{"_id":"9e2c0c37b08061b6302df27e97ac7ecb","slug":"two-died-in-car-accident-hindi-news-rk","type":"story","status":"publish","title_hn":"कार पेड़ से टकराई, इंजीनियर समेत दो की मौत","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
कार पेड़ से टकराई, इंजीनियर समेत दो की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला, घाटमपुर (कानपुर)
Updated Thu, 02 Oct 2014 10:10 PM IST
विज्ञापन
कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र के बेंदा गांव के पास मुगल रोड पर गुरुवार को एक राहगीर को बचाने के चक्कर में कार पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में कार सवार एक इंजीनियर समेत दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि, एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
विज्ञापन
विप्रो कंपनी (गुड़गांव) में इंजीनियर अजय (28) पुत्र रामवीर सिंह निवासी नई आबादी, कृष्णा कालोनी सिकंदरा (आगरा), सपना सिंह (24) पुत्री एसके सिंह निवासी तेलियारगंज (इलाहाबाद), देवेंद्र (29) पुत्र रामसेवक निवासी ग्राम असगहा सजेती (कानपुर) और अश्वनी (27) पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गली नंबर 10, प्रभात नगर (मेरठ) एक कार में सवार होकर सपना सिंह को दशहरे त्योहार में उसके घर इलाहाबाद छोड़ने जा रहे थे।
विज्ञापन
गुरुवार की सुबह तकरीबन सात बजे के वह मुगल रोड के बेंदा और नवेड़ी गांवों के बीच पहुंचे। तभी दक्षिणी नोन नदी के पुल के पास जा रहे एक राहगीर को बचाने के चक्कर में चालक ने गाड़ी की स्टेयरिंग अचानक एक ओर मोड़ दी। जिससे तेज रफ्तार कार राहगीर को रौंदती हुई अनियंत्रित होकर रोड के किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
विज्ञापन
हादसे में अज्ञात राहगीर के अलावा कार सवार इंजीनियर अजय (28) की मौत हो गई। जबकि, सपना सिंह, देवेंद्र और अश्वनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने गांववालों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां अजय एवं अज्ञात राहगीर को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि, तीनों घायलों को हैलट अस्पताल कानपुर रेफर किया गया है।