बस पांच मिनट में पढ़िए आज की 5 बड़ी खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को यूपी के दौरे पर थे। इस दौरान लखनऊ में जहां उन्हें बीबीएयू के स्टूडेंट्स का विरोध झेलना पड़ा। इसके बाद कॉल्विन कॉलेज पहुंचने पर सपाइयों ने चाइना मेड ई-रिक्शा बांटने पर उनका विरोध किया। इतना ही नहीं लखनऊ के ही हजरतगंज में भी छात्रों ने उन्हें काले झंडे दिखाए।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह वाराणसी को कई सौगातें देने बाद दोपहर में लखनऊ पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री ने अंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह के दौरान छात्रों के कुछ गुटों ने उनका विरोध किया। स्टूडेंट गैलरी में बैठे करीब एक दर्जन छात्रों ने उनके विरोध में नारे लगाए जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।
बाद में कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृत दलित छात्र रोहित की मौत पर भी दुख जताया। पीएम ने कहा, रोहित को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने कहा राजनीति अलग बात है, कारण अलग बात है लेकिन एक मां ने अपना बेटा खोया है। कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने छात्र गतिविधि केंद्र का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में करीब 800 स्टूडेंट्स मौजूद थे।
इसके बाद कॉल्विन कॉलेज में पीएम ने ई-रिक्शा वितरण किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काल्विन कॉलेज पहुंचते ही पांडाल में जय श्रीराम के नारे लगने लगे। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मंदिर वहीं बनाएंगे के नारे लगाए। मोदी यहां ई-रिक्शा वितरित करने पहुंचे थे। खास बात ये है कि यहां ई रिक्शा पाने वाले ज्यादातर लोग मुस्लिम थे। हालांकि कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने चाइना-मेड रिक्शे बांटे जाने पर पीएम मोदी का विरोध किया।
पीएम मोदी ने महामना एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
वाराणसी में पीएम मोदी ने डीरेका में 'स्वावलंबन' नामक एक कार्यक्रम में महामना एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई और दिव्यांगों को उपकरण बांटे।
मोदी ने डीरेका मैदान से वाराणसी के लोगों को महामना एक्सप्रेस का तोहफा दिया। ये ट्रेन वाराणसी से दिल्ली तक चलेगी। इस दौरान रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा भी वहां मौजूद थे। पीएम मोदी ने यहां दिव्यांगों को उपकरण वितरित किए।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे 42 दिव्यांग बच्चे घायल हो गए थे। पीएम मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया और कहा, सरकार उन बच्चों के इलाज व्यवस्था करेगी।
उन्होंने कहा, दिव्यांगों के प्रति लोगों की सोच बदलना चाहता हूं। पीएम मोदी ने जापान के पीएम को काशी की तारीफ करने के लिए धन्यवाद दिया है। पीएम मोदी ने कहा, हम विकास को गरीबों तक पहुंचाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।
बस हुई हादसे का शिकार, 42 बच्चे घायल
विकलांगों को लेकर पीएम के कार्यक्रम में डीरेका जा रही बस शुक्रवार की सुबह आठ बजे कपसेठी के भीषमपुर गांव में पलट गई। दरअसल, निजी बस का चालक शुक्रवार को छुट्टी पर था। बस खलासी चला रहा था। पांच सौ मीटर आगे जाने पर ही बीच सड़क एक बछड़ा आ गया।
खलासी इससे अनियंत्रित हुई बस लेकर गड्ढे में चला गया। हादसे में 42 लोग घायल हो गए। इसमें नौ की हालत गंभीर बनी है। सभी का मंडलीय अस्पताल और बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। उधर, एनडीआरएफ के जवानों ने भी घायलों की मुस्तैदी के साथ मदद की।
कपसेठी के भीषमपुर और दिलावलपुर गांव के 55 लोगों (विकलांग एवं उनके परिवारवाले) को डीरेका में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में जाना था। सुबह करीब आठ बजे बस भीषमपुर प्राथमिक विद्यालय से रवाना हुई।
करीब पांच सौ मीटर दूर लालपुर-बाउली मार्ग पर बछड़े को सामने देखकर बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे करीब पांच फिट गहरे गड्ढे में पलट गई। बस में फंसे लोगों की चीख पुकार सुन क्षेत्रीय लोगों ने उन्हें किसी तरह बाहर निकाला।
सूचना के बाद डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस न पहुंचने पर लोगों ने घटनास्थल और अस्पताल में हंगामा कर दिया। मौके पर डीएम राजमणि यादव और एसडीएम राजातालाब त्रिभुवन पहुंचे। उन्होंने किसी तरह लोगों को शांत कराया। वहीं मंडलीय अस्पताल में हालत गंभीर होने पर छह लोगों को बीएचयू ट्रामा सेंटर भर्ती कराया गया।
बजट के बाद मोदी मंत्रिमंडल में फेरबदल
केंद्रीय मंत्रिमंडल में बजट सत्र के बाद फेरबदल तय है। माना जा रहा है कि उस फेरबदल में अरुण जेटली से वित्त मंत्रालय छिन सकता है। समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आर्थिक सुधारों को गति देने और आलोचकों को खामोश करने के लिए मंत्रिमंडल में सहयोगी दलों और नए चेहरों को जगह दे सकते हैं।
जानकारों का मानना है कि अच्छे दिनों के वादे के साथ आई मोदी सरकार का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। सरकार कर और भूमि सुधारों के दिशा में ठोस कदम उठाने में नाकामयाब रही है।
केंद्र सरकार के कामकाज के बल पर दिल्ली और बिहार विधानसभा में उतरी भाजपा मुंह की खा चुकी है। फिलहाल पार्टी की निगाहें अगले वर्ष होने वाले उत्तर प्रदेश चुनावों पर है। आगामी लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए उत्तर प्रदेश के जीतना बहुत जरूरी है। उत्तर प्रदेश को निगाह में रखकर अमित शाह को भाजपा अध्यक्ष के रूप में रख गया है। उनका मौजूदा कार्यकाल इसी हफ्ते खत्म हो रहा है।
IS के 6 संदिग्ध गिरफ्तार
गणतंत्र दिवस के ऊपर मंडरा रहे आतंकी साये के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पठानकोट में हुए आतंकी हमले के बाद खुफिया एजेंसियां ने 26 जनवरी के मौके पर आतंकी हमले की साजिश रचे जाने को लेकर अलर्ट जारी किया है।
इस बीच राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनआईए) ने आईएस से संबंध रखने वाले से 6 संदिग्ध लोगों को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। इन लोगों को कर्नाटक के बेंगलूरु, मंगलूरु और टुंकुर जिलों से गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र में भी कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। महाराष्ट्र आतंक विरोधी दल ने मुंबई से कुछ संदिग्दों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एनआईए ने हैदराबाद से भी संदिग्धों की धर पकड़ की है।