अखिलेश के दरोगा ट्रक के पहिए चुराते धरे गए, भेजा जेल
कानपुर के बिल्हौर में चौकी में खड़े ट्रक के पहिए चुराने के मामले में पुलिस ने मकनपुर चौकी इंचार्ज और एक कांस्टेबल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों को सस्पेंड भी कर दिया गया है।
इस ट्रक से गौकशी के लिए ले जाए जा रहे जानवर पकड़े गए थे। जानवरों को किसानों के सुपुर्द कर ट्रक को चौकी में खड़ा कर दिया गया था। आरोप है कि मकनपुर चौकी इंचार्ज और एक कांस्टेबल ने ट्रक के नए पहिए उतरवाकर पुराने पहिए लगवा दिए।
सीओ और एसओ को पता चला तो उन्होंने जांच की और मामला सही पाए जाने पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं यह भी चर्चा है कि चौकी इंचार्ज ने इस चोरी में एक अन्य कांस्टेबल को हिस्सा नहीं दिया तो उसने अफसरों के कान में फूंक दिया।
बंदरबांट में हुआ घटना का खुलासा
कुछ दिन पहले मकनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में गायों से लदे एक ट्रक को पुलिस ने पकड़ा था। गायों को किसानों के सुपुर्द करके ट्रक पुलिस अभिरक्षा में चौकी में खड़ा कर दिया गया था। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात चौकी इंचार्ज अखंड प्रताप सिंह और कांस्टेबल अशोक गिहार ने ट्रक के छह नए पहिए खोलने का प्लान बनाया।
प्लान के मुताबिक चौकी प्रभारी ने कन्नौज जिला के ठठिया गांव निवासी मिस्त्री नन्हे कटियार को बुलवाया। नन्हे अपने साथ चार मजदूरों को लेकर आया और रात में ही ट्रक के छहों टायरों को खोलकर उसमें पुराने टायर लगा दिए। चौकी में तैनात एक दूसरे कांस्टेबल को यह पता चला तो उसने अफसरों को सूचना दे दी।
रात ही में सीओ राजेंद्रधर द्विवेदी, कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र कुमार राठी चौकी पहुंचे और चौकी इंचार्ज व कांस्टेबल से पूछताछ की। घंटों की पूछताछ के बाद मामला सही पाया गया। इस पर चौकी इंचार्ज और कांस्टेबल के खिलाफ चोरी का मुकदमा कोतवाली में कायम किया गया।
कोतवाली पुलिस ने गुरुवार सुबह दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। वहीं, सूत्रों का कहना है कि टायरों की चोरी के मामले में पुलिस के बीच पैसों की बंदरबांट में इस घटना का खुलासा हुआ। घटना के बारे में सीओ राजेंद्रधर द्विवेदी का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों, और टायरों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे है।