सबसे पहले शशि थरूर ने देखा सुनंदा का शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पत्नी सुनंदा पुष्कर के शव को सबसे पहले उनके पति और केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री शशि थरूर ने देखा था।
वह बिस्तर पर अचेत पड़ी थीं। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अपने निजी सचिव अभिनव कुमार को दी।
अभिनव कुमार ने मीडिया को बताया कि दिन भर कांग्रेस अधिवेशन में रहने के बाद शशि थरूर रात साढ़े आठ बजे होटल लीला पहुंचे। उनके साथ उनका एक कर्मचारी भी था। सुनंदा पुष्कर अपने कमरे में थीं।
शरीर पर चोट का निशान नहीं
अभिनव ने बताया कि शशि थरूर को लगा कि सुनंदा अपने कमरे में सो रही हैं। कुछ देर बाद वह कमरे में गए।
लेकिन जब उन्होंने सुनंदा के शरीर को अकड़ा हुआ देखा और उनकी बातों का कोई जवाब नहीं मिला तो वह घबरा गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अभिनव को दी।
अभिनव के मुताबिक इसकी जानकारी तुरंत डॉक्टरों को दी गई। मौके पर पहुंचे डॉक्टरों ने सुनंदा को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद घटना की जानकारी सरोजनी नगर पुलिस को दी गई।
देर रात तक उनकी मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया था और सुनंदा के शरीर पर चोट का निशान नहीं पाए गए हैं।
अभिनव ने बताया कि शशि थरूर के सरकारी आवास में काम चल रहा था इस कारण वह बृहस्पतिवार सुबह होटल में रहने गए थे।
मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने में लगी पुलिस
दक्षिण जिला पुलिस ने सुनंदा पुष्कर के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालना शुरू कर दिया है। मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने के लिए दक्षिण जिले की एक अलग से टीम बना दी गई है।
पुलिस कई ऐसे लोगों की सूची बना रही है, जिनसे पूछताछ की जाएगी। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में शशि थरूर से जल्द ही पूछताछ की जाएगी।
कमरे को सील किया गया
सुनंदा पुष्कर की मौत के बाद दक्षिण जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार कमरे को सील कर दिया गया है। कमरे में किसी को घुसने नहीं दिया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया था। कमरे की पूरी जांच-पड़ताल और सबूत एकत्रित करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया जाएगा।
होटल का मेन गेट बंद
केंद्रीय मंत्री की पत्नी का शव होटल में मिलने की खबर जैसी ही फैली वैसे ही लीला होटल के सामने मीडिया का जमावड़ा हो गया था।
काफी संख्या में पुलिस अफसर व गृह मंत्रालय के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। होटल के मेन गेट को बंद कर दिया गया था। होटल में किसी को आने-जाने नहीं दिया जा रहा था।
ट्विटर और विवाद से थरूर का पुराना नाता
सुनंदा पुष्कर की संदिग्ध मौत के बाद सभी का ध्यान एक दिन पहले हुई ट्विटर वार पर चला गया है।
बृहस्पतिवार को शशि थरूर, उनकी पत्नी सुनंदा पुष्कर और पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार के बीच ढेर सारे ट्वीट किए गए थे। जिसके बाद काफी विवाद खड़ा हो गया था।
यह पहला मौका नहीं है, जब ट्विटर की वजह से थरूर को विवादों में फंसना पड़ा हो। लेकिन इस बार तो इस माइक्रोब्लॉगिंग साइट ने उनकी जिंदगी में भूचाल ला दिया।
बार-बार विवादों में फंसते रहे हैं थरूर
ट्विटर पर अति सक्रिय रहने वाले थरूर के 20 लाख से भी ज्यादा फॉलोअर हैं। 2010 में आईपीएल के तत्कालीन अध्यक्ष ललित मोदी के ट्वीट का जवाब देने के बाद वह विवादों में फंस गए थे।
इससे ही कोच्चि फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी रखने वाली सुनंदा पुष्कर से उनके संबंध सार्वजनिक हो गए थे। इसी वजह से उन्हें केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा भी देना पड़ा था।
इससे पहले 2009 में उनके ‘कैटल क्लास’ संबंधित ट्वीट को विपक्ष ने हथियार बनाकर सरकार के खिलाफ इस्तेमाल किया था।
दिल्ली गैंगरेप पीड़िता मामले पर पिछले साल उन्होंने ट्वीट किया था कि एंटी रेप कानून का नाम पीड़िता के नाम पर होना चाहिए।