प्रभु की पहल, ‘अमर उजाला’ के सुझावों पर अमल
रेल बजट को स्थानीय स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने ‘अमर उजाला’ के सुझावों को तरजीह दी है। दरअसल इसके लिए प्रभु की ओर से देश भर के बुद्धिजीवियों और संस्थानों से सुझाव मांगे थे।
इस कड़ी में ‘अमर उजाला’ इलाहाबाद की ओर से भेजे गए कई सुझावों पर अमल करते हुए अबकी बजट में जगह दी गई। इसमें प्रमुख रूप से ट्रेनों की औसत स्पीड बढ़ाने का सुझाव शामिल है।
इस मुद्दे को प्रमुखता देते हुए रेलमंत्री ने बृहस्पतिवार को एक्सप्रेस ट्रेनों की औसत स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा करने का ऐलान किया। फिलहाल ट्रेनों की औसत स्पीड 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा है।
इसी तरह ‘अमर उजाला’ ने ट्रेन में अकेली सफर करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी ध्यान दिलाया था। इस मुद्दे को भी प्रभु ने प्रमुखता देते हुए स्पष्ट किया कि महिलाओं को आरक्षित कोच के मध्य भाग में बर्थ आवंटित की जाएगी।
हेल्पलाइन 182 पर करें शिकायत
महिलाए हेल्पलाइन 182 नंबर पर भी सुरक्षा से जुड़े तमाम मसलों पर सीधे शिकायत कर सकेंगी। ट्रेनों में सफाई बेहतर करने के सुझाव पर भी रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने अमल करते हुए स्टेशनों और ट्रेनों में साफ सफाई में सुधार के लिए अनेक उपाय शुरू करने को कहा है।
अखिल भारतीय स्तर पर क्लीन माई कोच सेवा भी शुरू की जाएगी। इसके तहत यात्री एसएमएस के जरिये कोच/शौचालय को साफ करने का अनुरोध कर सकते हैं।
ट्रेनों में यात्रियों को साफ-सुथरे तरीके से भोजन दिये जाने के सुझाव पर रेल मंत्री ने कहा है कि ताजा एवं स्वच्छ भोजन सुनिश्चित करने के लिए आईआरसीटीसी की ओर से देश के दस महत्वपूर्ण स्टेशनों पर बेस किचन स्थापित किया जाएगा।
साथ ही खान पान सेवाओं की गुणवत्ता की जांच थर्ड पार्टी से कराई जाएगी। रेलवे ने यात्रियों को स्थानीय भोजन उपलब्ध कराने की तैयारी भी की है।