दीदी ममता और नरेंद्र मोदी में ‘टाइगर वार’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ममता बनर्जी की ओर से ‘पेपर टाइगर’ कहे जाने से खफा नरेंद्र मोदी ने दीदी पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा है कि असली टाइगर तो वह होगा, जो शारदा चिट फंड घोटाले के आरोपी को जेल भेज कर गरीबों के पैसे की वापसी कराए।
मोदी ने कहा कि भले ही तृणमूल कांग्रेस ने उन पर हमले किए हों, लेकिन केंद्र में भाजपा की सरकार आई तो वह पश्चिम बंगाल को मदद करने से पीछे नहीं हटेगी। केंद्र में मजबूत भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री अपना काम गंभीरता से करें।
ममता पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि मैं इस बात से आश्चर्यचकित हूं कि दीदी एक पेपर टाइगर से डरी हुई हैं। अगर पेपर टाइगर आपके लिए मुश्किल पैदा कर रहा है तो असली टाइगर के सामने आने पर क्या होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल के असली बाघ तो यहां के युवा हैं।
ममता ने बोला था मोदी पर हमला
चार दिन पहले ममता ने मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा था कि पेपर टाइगर और रॉयल बंगाल टाइगर में अंतर होता है। मोदी ने कहा कि ममता के हमलों के बावजूद भाजपा के सत्ता में आने पर बंगाल का विकास प्रभावित नहीं होगा। वह बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति में विश्वास करते हैं।
मोदी ने कहा कि दीदी ने उनके खिलाफ काफी कुछ कहा है। उन पर जुबानी हमले किए हैं और झूठे आरोप लगाए हैं, लेकिन वह बंगाल के लोगों को आश्वस्त करना चाहते हैं कि वह उनकी सेवा करने से पीछे नही हटेंगे। बंगाल पिछले 60 साल से केंद्र सरकार के अन्याय का शिकार रहा है। अगर बंगाल में भाजपा जीतती है तो लोगों को दोहरा फायदा होगा।
मोदी ने कहा कि वह एक फार्मूला दे रहे हैं। अगर केंद्र में मजबूत भाजपा सरकार होगी तो दीदी को अपना ड्रामा बंद कर सरकार चलाने के लिए कुछ गंभीरता दिखानी होगी। अगर वह 100 किमी. लंबी सड़क बनाएंगे तो दीदी को कम से कम दस किमी. लंबी सड़क तो बनानी ही होगी। अगर वह एक लाख घर बनवाएंगे तो ममता को भी कम से कम दस हजार मकान बनवाने होंगे।
'बांग्लादेशी घुसपैठियों को वापस जाना होगा'
नरेंद्र मोदी ने कहा है कि वोट बैंक की राजनीति के तहत देश में घुसाए गए बांग्लादेशियों को वापस भेजा जाएगा, लेकिन धर्म के नाम पर बांग्लादेश से बाहर किए गए शरणार्थियों का यहां बांहें पसार कर स्वागत होगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में भाजपा का रु ख बिल्कुल साफ है।
मोदी ने रविवार को कहा कि किसी भी देश में रहने वाले भारतीयों का क्या भारत में स्वागत नहीं होना चाहिए। जो लोग बांग्लादेश से भगा दिए गए हैं क्या उन्हें भारत आने का हक नहीं है। जो दुर्गा अष्टमी मनाते हैं और बांग्ला बोलते हैं क्या वे भारत मां की संतान नहीं हैं। ऐसे लोगों को भारत में वही सम्मान मिलेगा, जो यहां रहने वालों को मिलता है।
मोदी ने कहा कि दीदी (ममता बनर्जी) घुसपैठियों की सेवा में लगी हुई हैं। मोदी ने वाम दलों, कांग्रेस और तृणमूल पर आरोप लगाया कि उन्हें देश के युवाओं के रोजगार की चिंता नहीं है। वह सिर्फ बांग्लादेशियों को रोजगार दिलाना चाहते हैं ताकि उनका वोट उनके पक्ष में पड़े।