घूस लेते अधिकारी गिरफ्तार, करोड़ों की नकदी बरामद
मुंबई में डीजीपी ऑफिस में तैनात एक अधिकारी के घर से करोड़ों की नकदी और बैंक डिपोजिट बरामद किए गए हैं।
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार, एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने डीजीपी ऑफिस में तैनात बलीराम शिंदे घर छापा मार कर रकम बरामद की है।
शिंदे को सोमवार भ्रष्टाचार निरोधी टीम ने 10,000 रुपए की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था। खबर यह भी है कि एसीबी ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज कर लिया और संपत्ति की जांच की जा रही है।
इसके अलावा भ्रष्टाचार निरोधी टीम शिंदे के आय साधनों को भी खंगालने में जुटी है ताकि उसकी पूरी संपत्ति का सही से पता लगाया जा सके।
खास बात यह भी है कि शिंदे के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत एक सिपाही ने ही की थी।
यहां हर काम के लिए लगती है घूस
राज्य की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा से की शिकायत में सिपाही ने बताया था कि उससे मकान को रिपेयर कराने के लिए शिंदे ने ज्यादा पैसे मांगे तो उन्होंने उसे दे दिया लेकिन घर रिपेयर नहीं हुआ।
इसके बाद उन्होंने शिंदे से घर रिपेयर कराने के लिए फिर कहा तो उसने घूस में कुछ और पैसे मांगे जिसकी शिकायत उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधी शाखा में कर दी।
इसके बाद एसीबी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिंदे को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।