मेडिकल कॉलेज से साध्वी प्राची हुईं दिल्ली रेफर
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने साध्वी प्राची को दिल्ली रेफर कर दिया है। हिंदू संगठनों के सदस्यों ने हंगामा कर आजम खां के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। वहीं मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने एमआरआई की सुविधा के लिए हायर सेंटर रेफर करने का तर्क दिया है।
बरेली में पंचायत के दौरान पुलिस ने साध्वी प्राची और उनके समर्थकों पर लाठीचार्ज करते हुए गिरफ्तार किया था। साध्वी की हालत बिगड़ने पर वह आठ दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराई गईं थीं।
जमकर हुआ हंगामा
सोमवार को कॉलेज प्रशासन ने उन्हें एम्स दिल्ली में रेफर करने की बात कही तो भाजपा नेता कुलदीप तोमर के नेतृत्व में लोगों ने हंगामा किया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन बैकफुट पर आ गया और साध्वी को इमरजेंसी में ही रहने दिया।
बुधवार को डॉक्टरों ने हायर सेंटर में बेहतर इलाज की बात कहते हुए उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया। सूचना पर अंकित ठाकुर, सचिन मित्तल, आशुतोष, कपिल सैनी, सोनू गहलोत इमरजेंसी पहुंचे और हंगामा कर दिया।