न्यूज राउंड अपः देश को रोता छोड़ गए वीर हनुमंथप्पा
लांस नायक हनुमंथप्पा का निधन हो गया है। सियाचिन में हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से बुरी तरह से घायल हो गए लांस नायक हनुमंथप्पा आखिर जिंदगी की जंग हार गए। लांस नायक हनुमंथप्पा ने सुबह 11.45 मिनट पर दिल्ली के आर्मी अस्पताल में अंतिम सांस ली। हनुमनथप्पा तीन दिन तक वेंटीलेटर पर मौत को हराने की कोशिश कर रहे थे।
सियाचिन में आए हिमस्लखन में लांस नायक हनुमंथप्पा को 35 फीट मोटी बर्फ के नीचे से निकाला गया था। पर इसके बाद भी वो जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे थे। बुधवार शाम को आर्मी अस्पताल की तरफ से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया था कि हनुमंथप्पा की हालत बहुत नाजुक बनी हुई थी। उनके फेफड़ो में निमोनिया हो गया। उनके तीसरे हेल्थ बुलेटिन में इस बात की पुष्टि की गई थी कि उनके दिमाग में आक्सीजन की कमी हो गई है।
वहीं उनके निधन की खबर फैलते ही देश में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्वीट कर उनकी मौत पर दुख जताया। देर शाम बरार स्कवायर पर राहुल गांधी, रक्षामंत्री मनोहर पारिकर, अरविंद केजरीवाल और तीनों सेनाध्यक्षों ने शहीद को श्रद्धाजंलि दी।
फिर लागू होगा ऑड इवन फार्मूला, केजरीवाल ने की घोषणा
दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए एक बार फिर ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू होने जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार द्वारा आम जनता से मांगी गई राय के आधार पर ये फैसला किया और खुद इसकी जानकारी दी।
सीएम केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि दिल्ली में ऑड-ईवन फॉर्मूले का अगला फेज 15 अप्रैल से 30 अप्रैल तक होगा। ऑड ईवन में महिलाओं के लिए छूट जारी रहेगी। हालांकि उन्होंने कहा कि ऑड-ईवन को फिलहाल स्थायी तौर पर लागू नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने बताया कि फॉर्मूले पर जनता की राय के लिए दिल्ली में कुल 276 मोहल्ला सभाएं की गई जिनमें से 275 सभाओं ने ऑड ईवन का समर्थन किया। इन सभाओं के अनुसार 81 फीसदी लोग दिल्ली में फॉर्मूले के पक्ष में है।
हेडली का खुलासा, लश्कर की आतंकी थी इशरत जहां
डेविड कोलमैन हेडली ने इशरत जहां को लेकर बड़ा खुलासा किया है। हेडली ने कोर्ट में गवाही के दौरान बताया है कि इशरत जहां लश्कर ए तैयबा की आत्मघाती फिदायीन थी।
मुंबई की अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी आतंकवादी डेविड कोलमैन हेडली की गवाही लगातार चौथे दिन भी चल रही है। तीसरे दिन तकनीकी खामियों के चलते गवाही नहीं हो सकी थी।
लेकिन चौथे दिन सुबह शुरू हुई गवाही के दौरान मुंबई में हुए 26/11 हमले को लेकर हेडली ने लगातार कई खुलासे किए। इसमें जहां उसने तहव्वुर राणा से अपने संबंधों की जानकारी दी, वहीं इशरत जहां के एनकाउंटर को लेकर उठाए जा रहे सवालों से भी उसने पर्दा उठा दिया।
सेंसेक्स ने खाया गहरा गोता, निफ्टी को भी झटका
गुरूवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में और निफ्टी दोनों में गिरावट दर्ज की गई है। बीएसई जोरदार गिरावट के साथ 23,000 अंक के नीचे आ गया।
बीएसई में 807 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। वहीं निफ्टी में भी 700 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी भी भारी गिरावट के साथ 7,000 अंकों के नीचे आ गया और शाम को बाजार बंद होते समय 6,976.35 पर पहुंच गया।
सुबह कारोबार शुरू होते ही बाजार में गिरावट का दौर शुरू हो गया था। वहीं गिरावट का दौर शाम तक जारी रहा। बीएसई सेंसेक्स 807.07 अंकों की गिरावट के साथ 22,951.83 पर पहुंच गया।
पचौरी पर लगा एक और उत्पीड़न का आरोप, छुट्टी पर गए
महिला कर्मचारी के यौन उत्पीड़न का मुकदमा झेल रहे टेरी के कार्यकारी उपाध्यक्ष आरके पचौरी की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन पर अभी एक और महिला कर्मचारी ने यौन शोषण का आरोप लगा दिया है। जिसके बाद आरके पचौरी छुट्टी पर चले गए हैं। वह 7 मार्च को होने वाले विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल नहीं होंगे।
दरअसल, आरके पचौरी पर लगातार गंभीर आरोप लग रहे हैं। इस सबके बीच द एनर्जी एंड रिसोर्सेस इंस्टीट्यूट (टेरी) के 20 छात्रों ने उनसे डिग्री लेने से इंकार कर दिया। हाल ही अपना कोर्स खत्म कर चुके इन छात्रों ने 7 मार्च को टेरी विश्वविद्यालय में होने वाले दीक्षांत समारोह में पचौरी से डिग्री नहीं लेने का फैसला किया था।
टेरी विश्वविद्यालय के एमएससी, एमटेक, एमए और एमबीए कोर्स से जुड़े रहे इन छात्रों ने कार्यकारी वाइस चांसलर राजीव सेठ को पत्र भेज कर अपने गुस्से का इजहार किया। उन्होंने पत्र में लिखा कि हम ये साफ करना चाहते हैं कि इस बार के दीक्षांत समारोह में हम पचौरी से अपनी डिग्री नहीं लेंगे। छात्रों ने अपने पत्र की कॉपी विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट बोर्ड और एकेडमिक काउंसिल को भी भेजी है।
फ्री बेसिक्स में मुंह की खाने के बाद फेसबुक ने बंद किया चैप्टर
फेसबुक ने अपने विवादास्पद 'फ्री बेसिक्स' प्रोग्राम को भारत में बंद करने का फैसला किया है। फेसबुक ने यह फैसला ट्राई के आदेश के बाद लिया है। हाल ही में टेलीकॉम रेगुलटर अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भारत में इंटरनेट डाटा के लिए अलग-अलग चार्ज को नामंजूर कर दिया है। इसके बाद फेसबुक के फ्री इंटरनेट बेसिक अभियान को तगड़ा झटका लगा।
फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के फ्री बेसिक्स प्लान के तहत ग्रामीण भारत के लाखों लोगों को मुफ्त में इंटरनेट सुविधा मुहैया कराने की बात कर रहे थे। आलोचकों का माना है कि फ्री बेसिक्स प्लान नेट न्यूट्रिलिटी के खिलाफ है।
इंटरनेट के महत्वपूर्ण सिद्धांत नेट न्युटैलिटी के साथ समझौता से लोगों की स्वतंत्रता और जानकारी के उपयोग पर गहरे परिणाम होंगे। फेसबुक के प्रवक्ता ने एक ईमेल के जवाब में कहा, "अब फ्री बेसिक्स भारतीय लोगों के लिए उपलब्ध नहीं रह गया है"।
वहीं इस सारे मामले पर फेसबुक बार्ड के सदस्य मार्क एंड्रीसन ने ट्विटर पर लिखा, ‘उपनिवेशवाद विरोध दशकों से भारतीय लोगों के लिए आर्थिक रूप से विनाशकारी रही है। अब इसे क्यों रोका जाए। यह अपनी जनता के हितों के विरुद्ध भारत सरकार द्वारा लिए गए आर्थिक रूप से आत्मघाती निर्णयों की श्रृंखला की एक कड़ी है।’ हालांकि उनके तुरंत बाद जुकरबर्ग ने इसे उनकी निजी राय बताकर इससे किनारा कर लिया।
समाजवादी पार्टी ने दो मंत्रियों के परिजनों का टिकट काटा
यूपी में समाजवादी पार्टी ने अपने घोषित एमएलसी प्रत्याशियों में बदलाव किए हैं। गुरुवार को सपा ने पुराने कुछ उम्मीदवारों का टिकट काटकर नए उम्मीदवारों की घोषणा की। बस्ती से मंत्री राजकिशोर सिंह के भाई बृजकिशोर का टिकट काट दिया है। मंत्री के भाई बृजकिशोर यादव की जगह संतोष यादव उर्फ सनी को एमएलसी प्रत्याशी बनाया गया है।
वहीं गोरखपुर से जयप्रकाश यादव का टिकट काट दिया गया है। जयप्रकाश यादव की जगह सीपी चंद को एमएलसी टिकट दिया गया है। सपा ने इसी मंगलवार को अपने 31 एमएलसी उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। 31 उम्मीदवारों की लिस्ट में हाल में सपा से निष्कासित और मुख्यमंत्री के दखल के बाद बहाल किए गए आनंद भदौरिया और सुनील सिंह यादव भी शामिल थे।
यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद के पूर्व निदेशक वासुदेव यादव को भी इलाहबाद से उम्मीदवार बनाया गया था। प्रतापगढ़ से रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के भाई अक्षय प्रताप सिंह को उम्मीदवार बने थे। मंत्री राजकिशोर के भाई के साथ ही मंत्री महबूब अली के बेटे परवेज अली को मुरादाबाद से टिकट दिया गया था।