धर्मांतरण के हीरो से संघ ने क्यों छीना पद?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में धर्मांतरण के ‘धर्म युद्ध’ में बेबाक बयानबाजी को लेकर चर्चाओं में आए धर्म जागरण मंच के क्षेत्रीय प्रमुख राजेश्वर सिंह को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है। संघ नेतृत्व ने उन्हें पद से मुक्त कर दिया है। हालांकि राजेश्वर सिंह का कहना है कि स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह से नेतृत्व से छुट्टी मांगी थी, उनका आवेदन स्वीकार करते हुए नेतृत्व ने तीन माह के लिए कार्य मुक्त किया है।
आगरा में ‘वेदनगर धर्मांतरण’ प्रकरण, अलीगढ़ में ‘घर वापसी’ कार्यक्रम को लेकर राजेश्वर सिंह सुर्खियों में आए थे। उन्होंने दावा किया था कि अलीगढ़ में एक लाख से अधिक लोग घर वापसी करेंगे और कार्यक्रम हर हाल में होगा। कुछ दिन बाद ही उन्होंने 2019 तक सभी को हिंदू बनाने का बयान दे डाला। इससे सियासत का पारा और हाई हो गया। एकजुट होकर विपक्ष ने सरकार को घेराबंदी की और कई दिन तक संसद की कार्यवाही प्रभावित हुई।
सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाराजगी के बाद ही अलीगढ़ ‘घर वापसी’ कार्यक्रम से हाथ पीछे खींचे गए। माना जा रहा है, इसी वजह से राजेश्वर सिंह को पद मुक्त किया गया है। हालांकि राजेश्वर सिंह का कहना है कि उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। शुगर इतना बढ़ गया कि कोमा में जाने का खतरा हो गया।
डाक्टरों ने उन्हें आराम और नियमित इलाज की सलाह दी। इस पर उन्होंने नेतृत्व से छुट्टी की मांग की थी। उन्होंने बताया कि तीन माह के लिए उन्हें दायित्व से मुक्त किया गया है। इसके बाद जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी उसका निर्वहन करेंगे।
लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
सिद्धार्थनगर के मंझारी में प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत ग्राम प्रधान और गांव के लोगों ने पुलिस से की है। एसपी ने एएसपी को जांच का निर्देश दिया है।
मंझारी की ग्राम प्रधान सिरताजी, जगत नारायन, लल्लन, बाबूराम, जयप्रताप, लालमन, फरई, गुलशन, श्रीपत, जयप्रताप, प्रेमशंकर, नंदूलाल और नेलवा आदि ने मंगलवार देर शाम गोल्हौरा थाने पर तहरीर देकर बताया है कि गांव में ईसाई समुदाय के कुछ लोग काफी दिनों से आ रहे हैं।
ये लोग ग्राम पंचायत के पुरवा मंझारी में शुक्रवार को प्रार्थना कराते हैं। ग्राम ड़डवारी में रविवार को प्रार्थना शिविर लगता है। इसमें हिंदू धर्म के देवी-देवताओं को न मानने को कहा जाता है। प्रार्थना शिविर में करीब 20-25 महिलाएं रहती हैं।
पुरुषों की संख्या कम होती है। आरएसएस के मोहित श्रीवास्तव ने बताया कि मंझारी में शुक्रवार को प्रार्थना होती है। वहां लोगों को सनातन धर्म के खिलाफ भड़काया जाता है। कम्हरिया पुरवा में भी इसी तरह का मामला सामने आया है।
एसपी केके चौधरी ने बताया कि शिकायत मिली है। एएसपी को जांच का निर्देश दिया गया है। खुफिया तंत्र को भी एक्टिव किया गया है।
धर्मांतरण कराने का आरोपी पुलिस हिरासत में
मैनपुरी में धर्मांतरण कराने के मामले में आरोपी द्वारा नव वर्ष पर भोज का कार्यक्र म करने की भनक मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। खुफिया विभाग ने रिपोर्ट दी थी कि इस कार्यक्रम में माहौल खराब हो सकता है।
क्रिसमस पर भी आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया था। हिंदू धर्म जागरण मंच के जिला प्रमुख द्वारा दी गई तहरीर पर एसपी के आदेश पर धर्मांतरण कराने के मामले में आरोपी के खिलाफ सीओ सिटी द्वारा जांच की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर में पुरंदर की बगिया के समीप रहने वाले शंकर पर आरोप है कि वह लालच देकर धर्मांतरण कराता है। क्रिसमस पर उसने अपने घर पर कार्यक्रम आयोजित कर कई महिलाओं और पुरुषों को बुलाया था।
आसपास के लोगों द्वारा दी गई सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने कार्यक्रम बंद कराकर शंकर को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ कर छोड़ दिया था। बाद में हिंदू धर्म जागरण मंच के जिला प्रमुख की तहरीर पर एसपी ने मामले की जांच सीओ सिटी को सौंप दी थी।
बुधवार को खुफिया विभाग और पुलिस को सूचना मिली कि शंकर एक जनवरी को फिर कार्यक्रम कर भोज का आयोजन कर रहा है। खुफिया विभाग की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने शंकर को हिरासत में ले लिया।
सीओ सिटी बीपी सिंह ने बताया कि शंकर के खिलाफ धर्मांतरण के मामले की जांच चल रही है। उसके द्वारा नव वर्ष पर कार्यक्रम आयोजित करने से माहौल खराब होने की आशंका है। इसीलिए उसे हिरासत में लिया गया है।