पब्लिक टॉयलेट में पेशाब करने पर मिलेगा 1 रुपया, नई स्कीम
जल्द ही आपको सार्वजनिक शौचालयों का प्रयोग करने के लिए पुरस्कृत किया जा सकता है। आप जब भी शौचालयों का प्रयोग करेंगे, आपको पुरस्कार के रूप में एक रुपए दिए जाएंगे।
पढ़कर आपको थोड़ा आश्चर्य हो रहा होगा, क्योंकि अब तक शौचालयों का प्रयोग करने के लिए पैसे देना पड़ता रहा है और यहां पेशाब करने की एवज में एक रुपए देने की बात की जा रही है।
हालांकि यह कल्पना नहीं बल्कि सच है। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, अहमदाबाद नगर निगम का विचार है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक शौचालयों का इस्तेमाल करे तो उसे पैसे दिए जाएं।
पेशाब करने की एवज में पैसे देने का पहला प्रयोग नेपाल की राजधानी काठमांडू के दारेचौक इलाके में किया गया था।
अहमदाबाद में 67 स्थानों पर लागू होगी ये योजना
रिपोर्ट के मुताबिक, दारेचौक में किया गया प्रयोग काफी सफल रहा था, और लोगों में सार्वजनिक मूत्रालयों का इस्तेमाल करने का प्रवृत्ति बढ़ी थी।
अहमदाबाद नगर निगम ये योजना सबसे पहले शहर के उन 67 स्थानों पर लागू करने की हैं, जहां लोग बहुत ही ज्यादा गंदगी फैलाते हैं। इन 67 स्थानों के करीब सार्वजनिक शौचालय हैं। नगर निगम का कहना है कि यदि योजना सफल रही तो पूरे शहर में उसे लागू किया जाएगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि पूरी योजना मकसद पब्लिक टॉयलट्स को बढ़ावा देना है। उन्हें बताया कि इस कार्य के लिए विज्ञापनों के जरिए पैसा जुटाया जाएगा।
शौचालयों का प्रयोग न किया तो तगड़ा जुर्माना
सार्वजनिक शौचालयों के इस्तेमाल का प्रस्ताव अहमदाबाद नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी को भेज दिया गया है। नगर निगम के सैनेटरी डिपार्टमेंट का कहना है कि योजना के तहत उन स्थानों पर विज्ञापन लगाया जाएगा, जहां खुले में शौच किया जाता है।
विज्ञापन में लोगों से पब्लिक टॉयलेट्स का इस्तेमाल करने की अपील की जाएगी और यदि वे ऐसा नहीं करेंगे तो उन पर तगड़ा जुर्माना लगाया जाएगा।
स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन प्रवीण पटेल ने कहा, 'हम लोग इस योजना का जल्दी ही लागू करेंगे। उन 67 स्थानों पर लागू किया जाएगा, जहां पे एंड यूज टॉयलट्स होने के बाद भी लोग खुले में शौच करते हैं।' उन्होंने कहा कि योजना का मकसद पब्लिक टॉयलेट्स को बढ़ावा देना है। अहमदाबाद में तकरबीन 300 टॉयलट हैं।