10 मिनट में पढ़िए आज की दस बड़ी खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गद्दी संभालते ही अपना सारा ध्यान चुनावी वादे पूरा करने पर लगा दिया है। मंगलवार को उन्होंने चुनावों को दौरान जनता से किया दूसरा वादा भी पूरा कर दिया है।
दिल्ली सरकार ने शहर में बिजली वितरण करने वाली तीनों निजी कंपनियों के ऑडिट के आदेश दे दिए हैं। कंपनियों को कल सवेरे तक का वक्त दिया गया है और वे अपना पक्ष रख सकती हैं कि उनका ऑडिट क्यों न किया जाए।
इस फैसले के बारे में अरविंद केजरीवाल ने बताया कि बीएसईएस राजधानी, बीएसईएस यमुना और एनडीपीएल का ऑडिट होगा। जब से कंपनियां बनीं, ऑडिट तभी से किया जाएगा।
केजरीवाल ने आधे किए बिजली के दाम
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पानी के बाद बिजली के मोर्चे
पर अपना वादा पूरा करते हुए दिल्लीवासियों को दूसरी बड़ी राहत दी।
मंगलवार शाम हुई कैबिनेट की बैठक के बाद केजरीवाल ने बताया कि बिजली की दरों में आधी कटौती का फैसला हुआ है।
0
से 200 यूनिट और 201 से 400 यूनिट वाले स्लैब में बिजली के दाम अब आधे
होंगे। नई दरें 1 जनवरी से 30 मार्च के बीच लागू होंगी, जब वित्तीय साल
खत्म होगा।
इससे पहले दिल्ली सरकार ने शहर में बिजली वितरण करने वाली तीनों निजी कंपनियों के ऑडिट के आदेश दे दिए हैं। कंपनियों को बुधवार सवेरे तक का वक्त दिया गया है और वे अपना पक्ष रख सकती हैं कि उनका ऑडिट क्यों न किया जाए।
चुनावों से पहले ही राहुल गांधी बनेंगे प्रधानमंत्री!
एक अंग्रेजी अखबार में छपी खबर ने यह कहकर तहलका मचा दिया कि मनमोहन सिंह नए साल में पीएम की कुर्सी छोड़ते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए जगह बनाएंगे।
हालांकि मीडिया में आई इन खबरों पर कांग्रेस बिफर गई और केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के इस्तीफे के अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस में नेतृत्व की कमी नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पहले ही साफ कर चुकी हैं कि सही समय पर ही आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान किया जाएगा।
ऐसे में प्रधानमंत्री के इस्तीफे की खबर बेबुनियाद है। मनीष तिवारी ने चुटकी लेते हुए कहा कि साल के अंतिम दिनों में मीडिया के पास खबरों की कमी रहती है, ऐसे में वह इन खबरों को चलाता है।
देवयानी मामले में न केस वापस लेगा, न माफी मांगेगा अमेरिका
अमेरिकी प्रशासन के सूत्रों ने कहा है कि देवयानी के खिलाफ मुकदमे में अमेरिका आगे बढ़ रहा है। 39 वर्षीय भारतीय राजनयिक के खिलाफ केस वापस नहीं जाएगा।
आरोपपत्र दाखिल करने से पहले देवयानी के खिलाफ और सबूत जुटाए जा रहे हैं। 13 जनवरी आरोप पत्र दाखिल करने की मियाद तय की गई है। सूत्र ने कहा कि इस मामले में भारत सरकार से माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
मालूम हो कि पूरे मामले को लेकर भारत के कड़े रुख के बाद अमेरिका ने उन खामियों की समीक्षा करने का निर्णय लिया था, जिसके चलते इस हाई-प्रोफाइल केस में विवाद पैदा हुआ था। भारत सरकार ने देवयानी के खिलाफ मुकदमा वापस लेने की मांग की थी।
रिजवान अहमद बने यूपी के नए डीजीपी
यूपी पुलिस के मुखिया की कुर्सी खाली होने से पहले ही भर गई है। डीजीपी देवराज नागर का मंगलवार को भव्य समारोह में विदाई दी गई।
हालांकि, उनके दफ्तर छोड़ने से पहले यह भी तय होगा कि सूबे का नया डीजीपी कौन होगा। महकमे के सर्वोच्च पद पर तैनात होने के लिए ज्यादातर अर्ह अधिकारी अपनी-अपनी जुगत में लगे हुए थे, लेकिन बाजी मारी ली डीजी रेलवे रिजवान अहमद ने।
चिदंबरम बोले प्रधानमंत्री उम्मीदवार घोषित करे कांग्रेस
वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का कहना है कि कांग्रेस को अब अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान कर देना चाहिए।
वित्त मंत्री ने सोमवार को कहा, ‘मेरे विचार से कांग्रेस पार्टी को ऐसे व्यक्ति को अपने नेता के रूप में प्रोजेक्ट करना चाहिए, जो आगामी लोकसभा चुनाव के बाद सरकार बनाने की स्थिति में प्रधानमंत्री बनाया जा सके।’
एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा, ‘यह मेरी व्यक्तिगत राय है। वैसे इस मसले पर पार्टी को ही फैसला लेना है। लोकसभा हो या विधानसभा चुनाव हो, जनता यह जानना चाहती है कि आखिर उसका नेता कौन होगा।
पड़ोसी ने किया 10 वीं की छात्रा से रेप
10वीं की एक छात्रा शाम को घर लौट रही थी, तभी पड़ोसी युवक ने उसे अपने कमरे में खींच लिया। उससे रेप करने की कोशिश करने लगा। लेकिन वह उसके चंगुल से भाग निकली और परिजनों को घटना बताई।
उस युवक ने कुछ महीने पहले उससे रेप किया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। मामला दिल्ली के जामिया नगर का है।
पुलिस के मुताबिक, सरला (परिवर्तित नाम) परिवार के साथ जामिया नगर में रहती है। कुछ माह पहले वह शाम को घर लौट रही थी। तभी डरा-धमकाकर शावेज (25) उसे अपने कमरे पर ले गया और दुष्कर्म किया।
हाइवे पर उतारना पड़ा हवाई जहाज
मध्यप्रदेश के बैतूल में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंगलवार सुबह खराब मौसम की वजह से हाइवे पर प्लेन की इमरजेंसी लैडिंग करानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार अप्रवासी भारतीय सेम वर्मा का प्लेन पायलट कैप्टन जेकब द्वारा शहर में भ्रमण के बाद उतारा जा रहा था। लेकिन हवाई पट्टी पर हवा का दबाव अधिक होने से उसे इमरजेंसी में हवाई पट्टी के नजदीक बने फोरलेन हाईवे पर प्लेन की लैडिंग करना पड़ी।
जानकारी लगते ही बैतूल बाजार पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया गया कि हाइवे पर प्लेन उतरने के बाद खराब हो गया। सुबह लगभग 8:30 बजे से 11 बजे तक प्लेन फोरलेन पर ही खड़ा रहा। जिसकी वजह से दूसरे तरफ से ट्रैफिक निकालना पड़ा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
मोदी पर दिया आपत्तिजनक बयान
झारखंड सरकार के पशुपालन मंत्री मन्नान मल्लिक के नरेंद्र मोदी पर दिए गए एक आपत्तिजनक बयान से बवाल मचा हुआ है। बोकारो में दिए पशुपालन मंत्री के इस बयान के बाद भाजपा में भारी आक्रोश है।
मल्लिक ने सोमवार को बोकारो में कहा कि नरेंद्र मोदी आजकल सरदार पटेल की प्रतिमा के लिए लोहा मांग रहे हैं और हो सकता है कि कल को वो बीवी भी मांगें।
कांग्रेस पार्टी के कोटे से मंत्री बने मन्नान मल्लिक ने कहा कि 'पहले बीजेपी वाले अयोध्या में राममंदिर बनाने के लिए ईंट मांगते थे। अब मोदी लोहा मांग रहे हैं। बाद में वे सोना मांगेंगे और एक समय ऐसा भी आएगा जब वो लोगों से बीवी भी मांगने लगेंगे, क्योंकि मोदी बेवा (विधुर) हैं।'
न्यूजीलैंड टूर के लिए इंडियन टीम का ऐलान
दक्षिण अफ्रीका में वनडे और टेस्ट सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया को न्यूजीलैंड में अगली चुनौती का सामना करना है और वहां भी तेज उछाल वाली पिचें उसका स्वागत करेंगी।
महेंद्र सिंह धोनी और चयनकर्ता शायद पीछे मुड़कर देखने को तैयार नहीं है, ऐसे में गौतम गंभीर और युवराज सिंह को नजरअंदाज कर दिया गया। गेंदबाजी में एक नया चेहरा चुना गया, वहीं ऑलराउंडर के रूप में आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने वाले स्टुअर्ट बिन्नी की लॉटरी लगी।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए आज भारत की टेस्ट और वनडे 16-16 सदस्यीय टीम घोषित की गई। जिसमें मध्य प्रदेश के तेज गेंदबाज ईश्वर पांडे टीम में शामिल नया चेहरा हैं। ईश्वर को दोनों टीमों में जगह मिली है।
अमेरिका में मालगाड़ियों की भीषण टक्कर
अमेरिका के नॉर्थ डकोटा प्रांत में कच्चा तेल ले जा रही एक मालगाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद उसके डिब्बों में आग लग गई। करीब एक मील लंबी इस मालगाड़ी में 106 डिब्बे थे। यह मालगाड़ी एक दूसरी मालगाड़ी से टकरा गई और इसके डिब्बे पटरी से उतर गए।
जलते डिब्बों से उठते काले धुएं को मीलों दूर से साफ देखा जा सकता था और धमाकों की गूंज भी कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। यह दुर्घटना कैसलटन शहर से एक मील दूर एथेनॉल के एक संयंत्र के पास हुई।