ट्रेन छूटने के 3 घंटे तक ही टिकट की वैधता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय रेल की गैर उपनगरीय खंडों पर 199 किलोमीटर तक की दूरी पर अनारक्षित टिकट की वैधता स्टेशन से ट्रेन छूटने के बाद महज तीन घंटे तक ही रहेगी। रेलवे मंत्रालय की ओर से लिए गए निर्णय को एक मार्च से लागू कर दिया जाएगा। टिकटों की वैधता को लेकर बदलाव संबंधी दिशा-निर्देश पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने सभी स्टेशनों को जारी कर दिए हैं।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव के अनुसार 199 किलोमीटर तक की दूरी के लिए प्रारंभिक स्टेशन पर ही यूटीएस टिकट जारी किए जाएंगे। जहां तक वापसी यात्रा की वैधता का सवाल है, 199 किलोमीटर की दूरी तक के लिए यह सुविधा नहीं मिलेगी। एक्सेस फेयर टिकट के मामले में भी बदलाव किया गया है।
199 किलोमीटर की दूरी तक ऐसे टिकटों के जारी करने का समय या गंतव्य के लिए ट्रेन के छूटने का समय (जो भी बाद में हो) तक होगी। हालांकि 200 किलोमीटर या उससे अधिक की दूरी के लिए वर्तमान प्रावधान में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके तहत तीन दिन पहले अग्रिम बुकिंग की सुविधा भी जारी रहेगी।
अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे
प्रतीक्षा सूची के यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने दो जोड़ी ट्रेनों में विभिन्न तिथियों पर शयनयान श्रेणी और एसी-2 का अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। दादर एक्सप्रेस में चार फरवरी को गोरखपुर से और छह फरवरी को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से शयनयान श्रेणी के एक-एक अतिरिक्त कोच लगाए जाएगें। जयपुर-कामाख्या एक्सप्रस में एक से 29 फरवरी तक जयपुर से और चार फरवरी से तीन मार्च तक एससी-दो के अतिरिक्त कोच लगेंगे।
पाटलिपुत्र तक जाएगी गोरखपुर-सोनपुर पैंसेंजर
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने मुजफ्फरपुर से होकर जाने वाले गोरखपुर-सोनपुर सवारी गाड़ी का मार्ग विस्तार पाटलिपुत्र तक कर दिया गया है। यह गाड़ी सोनपुर से शाम चार बजकर 50 मिनट पर चलकर शाम पांच बजकर दस मिनट पर पाटलिपुत्र पहुंचेगी। वापसी में यह गाड़ी पाटलिपुत्र से दोपहर 11 बजकर 25 मिनट पर चलकर 11 बजकर 55 मिनट पर सोनपुर पहुंचेगी।
बेटिकट यात्रियों से 1.20 लाख वसूले
उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक भूपाल सिंह बृजवाल के नेतृत्व में गोरखपुर-सरदार नगर, गोरखपुर-कप्तानगंज एवं गोरखपुर-आनन्दनगर खंडों में आम्रपाली एक्सप्रेस, छपरा-गोरखपुर इंटर सिटी एक्सप्रेस, मंडुवाडीह-गोरखपुर इंटर सिटी एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, नरकटियागंज-गोरखपुर सवारी गाड़ी एवं गोरखपुर-नौतनवां इंटर सिटी एक्सप्रेस को रोककर चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान 165 यात्री बिना टिकट और अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते पकड़े गए। रेल राजस्व के रूप में 1.20 लाख रुपये की वसूली की गई। 120 दोषी यात्रियों को रेलवे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। अभियान में केएम श्रीवास्तव, पीए खान, विजय बहादुर सिंह के साथ रेलवे सुरक्षा बल, नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्य शामिल रहे।