{"_id":"d3319566-243d-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"swami-leveled-corruption-charges-on-sonia-and-rahul","type":"story","status":"publish","title_hn":"राहुल की चेतावनी, स्वामी पर करेंगे कानूनी कार्रवाई","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
राहुल की चेतावनी, स्वामी पर करेंगे कानूनी कार्रवाई
नई दिल्ली/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 02 Nov 2012 12:55 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने सुब्रह्मण्यम स्वामी के आरोपों पर बेहद कड़ा रुख अपनाते हुए उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। राहुल ने स्वामी के आरोपों को अपमानजनक और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने स्वामी को दो टूक चेताया है कि वह उनके खिलाफ कानून के दायरे में सभी कदम उठाएंगे।
विज्ञापन
स्वामी को बाकायदा राहुल की ओर से चिट्ठी भेजकर कहा गया है कि वह उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर ऐसे लोगों को सबक सिखाना चाहते हैं, जो अभिव्यक्ति की आजादी का दुरुपयोग कर किसी की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को जानबूझकर आघात पहुंचाते हैं। जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल पर 1600 करोड़ रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाया है
विज्ञापन
स्वामी को चिट्ठी लिख कड़ी नसीहत देते हुए राहुल ने कहा है कि सभ्य समाज में लोगों की व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का कानून के हिसाब से ख्याल रखा जाता है। मगर उन (स्वामी) जैसे लोगों की वजह से इस अधिकार पर चोट की जा रही है। जिसका कानूनी तौर पर करारा जवाब दिया जाएगा।
विज्ञापन
राहुल की ओर से स्वामी को यह चिट्ठी उनके सहायक एस रामाकृष्णन की ओर से बृहस्पतिवार शाम भेजी गई। राहुल ने स्वामी को नसीहत दी है कि वह अभिव्यक्ति के अधिकार का गलत इस्तेमाल न करें, जिससे किसी व्यक्ति या संगठन के सम्मान को ठेस पहुंचे। राहुल ने कहा कि आपने जिस भावना से प्रेस कांफ्रेंस बुलाई है, उसके पीछे की नीयत का साफ पता लगता है।
इससे पहले कांग्रेस ने भी स्वामी पर प्रहार किया। कांग्रेस ने स्वामी को ऐसा अजूबा करार दिया है, जो कुछ भी आरोप लगा सकता है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने कहा है कि हर देश और समाज में कुछ अजूबे होते हैं और आप जिनका नाम ले रहे हैं। वह शायद उनमें से एक हैं, जो कभी भी कुछ भी बोल सकते हैं।
क्या हैं स्वामी के आरोप
कांग्रेस पार्टी के फंड से गलत तरीके से एक निजी कंपनी यंग इंडियन को 90 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया।
इस निजी कंपनी में 76 फीसदी मालिकाना हक सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पास है।
इस कंपनी के बोर्ड की मीटिंग सोनिया के सरकारी आवास पर होती है जो गैरकानूनी है
निर्वाचन आयोग में जमा किए संपत्ति के ब्यौरे में राहुल ने इस कंपनी का कोई जिक्र नहीं किया
नेहरू ट्रस्ट की सैकड़ों करोड़ रुपये की संपत्ति यंग इंडियन कंपनी को हस्तांतरित कर दी गई
कोट--
स्वामी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सोनिया और राहुल को इन आरोपों का जवाब देना चाहिए। इन आरोपों की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए।- राजीव प्रताप रूडी, भाजपा
पित्रोदा ने भी स्वामी को चेताया
स्वामी के आरोप गलत और निराधार हैं। यह आरोप अपमानजनक हैं। हम स्वामी के खिलाफ सभी तरह की कानूनी कार्रवाई करेंगे। -सैम पित्रोदा