{"_id":"5e634ef96a93587031b242ef0cb44768","slug":"pakistan-exposed-the-brutal-murder-of-captain-kalia","type":"story","status":"publish","title_hn":"पाक बेनकाब, कैप्टन कालिया की हुई थी अमानवीय हत्या","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
पाक बेनकाब, कैप्टन कालिया की हुई थी अमानवीय हत्या
शशिभूषण पुरोहित
Updated Wed, 31 Jul 2013 07:55 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आखिरकार करीब 14 सालों बाद पाकिस्तान का एक बड़ा झूठ बेनकाब हो गया है। मई 1999 में पाकिस्तान के साथ कारगिल युद्ध में हिमाचल के पालमपुर के जांबाज कैप्टन सौरभ कालिया और उनके साथियों की अमानवीय हत्या के राज से पर्दा उठ गया है।
विज्ञापन
कैप्टन कालिया की बर्बर हत्या करने वाले पाकिस्तान के फौजी ने खुद इस बात का खुलासा कर पाकिस्तान को कठघरे में खड़ा कर दिया है। पाकिस्तानी आर्मी चैनल द्वारा प्रसारित एक कार्यक्रम की इस वीडियो को यू-ट्यूब पर जारी किया जा चुका है।
विज्ञापन
कारगिल युद्ध के दौरान कैप्टन कालिया के शरीर को क्षत-विक्षत करने वाले नायक गुले खानदान ने कैमरे के सामने स्वीकारा है कि 13 मई 1999 को उसने एडवांस कर रहे कैप्टन कालिया की टुकड़ी पर गोलियों की बौछार की थी।
विज्ञापन
इसके बाद शवों को अपने तरीके से खुर्द-बुर्द कर इंडियन आर्मी के हवाले कर दिया। बकौल गुले खानदान ‘कैप्टन कालिया और उनके साथियों को मार गिराने की सूचना उन्होंने कैप्टन अली अख्तर को दी।’
यू ट्यूब पर जारी क्लिप में गुले खानदान के इकबालिया बयान से पाकिस्तानी हुकूमत में खलबली मच गई है। मानवाधिकार हनन का यह मामला जेनेवा संधि के उल्लंघन से जुड़ा है।
इसे अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में भी रखा जा चुका है। पाकिस्तान अभी तक दावा करता रहा है कि कैप्टन सौरभ की मौत खाई में गिरने से हुई थी और उनका शव कारगिल की पहाड़ियों में खराब मौसम की वजह से सड़-गल गया होगा।
कैप्टन कालिया के पिता से हाथ मिलाना चाहते थे पाक गृह मंत्री
दिसंबर 2012 में भारत आए पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि कैप्टन सौरभ की मौत पाकिस्तानी बुलेट से हुई या फिर यह एक प्राकृतिक घटना थी, लेकिन वह कैप्टन कालिया के पिता एनके कालिया से हाथ मिलाना चाहते हैं।
सुप्रीम कोर्ट में रखेंगे वीडियो क्लिप : एनके कालिया
शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के पिता एनके कालिया का कहना है कि झूठ बोलना पाकिस्तान की रिवायत रही है। उन्होंने रहमान मलिक के प्रस्ताव को भी ठुकरा दिया था। यह वीडियो उन्हें उन्हीं के एक दोस्त सेवानिवृत्त मेजर रंजन श्रीवास्तव ने उपलब्ध कराई।
अब वह इस वीडियो क्लिपिंग को अपने अधिवक्ता अरविंद शर्मा के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट को बतौर एविडेंस सुपुर्द करेंगे। उन्होंने कहा कि सब कुछ सच सामने आने के बाद अब निर्भर करता है कि भारत सरकार इस पर क्या कार्रवाई करती है। वह अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
केंद्र से करेंगे बात: मेजर मनकोटिया
इंडियन एक्स सर्विस मैन लीग के प्रदेशाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया का कहना है कि लीग ने पहले भी यह मुद्दा उठाया है। लीग शहीद कैप्टन सौरभ कालिया के परिजनों के साथ हर कदम पर साथ है।
उन्होंने कहा कि इतने बड़े झूठ पर पाकिस्तान को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। कहा कि इस मुद्दे को वह लीग के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाएंगे।