पढ़िए दिनभर की सभी बड़ी खबरें, जानिए कब क्या हुआ
सलमान खान के 13 साल पुराने हिट एंड रन मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया है। इससे पहले मुंबई की निचली अदालत ने सलमान खान को दोषी मानते हुए 5 साल की सजा सुनाई थी, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।
न्यायमूर्ति एआर जोशी ने कहा कि इस मामले में गवाहों के बयान सलमान को आरोपी सिद्ध नहीं करते। अदालत ने कहा है कि पुलिस की ओर से सलमान को उपलब्ध कराए गए अंगरक्षक रवींद्र पाटिल की गवाही मान्य नहीं है।
कोर्ट ने सलमान को शराब पीकर गाड़ी चलाने और दुर्घटना के वक्त ड्राइविंग सीट पर होने के दोनों आरोपों को नकार दिया है। कोर्ट ने कहा कि ये दोनों आरोप मुंबई पुलिस ने रवींद्र पाटिल के बयान के आधार पर लगाए थे, जिसे अदालत ने अमान्य करार दिया है।
सलमान कोर्ट से सीधे अपने मुंबई के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंचे और उन्होंने ट्वीट किया, 'मैं सम्मान के साथ न्यायपालिका के फैसले को स्वीकार करता हूं। मैं अपने परिवार का धन्यवाद करता हूं, अपने दोस्तों का धन्यवाद करता हूं और उन सभी चाहने वालों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मेरे लिए प्रार्थना की।'
नवाज के साथ बैठक में तिरंगा नदारद
बुधवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बीच हुई मुलाकात में तिरंगा नदारद रहा, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर बवाल मचा हुआ है।
मुलाकात के दौरान उनके पीछे पाकिस्तानी झंडा मौजूद था। दोनों नेताओं की पृष्ठभूमि के पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर भी लगी हुई थी।
दरअसल, कूटनीतिक परिपाटी के मुताबिक, दो मुल्कों के प्रतिनिधियों की भेंट होती है तो दोनों ही देशों का झंडा मौजूद होता है। सुषमा स्वराज और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज की जब भेंट हुई तो मेज पर तिंरगा लगा था।
सुषमा स्वराज और सरताज अजीज ने जब संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की तब भी पृष्ठभूमि में तिरंगा मौजूद था। इसी प्रेस कांफ्रेंस में दोनों देशों ने समग्र स्तर पर वार्ता बहाल करने की घोषणा की।
'मनतंत्र और मनीतंत्र देश के लिए खतरा'
पीएम मोदी ने संसद में जारी गतिरोध पर निशाना साधते हुए कहा कि इसकी वजह से गरीबों से जुड़े कई बिल पारित नहीं हो पा रहे। लोग ऐसा सोच रहे हैं कि वहां केवल जीएसटी बिल को लेकर ही युद्ध छिड़ा है, लेकिन जरूरी यह है कि गरीबों से जुड़े बिल का पास हो जाएं।
मोदी ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग संसद नहीं चलने दे रहे हैं जो कि सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि जीएसटी जब पास होगा तब होगा लेकिन संसद नहीं चलने से गरीबों का हक मर रहा है।
मोदी ने एक समाचार पत्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि मनतंत्र से देश नहीं चल सकता। लोगों को अपने मन से इस बात को निकालना होगा कि जो वो सोचते हैं वहीं होगा। उन्होंने मनीतंत्र पर भी हमला करते हुए कहा कि केवल पैसे से देश को नहीं चलाया जा सकता।
इस दौरान उन्होंने इस बात पर भी अपनी प्रतिबद्धता जताई की वे अपनी सरकार में कोशिश करेंगे कि रोजाना एक गैर जरूरी नियम को खत्म कर दिया जाए। उन्होंने कहा, 'पांच साल के कार्यकाल में हर रोज एक कानून को खत्म करना चाहता हूं।'
'पढ़े-लिखे लोग ही लड़ पाएंगे चुनाव'
हरियाणा पंचायत चुनाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है, जिसके तहत राज्य में सिर्फ पढ़े-लिखे लोग ही पंचायत चुनाव लड़ सकेंगे। कोर्ट ने खट्टर सरकार को राहत देते हुए सरकार द्वारा किए गए सभी बदलावों और शर्तों को मान लिया है।
राज्य सरकार के नए नियमों के मुताबिक, जनरल के लिए दसवीं पास, दलित और महिला के लिए आठवीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा बिजली बिल के बकाया होने, बैंक का लोन न चुकाने वाले और गंभीर अपराधों में चार्जशीट होने वाले लोग भी चुनाव नहीं लड़ पाएंगे।
गौरतलब है कि हरियाणा में पंचायतों का कार्यकाल 25 जुलाई 2015 को खत्म हो गया था। हरियाणा सरकार ने 11 अगस्त को नियमों में बदलाव कर पंचायत चुनाव में नियमों में बदलाव कर दिया था।
याचिकाकर्ता प्रीत सिंह ने एक पिटीशन के जरिए सरकार के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। अब फैसला आने के बाद सुप्रीम कोर्ट में पिटीशन दायर करने वाले प्रीत सिंह का कहना है कि सरकार ने कोर्ट में झूठे तथ्य पेश किए हैं। वह बड़ी बेंच में फैसले को चुनौती देंगे।
'लखनऊ की हवा सबसे जहरीली'
इस समय पूरे देश में सबसे जहरीली हवा यूपी के लखनऊ शहर की है। इससे पहले दिल्ली सबसे आगे था, लेकिन इस बार चौथ पायदान पर जा पहुंचा है।
बुधवार को केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) के बुलेटिन के मुताबिक लखनऊ की एक्यूआई वैल्यू 471 मिली जबकि दिल्ली का एक्यूआई 382 ही रहा।
रिपोर्ट केमुताबिक लखनऊ की हवा को प्रदूषित करने में सबसे बड़ा कारण पार्टिक्युलेट मैटर (पीएम2.5) है। वाहनों से निकल रहे धुएं और कोहरा बढ़ने से अचानक से हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया।
इसी वजह से एयर क्वालिटी इंडेक्स 471 पर पहुंच गया। वहीं दिल्ली में सुबह तक एक्यूआई 495 था जो कि शाम तक घटकर 382 रह गया। एक्यूआई 471 होने की वजह से लखनऊ को रेड जोन में रखा गया है।
'बढ़ते प्रदूषण से बदनाम हो रही है दिल्ली'
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर देश के सर्वोच्च न्यायालय ने शर्मिंदगी जाहिर की है। गौरतलब है कि एक केस की सुनवाई के दौरान बृहस्पतिवार को देश के चीफ जस्टिस टीएस ठाकुर ने दिल्ली के भयावह प्रदूषण स्तर को दिल्ली की बदनामी का कारण बता दिया।
जस्टिस ठाकुर कहा कि प्रदूषण के मामले को गंभीरता से लेना चाहिए, क्योंकि ये हर व्यक्ति से जुड़ा मामला है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और याचिकाकर्ता को ऐसे उपाय करने को कहा, जिससे लंबे समय तक दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण पर लगाम लगाई जा सके।
बता दें कि चीफ जस्टिस ने टीएस ठाकुर ने प्रदूषण को लेकर ये बात तब कही जब वो टोल कंपनियों की याचिका पर सुनवाई कर रहे थे। इस केस में टोल कंपनियां सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले का विरोध कर रही हैं जिसमें अदालत ने कमर्शियल वाहनों से प्रदूषण सरचार्ज वसूलने आदेश दिया है।
चीफ जस्टिस ठाकुर ने इस केस की सुनवाई के दौरान ये भी कहा कि प्रदूषण को कम करने के लिए जो भी प्लान बनें वो इस तरह अमल में लाया जाए जिससे दुनिया को ये पता चले कि हम प्रदूषण नियंत्रण के लिए कुछ कर रहे हैं।
'खुला जिया खान की मौत का रहस्य'
सीबीआई ने बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर किए गए आरोप पत्र में सूरज पंचोली को भी आरोपी बनाया है। जिया खान की हत्या में सीबीआई ने जो चार्जशीट दायर की है, जिसमें उसकी प्रेगनेंसी को लेकर चौंकाने वाले राज सामने आए हैं।
इस चार्जशीट में यह बात सामने आई है कि जिया खान के ब्यॉयफ्रेंड सूरज पंचोली ने पहले उसे गर्भवती बनाया और फिर लगातार उसका गर्भपात कराया था। सीबीआई की चार्जशीट में जिया खान के गर्भवती होने और फिर उसका गर्भपात कराने की पूरी कहानी का जिक्र किया गया है।
गर्भपात के लिए जिया को बहुत ही सख्त दवाई दी गई, जिससे काफी अधिक खून बहने के कारण जिया की हालत खराब हुई और उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। दवाओं का गर्भाशय पर बुरा असर होने के चलते सूरज को प्रेम प्रसंग जग-जाहिर होने का डर था।
प्रेम-प्रसंग का राज खुलने से बचने के लिए सूरज ने एक बड़ा रिस्क लिया और जिया को एक अस्पताल में भर्ती करा उसका भ्रूण निकलवाकर उसे टॉयलेट में बहा दिया। इसी घटना से जिया खान सदमे में आ गई और आत्महत्या कर ली।