बुखारी के बहाने भाजपा पर बरसे दिग्विजय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जामा मस्जिद के इमाम अहमद बुखारी के समर्थन को आम आदमी पार्टी द्वारा नकार दिए जाने के बाद अब इस पर राजनीति गर्म हो गई है। जहां एक ओर भाजपा बुखारी के प्रस्ताव पर यह कह रही है कि जनता इस समर्थन का जवाब बैलेट से देगी, वहीं अब इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर सीधा हमला बोला है।
दिग्विजय सिंह ने कहा, "जब साल 2004 के लोकसभा चुनाव के दौरान बुखारी भाजपा को वोट की अपील करते हैं तब उन्हें भाजपा में फिरकापरस्ती नजर नहीं आई। लेकिन अब उन्हें भाजपा में वह नजर आ रही है। अब बुखारी आप पार्टी को वोट की अपील कर रहे हैं।"
सिंह ने कहा कि वो आम आदमी पार्टी द्वारा बुखारी की यह अपील ठुकराने जाने का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और इमाम बुखारी दोनों एक दूसरे के पूरक हैं।
सिंह ने यह भी सलाह दी कि कांग्रेस पार्टी को भी बुखारी से दूर रहना चाहिए। सिंह ने कहा, "कांग्रेस आजादी के पहले से साम्प्रदायिक विचारधारा का विरोध करती आई है और उसे आगे भी करते रहना चाहिए। अगर आप पार्टी ने बुखारी से समर्थन मांगा था तो बुखारी जी को सप्रमाण 'आप' को उजागर करना चाहिए"।
आप ने सिरे से खारिज किया बुखारी का समर्थन
आप नेता संजय सिंह ने कहा, "हमें आम ईसाई, आम मुसलमान, आम सिख और आम हिंदुओं के समर्थन की जरूरत है। हमें इमाम बुखारी के समर्थन की कोई आवश्यकता नहीं है। इसलिए हम उनका समर्थन ससम्मान ठुकराते हैं।"
आम आदमी पार्टी ने शाही इमाम की आलोचना करते हुए कहा कि वह अलग-अलग समय पर अलग-अलग पार्टियों का समर्थन करते रहे हैं। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के बजाय पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को जामा मस्जिद के एक कार्यक्रम में आमंत्रित किया था।
गौरतलब है कि बुखारी ने अपने संबोधन में कहा था कि मैं सभी मुसलमानों से अपील करता हूं कि एक सेक्युलर सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी का समर्थन करें।