फोन से कैंसिल हो सकेगा रिजर्व टिकट, मेल और एक्सप्रेस में भी मिलेगी ‘रेलबंधु’
आम यात्रियों की सहूलियत के लिए बजट में कई घोषणाएं की गईं हैं। इसमें सबसे अहम है टेलीफोन से ही रिजर्व टिकटों के कैंसिलेशन की सुविधा। यही नहीं, रेल मंत्री ने आम मेल और एक्सप्रेस रेलगाड़ियों में भी रेलवे की पत्रिका रेलबंधु के वितरण की घोषणा की है। अभी तक यह पत्रिका सिर्फ प्रीमियम ट्रेनों में ही बांटी जाती है।
बृहस्पतिवार को रेल बजट की घोषणा करते हुए सुरेश प्रभु ने बताया कि रिजर्व टिकटों (पीआरएस टिकट) को रद्द कराने के लिए यात्री को निर्धारित समय सीमा के भीतर रिफंड के लिए रिजर्वेशन खिड़की तक जाना पड़ता है। यात्रियों के लिए यह असुविधाजनक होता है। इससे निजात पाने के लिए हेल्पलाइन 139 पर यात्रियों को टिकट कैंसिल करवाने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि सही आदमी ही टिकट कैंसिल करवाये, इसके लिए यात्रियों के पंजीकृत फोन नंबर पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) भेजा जाएगा। इसी ओटीपी का उपयोग कर टिकट को कैंसिल कराया जा सकेगा।
कई क्षेत्रिय भाषाओं में भी छपेगी रेलवे की पत्रिका
रेलवे ने इसी वित्त वर्ष में रिजर्व टिकटों के रिफंड का नियम बदल दिया है।
अब चार्ट तैयार हो जाने के बाद भी जो टिकट वेटिंग में रह जाता है, उसे तीन
घंटे के अंदर किसी रिजर्वेशन खिड़की पर ले जाने पर ही रिफंड मिलता है।
यदि
इसमें एक मिनट की भी देरी हुई तो सारा पैसा जब्त हो जाता है। रेलवे के इस
फैसले की देश भर में आलोचना हो रही थी क्योंकि लोग निर्धारित समय के भीतर
रिजर्वेशन खिड़की तक नहीं पहुंच पा रहे थे। प्रभु की घोषणा से अब ऐसे
यात्रियों को आसानी हो जाएगी।
रेल मंत्री ने अब रेलवे की पत्रिका
रेलबंधु का वितरण सभी मेल और एक्सप्रेस गाड़ियों में करने की घोषणा भी की
है। हिंदी और अंग्रेजी में छपने वाली यह पत्रिका अभी तक राजधानी, शताब्दी
और दूरंतो एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम गाड़ी में ही दी जाती है। इस पत्रिका को
भोजपुरी, मैथिली, पंजाबी, बंगाली, तमिल, कन्नड़ और मलयाली जैसी क्षेत्रीय
भाषाओं में भी छापा जाएगा।