खबरें सुपरफास्ट: सिर्फ 10 मिनट में दिनभर की सुर्खियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे का मीडिया पर हमले से जुड़ा बयान अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि दूसरे केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
खुर्शीद ने मोदी पर यह हमला इशारों-इशारों में किया, लेकिन निशाना साफ था। उन्होंने मोदी का नाम लिए बिना कहा कि जो शख्स देश का प्रधानमंत्री बनना चाहता है, उसने 2002 के दंगों के दौरान क्यों कुछ नहीं किया?
कांग्रेसी नेता ने कहा, "कुछ लोग आए, हमला किया और चले गए। और आप कुछ नहीं कर सके। क्या आप मजबूत आदमी नहीं हो?" खुर्शीद का हमला यहीं नहीं रुका। उन्होंने इसके आगे आपत्तिजनक शब्द इस्तेमाल किए।
उन्होंने कहा, "आपको (मोदी) लोगों का मारने का गुनाहगार क्यों न माना जाए...हमारा आरोप है कि तुम नपुंसक हो। आप हत्यारों को नहीं रोक सके।" यह बयान आते ही भाजपा आक्रामक हो गई।
12 साल बाद एनडीए में होगी पासवान की वापसी!
एलजेपी सुप्रीमो रामविलास पासवान ने कहा है कि कांग्रेस गठबंधन पर फैसला करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही थी, इसलिए पार्टी के संसदीय दल ने विकल्पों पर गौर करना शुरू कर दिया और कुछ सदस्यों ने भाजपा से हाथ मिलाने की सलाह दी है।
रामविलास पासवान का कहना है कि संसदीय दल के कुछ सदस्यों ने लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल के साथ गठबंधन करने पर एतराज जताया है। उन्होंने कहा, "हमें मजबूत गठबंधन की जरूरत है, क्योंकि चुनाव करीब आ रहे हैं।"
यह पूछने पर कि क्या भाजपा से हाथ मिलाने के लिए अपनी तैयारी दिखाकर उन्होंने धर्मनिरपेक्षता के मुद्दे पर अपना रुख बदल दिया है, पासवान ने कहा, "मेरी पार्टी ने हमेशा इस मुद्दे पर स्टैंड रखने को लेकर नुकसान झेला है। हम धर्मनिरपेक्षता पर कोई समझौता नहीं करेंगे। जब स्टैंड लेने का वक्त आया था, मैं एनडीए से निकल गया था।"
कयास लगाए जा रहे हैं कि एलजेपी 12 साल के बाद एनडीए में फिर शामिल होने के लिए अब यूपीए का साथ छोड़ सकती है, क्योंकि भाजपा ने बिहार में उन्हें लड़ने के लिए आठ सीटों का वादा किया है।
छींकने से टूट जाती हैं लड़की की हड्डियां
क्या आपने कभी फ्रैक्चर का दर्द सहा है? जवाब होगा हां एक बार या शायद कभी नहीं।
लेकिन झारखंड की सिर्फ चार साल की जैनब इकबार 31 बार इस दर्द को झेल चुकी है। जी हां महज 4 साल की जैनब इकबाल की हड्डियां 31 बार टूट चुकी हैं।
जैनब इकबाल एक ऐसी बच्ची है जिसके खांसने, छींकने, चलने या धक्का लगने पर उसकी हड्डियां टूट जाती हैं। यहां तक कि अगर कोई उसे अचानक गोद में उठा ले तो उसे इस बात से भी तकलीफ हो जाती है।
जैनब के पिता को भी यही समस्या है। 38 साल की उम्र तक जैनब के पिता 111 फ्रैक्चर्स को झेल चुके हैं। दरअसल यह एक बीमारी है जिसे ऑस्टियोजेनेसिस इम्परफेक्टा के नाम से जाना जाता है।
दहेज का सामान तोड़ने पर पिटे दो दूल्हे
यह शादी मथुरा की है, जिसने आज देश भर में सुर्खियां बटोर लीं। दो बहनों के साथ दो भाइयों की शादी होने वाली थी, लेकिन सोमवार रात शादी के समारोह में कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद अब वो दोनों भाई सलाखों के पीछे हैं।
सोमवार रात जैसे ही बारात समारोह स्थल पर पहुंची और दहेज का सामान देखा, तो उन्होंने हल्ला मचा दिया। पुलिस के मुताबिक दूल्हों और दूसरे बारातियों ने ज्यादा कैश और मोटरसाइकिल देने की मांग उठाई।
दुल्हनों की मां सत्तो ने कहा, "पर्याप्त दहेज देने के बावजूद दूल्हे मोटरसाइकिल और एक लाख रुपए कैश की बात कर रहे थे। क्योंकि यह मेरी दो बेटियों की शादी का सवाल था, सो हमने उन्हें मनाने की कोशिश की।"
सत्तो ने कहा, "हालांकि, जब उन्होंने दहेज का सामान तोड़ना शुरू किया, तो हमारे पास पुलिस को सूचना देने और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा।"
अपने ही बाप की औलाद की मां बनी बेटी
मामला गुजरात के सूरत का है। 22 साल की एक युवती ने अपने पिता पर उससे एक साल से ज्यादा वक्त तक बलात्कार करने का आरोप लगाया है।
किस्सा यहीं खत्म नहीं होता। पुलिस का कहना है कि इस युवती के गर्भ में अब अपने ही पिता की औलाद पल रही थी। अब बच्चे का जन्म हो चुका है।
सूरत पुलिस ने पीड़िता के बयान का हवाला देते हुए कहा, "पीड़िता शहर के सचिन जीआईडीसी इलाके की रहने वाली है। उसके पिता असलम खान पठान ने करीब एक साल उससे बार-बार रेप किया, जिससे वो गर्भवती हो गई।"
फिर बढ़ेगा केंद्रीय कर्मचारियों का डीए
केंद्रीय मंत्रिमंडल इस सप्ताह सातवें वेतन आयोग की शर्तों को मंजूरी दे सकता है। सरकार ने करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारियों के वेतन में संशोधन के लिए आयोग का गठन किया है।
अप्रैल-मई में होने वाले आम चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने से पहले सरकार इस मामले को सुलझा लेना चाहती है। इस बारे में कैबिनेट की आगामी बैठक में फैसला लिया जाएगा। इस आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज एके माथुर कर रहे हैं।
चुनावी मौसम में केंद्र सरकार अपने कर्मियों को बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर रही है। चुनाव से ठीक पहले सरकार की योजना अपने 50 लाख कर्मचारियों और 30 लाख पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता (डीए) 10 फीसदी बढ़ाने की है।
इस 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी के साथ ही केंद्रीय कर्मियों का महंगाई भत्ता सौ फीसदी तक पहुंच जाएगा।
तोते ने पकड़वाया अपनी मालकिन का हत्यारा
आपने सड़क के किनारे तोते की मदद से भविष्य बांचते ज्योतिषी को देखा होगा। लेकिन यहां मामला कुछ जुदा है। अपनी प्यारी मालकिन की हत्या होते देखकर पिंजरे में बंद मिट्ठू बहुत फड़फड़ाया मगर कुछ नहीं कर पाया। लेकिन बाद में उसके संकेतों ने पुलिस को हत्यारोपी तक पहुंचा दिया। मामला यूपी के आगरा का है।
मृतक महिला के पति अजय शर्मा ने बताया कि मालकिन की हत्या के बाद जब भी हत्यारा आशू घर आता, मिट्ठू पिंजरे में जा दुबकता। घंटों गुमसुम हो जाता। इस पर घरवालों ने तोते से पूछा कि मिट्ठू घर कौन आया था तो वह खामोश हो जाता।
इसके बाद उन्होंने शक के दायरे में आए आरोपियों के नाम लेकर पूछा कि मिट्ठू नीलू को किसने मारा, सभी नामों पर मिट्ठू खामोश रहा। आशू का नाम लेते ही मिट्ठू बोलने लगा। उसने मारा। तोते की इस गवाही पर घरवालों का आशू पर शक पक्का हो गया।
पुलिस ने आशू को हिरासत में लेकर पूछताछ करने की रजामंदी दे दी। इसके बाद हत्याकांड का खुलासा हो गया।
तीन प्रॉपर्टी डीलरों की हत्या से मची सनसनी
अलवर राजस्थान निवासी अरविंद यादव, मुकेश यादव और रामेंद्र यादव की मथुरा में बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद तीनों के शव हाईवे के किनारे फेंक दिए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना का पता मंगलवार तड़के उस समय चला, जब दिल्ली हाईवे पर अलवर पुल के पास से विकास कालोनी जाने वाले मार्ग पर कुसुम वाटिका के पास नालियों में खून से लथपथ तीन शव लोगों ने पड़े देखे। तीनों के शरीर पर धारदार चाकू से वार किए गए थे और गोली भी मारी गई थी।
शवों के पास ही दो तमंचे, चाकू, खोखा और खून से सना कार का एक सीट कवर भी पड़ा हुआ था।
किसी भी समय गिरफ्तार हो सकते हैं सुब्रत राय
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को सहारा समूह के मालिक सुब्रत रॉय सहारा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। इसका सीधा मतलब यह है कि उन्हें किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है या फिर वो खुद कोर्ट में आकर सरेंडर करेंगे।
मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने सुब्रत रॉय की वह याचिका को ठुकरा दिया था, जिसमें उन्होंने कुछ निजी कारणों से कोर्ट ना आने का हवाला दिया था।
सुब्रत रॉय सहारा पर आरोप है कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और सेबी के कई बार कहने के बाद भी लाखों निवेशकों के 19 हजार करोड़ रुपये अब तक नहीं लौटाए हैं।
पनडुब्बी हादसे में दो नौसैनिक लापता
भारतीय नौसेना को उस समय बड़ा झटका लगा, जब समुद्री परीक्षण पर निकली पनडुब्बी आईएनएस सिंधुरत्न में धुआं भरने से सात नौसैनिक बेहोश हो गए। इस हादसे में दो अधिकारियों लापता हो गए हैं।
हादसे के समय मामलों के वरिष्ठ अधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ पनडुब्बी के भीतर मौजूद थे। पनडुब्बी के भीतर 70 से अधिक नौसैनिक और अधिकारी मौजूद थे।
इन नौसैनिकों को तत्काल हेलीकॉप्टर से मुंबई स्थित नौसेना के अस्पताल आइएनएस आश्विनी ले जाया गया। पनडुब्बी में अचानक धुआं भरने के कारणों का पता नहीं चला है। दुर्घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।