मिसाल: दो समुदायों ने चंदे से बनवाया तोड़ा गया धर्मस्थल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में पीलीभीत के न्यूरिया क्षेत्र के गांव मोहनपुर में एक धार्मिक स्थल को तोड़कर असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की लेकिन गांव के दोनों समुदाय के लोगों ने भाईचारा दिखाकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों समुदायों से चंदा इकट्ठा किया गया और धर्मस्थल का दोबारा निर्माण करा दिया गया। इस दौरान गांव में कहीं तनाव की छाया तक नहीं नजर आई। ग्राम प्रधान के पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धर्मस्थल तोड़ने की रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहनपुर गांव में मुस्लिम सुमदाय के करीब 15 परिवार हैं। गांव के बाहर प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल हैं, जिनके पास में ही दोनों समुदायों के धार्मिक स्थल हैं। बुधवार की रात असामाजिक तत्वों ने एक समुदाय के धार्मिक स्थल को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था।
बृहस्पतिवार सुबह गांव के लोगों को इसका पता लगा तो दोनों समुदायों के लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। ग्राम प्रधान के पति शिवलाल ने घटना की सूचना एसओ दलवीर सिंह को दी। कुछ ही देर बाद एएसपी सुधीर कुमार सिंह, एसडीएम सदर सुरेंद्र बहादुर यादव और सीओ निर्मल कुमार बिष्ट आदि अफसर कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
आनन-फानन में जुटाया चंदा
अफसर कुछ करते, इससे पहले ही दोनों समुदायों के लोगों ने फैसला लिया कि तोड़े गए धर्मस्थल का वे आपस में चंदा कर दोबारा निर्माण कराएंगे। सकारात्मक पहल होते देख अफसरों ने राहत की सांस ली। आनन-फानन में चंदा इकट्ठा किया गया।
इसके बाद दोनों समुदायों के लोग फावड़े लेकर धर्मस्थल का पुनर्निर्माण करने में जुट गए। अफसरों ने भी चंदा दिया और निर्माण पूरा होने तक मौके पर ही डटे रहे। गांव वालों ने अफसरों से इतनी मांग जरूर की कि बदअमनी फैलाने की कोशिश करने वालों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।
गांव में दोनों समुदायों के बीच कभी मनमुटाव नहीं हुआ। कुछ असामाजिक तत्वों ने दोनों समुदायों के बीच जहर घोलने का काम किया है। पुलिस ऐसे लोगों को बेनकाब कर कड़ी कार्रवाई करे।
- शिवलाल, ग्राम प्रधान के पति
गांव में किसी तरह का कोई तनाव नहीं हैं। दोनों समुदायों के बीच जो भाईचारा देखने को मिला वह काबिले तारीफ है। ग्राम प्रधान के पति की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुराफातियों की तलाश कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
- सुधीर कुमार सिंह, एएसपी