सुमित्रा महाजन सर्वसम्मति से बनीं स्पीकर
भाजपा की वरिष्ठ नेता सुमित्रा महाजन 16वीं लोकसभा की अध्यक्ष चुन ली गई हैं। उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। जिसे लगभग सभी पार्टियों ने समर्थन किया।
वे आम सहमति से इस पद पर पहुंची हैं। लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी जमकर तारीफ की। पीएम ने कहा, "उनका अनुभव काम आएगा।" इसके साथ ही मोदी ने प्रोटेम स्पीकर को शुक्रिया भी कहा।
आठवीं बार पहुंची हैं लोकसभा
सुमित्रा महाजन बीजेपी की वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के इंदौर संसदीय क्षेत्र से सांसद हैं। 72 वर्षीय महाजन लगातार आठवीं बार लोकसभा पहुंची हैं।
मीरा कुमार के बाद वे लोकसभा की दूसरी महिला स्पीकर बनी हैं। इससे पहले महाजन के नाम का पहला प्रस्ताव पीएम मोदी ने किया, जिसे वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने अनुमोदन किया था।
महाजन सदन के सभापति के पैनल में लंबे समय तक काम कर चुकी हैं।