि आदि ने बताया कि निवर्तमान प्रधान के समर्थक प्रत्याशी के परिजनों ने उन्हें मतदान स्थल के बाहर रोका और अपने पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि वह अपनी पंसद के प्रत्याशी को ही वोट देंगे, इस बात पर उन्होंने उनके साथ जमकर मारपीट की। इसमें वह तीनों घायल हो गए। आरोप है कि इसके बाद उन्हें डराने के लिए जमकर फायरिंग की जिसे लेकर हंगामा हो गया। गुस्साए लोगों ने मतदान का बहिष्कार करते हुए मतदान केंद्र के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। जिसके बाद दोनो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। विवाद के कारण सुबह करीब साढे़ 10 बजे मतदान बंद हो गया। इसकी सूचना पर एसओ सरसावा और एसपी ट्रेफिक ओमवीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और वहां जमा भीड़ को खदेड़कर मतदान शुरू कराया। करीब 15 मिनट मतदान रुका रहा।

प्रदीप ने आरोप लगाया कि उन्होने एक पक्ष द्वारा गुंडई करने की सूचना पुलिस को पहले दे दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्यवाही नही की। उधर एसपी ट्रैफिक ओमवीर सिंह ने फायरिंग की बात से इन्कार किय्रा लेकिन पीड़ित पक्ष पुलिस के सामने भी अपनी बात पर डटा रहा। इसके अलावा ग्राम सोराना में पोलिंग बूथ के अंदर जाकर मतदान कर्मियों को भोजन देने को घुसे प्रधान समर्थकों को पुलिस ने खदेड़ दिया। इसे लेकर प्रधान समर्थक और एसओ सरसावा समर्थकों मे जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस के सख्त पड़ने पर माहौल शांत हुआ। ग्राम पहलवानपुर में किसी ने एक मृतक की वोट डाल दी। इसका पता चलने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसे पुलिस ने पहुंचकर शांत किया। एसडीएम सदर ने बताया कि अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार ब्लॉक में करीब 87 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। देर रात तक ही स्थिति स्पष्ट होगी।

मुजफ्फरनगर में 73 फीसदी मतदान

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

जिले के कूकड़ा और पुरकाजी ब्लाक में प्रथम चरण का मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ। मंसूरपुर के संधावली गांव में दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में एक युवक घायल हो गया। गांव में तनाव को देखते हुए आरएएफ तैनात कर दी गई। डीएम निखिलचंद्र शुक्ला एवं एसएसपी केबी सिंह ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। जिले के कूकड़ा ब्लाक में 72 और पुरकाजी में 74 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान को लेकर सुबह से ही लोगों में जोश था। ठंड और बादलों के आकाश में छाए रहने के बाद भी बूथों पर वोटरों की लाइन लगी रही। हालांकि शहर से सटे बड़े गांवों में कम संख्या वाले गांवों की अपेक्षा कम मतदान हुआ।

बिजनौर में रिकॉर्ड 77.09 प्रतिशत मतदान
ग्राम पंचायत का पहले चरण का चुनाव जिले में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। पहले चरण के लिए ब्लॉक कोतवाली देहात, नजीबाबाद और किरतपुर में 77.09 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान हुआ। मतदान करने के लिए आखिरी समय तक मतदान केंद्रों पर वोटरों की लाइन लगी रही। ब्लॉक नजीबाबाद के गांव लाहक कला में प्रधान पद प्रत्याशी के पुत्र ने वोटर आईडी मांगने पर एक पुलिसकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। वहीं, गांव शाहपुर के इरफान की हत्या की सही जांच न करने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर मतदान किया। शेखपुर गढू मतदान केंद्र पर 400 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में दो दो बार आ जाने से हंगामा हुआ। एडीएम प्रशासन राममूर्ति मिश्रा ने मामला शांत कराया।

बागपत में 77.6 प्रतिशत हुआ मतदान
बागपत। पंचायत चुनाव के पहले चरण में खेकड़ा में 78.85 प्रतिशत और पिलाना में 76.36 प्रतिशत वोटिंग हुई। दोनों विकास खंडों में कुल 77.6 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान ग्राम बरसिया में जिला पंचायत के प्रत्याशी रहे फखरुद्दीन को पिस्टल लेकर बूथ में घुसने पर गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, ग्राम लुहारी में फर्जी वोटर आईडी बनाते चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। सिंघावली में सीओ से उलझ रहे प्रधान के पति सतवीर यादव सहित तीन लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

पूर्वांचल में पंचायत चुनाव में पथराव, हंगामा

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

पूर्वांचल के जिलों में शनिवार को प्रधान और सदस्य पद के लिए हुए मतदान में पथराव और हंगामा हुआ। मिर्जापुर में फर्जी मतदान को लेकर अघौली में पथराव में नगर मजिस्ट्रेट आनंद कुमार जख्मी हो गए।

जौनपुर के उटरूखुर्द बूथ पर महिला की पिटाई के बाद ग्रामीणों ने पथराव कर एसडीएम की जीप क्षतिग्रस्त कर दी। इसमें एक सिपाही समेत दो लोगों का सिर फूट गया।

शाहगंज के गोड़िला में बसपा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रामअवध भारती की पिटाई कर दी गई। आजमगढ़ में फर्जी वोटिंग को लेकर फिरुद्दूपुर में ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। बसगीत गांव में पीठासीन अधिकारी की लोगों ने पिटाई कर दी। रानी की सराय में एक एजेंट तमंचा लेकर बूथ के अंदर पहुंच गया।

चार मतदानकर्मियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया

violence in gram panchayat election in uttar pradesh

प्रत्याशी के पक्ष में वोट डलवाने के आरोप में चार मतदानकर्मियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सोनभद्र के बढ़ौली में फर्जी वोटिंग के आरोप में एक युवक पकड़ा गया। बलिया में रजमलपुर में फर्जी मतदान पर पीठासीन अधिकारी और एजेंटों में मारपीट से  45 मिनट मतदान बाधित रहा। मऊ के नसीराबाद खुर्द केंद्र पर फर्जी मतदान पर मारपीट में 12 घायल हो गए।

पिता के लिए वोट कवलपुरमाफी में कस्टम इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। कवलपुरमाफी में एक प्रत्याशी का पुत्र कस्टम विभाग में दिल्ली में निरीक्षक है। वह सुरक्षा बलों पर फर्जी मतदान का दबाव बना रहा था। समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीएम सुरेंद्र विक्रम ने कहा कि कस्टम इंस्पेक्टर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए विभाग को पत्र लिखा जाएगा।


पूर्वांचल के जिलों में वोटिंग प्रतिशत
वाराणसी---67
मिर्जापुर--75
जौनपुर---66.68
सोनभद्र---68
बलिया----66.75
आजमगढ़----65.43
मऊ---70
गाजीपुर---64.5
चंदौली--82
भदोही--66.36

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed