स्वामी ने सोनिया, राहुल पर लगाया हेराफेरी का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जनता पार्टी के अध्यक्ष सुब्रह्मण्यम स्वामी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के फंड से गलत तरीके से एक निजी कंपनी यंग इंडियन को करोड़ों रुपये का ऋण दिया गया।
इस निजी कंपनी में 76 फीसदी मालिकाना हक सोनिया व राहुल के पास है। यही नहीं गैर कानूनी तरीके से नेहरू के जमाने में स्थापित एक सार्वजनिक कंपनी की करोड़ों रुपये की संपत्ति इस कंपनी को मात्र 50 लाख रुपये में दे दी गई। स्वामी ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग की है।
स्वामी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया है कि यंग इंडियन एक प्राइवेट कंपनी है। इस कंपनी को चलाने के लिए कांग्रेस के खाते में जमा आम आदमी के चंदे के पैसे को ऋण के रूप में दिया जाना सही नहीं है। यही नहीं जवाहर लाल नेहरू ने कौमी आवाज, नेशनल हेरल्ड जैसे अखबार निकालने के लिए जिस सार्वजनिक कंपनी की स्थापना की थी।
अखबार के बंद होने के बावजूद कंपनी के पास काफी संपत्ति बची हुई है। सुब्रह्मण्यम स्वामी का आरोप है कि इस कंपनी के पास 76000 करोड़ रुपये की प्रापर्टी है। यह सारी प्रापर्टी गैर कानूनी तरीके से यंग इंडियन कंपनी को सिर्फ 50 लाख रुपये में सौंप दी गई। स्वामी का यह भी आरोप है कि राहुल गांधी का यंग इंडियन कंपनी में मालिकाना हक है। लेकिन 2008 के चुनाव में निर्वाचन आयोग में जमा किए गये अपने संपत्ति के ब्यौरे में उन्होंने इस कंपनी का कोई जिक्र नहीं किया है।
स्वामी ने कंपनी की फंडिंग की सीबीआई से जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यंग इंडियन नाम की इस कंपनी के पास दिल्ली स्थित हेरल्ड हाउस तथा लखनऊ में नेहरू हाउस का भी मालिकाना हक है। इनकी वर्तमान में कीमत कई करोड़ रुपये होगी।
दिल्ली में स्थित हेरल्ड हाउस के दो फ्लोर को केंद्र सरकार ने किराये पर लेकर पासपोर्ट आफिस खोल रखा है। इसके लिए सरकार की ओर से 30 लाख रुपये महीना किराया दिया जा रहा है। इसमें से तीन चौथाई सोनिया व राहुल गांधी को मिलता है। स्वामी ने यह भी आरोप लगाया कि इस कंपनी के बोर्ड की मीटिंग सोनियां के सरकारी आवास पर होती है जो कि गैरकानूनी है।