न्यूज राउंड अपः क्लिक कर पढ़ें दिनभर की खास खबरें
पठानकोट हमले के बीच दिन की सबसे बड़ी खबर रही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का भारतीय प्रधानमंत्री मोदी से बात कर सफाई देना। नवाज शरीफ ने मोदी को फोन कर कहा कि पाकिस्तान इस मामले में भारत के साथ हर तरह के सहयोग के लिए तैयार है।
नवाज शरीफ ने खुद प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया। जिसमें पीएम मोदी ने नवाज शरीफ से कहा कि इस मामले को लेकर भारत के लोगों में कितना गुस्सा है।
साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने नवाज शरीफ के सामने नाराजगी भी जताई। दूसरी ओर नवाज शरीफ ने पूरे मामले में हरसंभव सहयोग की बात प्रधानमंत्री मोदी से की है। उन्होंने कहा कि आतंकियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पर्रिकर ने कहा हमले के पीछे पाक का हाथ
वहीं पठानकोट में आतंकी हमले के बीच देश के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने पूरे ऑपरेशन की जानकारी सामने रखी। उन्होंने बताया कि एयरबेस में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है। ये ऑपरेशन एक तलाशी अभियान है, जो सुरक्षा के मद्देनजर किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने साफ किया कि आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन असल में 36 से 38 घंटे के बीच ही चला है। उसके बाद से कॉम्बिंग ऑपरेशन चल रहा है।
रक्षामंत्री ने बताया कि इस कार्रवाई में 6 आतंकी मारे गए हैं। दो आतंकियों के शव बेहद जले हुए थे। ऐसे में इनकी पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए होगी। एनआईए इनके शवों को डीएनए टेस्ट करेगी।
पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर मंगलवार को भी हुए 4 धमाके
पंजाब के पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले में लगातार चौथे दिन ऑपरेशन जारी है। मंगलवार को एयरफोर्स स्टेशन के भीतर एक बार फिर धमाके हुए हैं। जानकारी के मुताबिक चंद मिनटों में ही यहां एक के बाद एक 4 धमाके हुए।
इससे पहले सोमवार को सुरक्षा बलों ने छठे आतंकी को मार गिराया था। पांचवें आतंकी को रविवार रात में ही मार दिया गया था, जिसकी पुष्टि सोमवार को हुई।
आतंकी दो मंजिले भवन में छिपे हुए थे, जिसे विस्फोट कर उड़ा दिया गया। फिलहाल एनएसजी-सेना के जवान पूरे इलाके की छानबीन कर रहे हैं। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि एयरबेस के अंदर और आतंकी हैं या नहीं।
हालांकि, एयरबेस के नजदीक के मनवाल गांव में सोमवार तड़के दो संदिग्धों के दिखने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार को दिन भर सेना और पुलिस की तरफ से आसपास के गांवों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ये तलाशी अभियान मंगलवार को भी जारी है।
भारतीय बल्लेबाज ने तोड़ा क्रिकेट का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
एक पारी में एक हजार रन से ज्यादा नाबाद पारी खेलकर मुंबई के 15 साल के क्रिकेटर ने इंग्लैंड में बने 117 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। वह अब सिर्फ भारत ही नहीं दुनिया में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उनकी अद्भुत पारी अभी भी जारी है।
मुंबई निवासी प्रणव धनावडे ने यह रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने अपनी इस अद्भुत पारी में चौकों और छक्कों का भी अंबार लगा दिया। अपनी पारी में उन्होंने कुल 59 छक्के और 129 चौके लगाए। प्रणव 1009 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी टीम ने 3 विकेट पर 1465 रनों पर पारी की घोषणा की।
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित एचटी भंडारी कप इंटरस्कूल टूर्नामेंट का एक मैच दुनिया में मिसाल बन गया और क्रिकेट इतिहास के पन्नों में अमर हो गया।
प्रणव से पहले मुंबई के ही पृथ्वी शॉ ने 546 रन बनाए थे। पृथ्वी की पारी प्रथम श्रेणी क्रिकेट की भारत में सर्वश्रेष्ठ पारी थी। जबकि 117 साल पहले जून 1899 में इंग्लैंड के जूनियर हाऊस मैच में ऑर्थर कॉलिंस ने 628 नाबाद रन के साथ दुनिया में नंबर वन थे।
महिला रिपोर्टर से तफरी पर गेल पर लगा 4 लाख का जुर्माना
वेस्टइंडीज के स्टार बल्लेबाज क्रिस गेल ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश टी-20 लीग (बीबीएल) में व्यस्त हैं। मेलबर्न रेनेगेड्स टीम की ओर से खेलते हुए एक मैच में उन्होंने 15 गेंद पर 41 रन बनाए।
इस आतिशी पारी के बाद जब ऑस्ट्रेलियाई चैनल 10 की महिला रिपोर्टर मेल मैक्लॉघलिन ने उनकी पारी के बारे में पूछा तो गेल कुछ और ही कह गए।
क्रिस गेल ने महिला पत्रकार को कहा, "मैं खुद आकर आपके साथ इंटरव्यू करना चाहता था। इसलिए मैंने ऐसी पारी खेली। सिर्फ तुम्हारी आंखे देखने के लिए। यह बहुत प्यारी हैं।" इस हरकत के लिए उन पर 10 हजार ऑस्ट्रेलियन डॉलर (करीब 4 लाख 80 हजार रुपए) का जुर्माना भी लगाया गया है।
अरुण जेटली को बचाने कोर्ट पहुंचे रजत शर्मा
केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली आज आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ मानहानि केस में पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचे। जेटली ने कोर्ट में आप नेताओं के खिलाफ बयान दर्ज कराया।
जेटली के मानहानि केस में इंडिया टीवी के रजत शर्मा को गवाह बनाया गया है। रजत शर्मा ने भी पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया।
जेटली ने अपने बयान में कहा कि आप नेताओं ने सोच-समझकर और रणनीति के तहत उन पर झूठे और बेबुनियाद आरोप लगाए। जिससे उनकी और उनके परिवार की छवि को नुकसान हुआ।
मुफ्ती मोहम्मद सईद की हालत नाजुक
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की हालत बिगड़ गई है। रियासत से मंत्रियों और अधिकारियों का दल नई दिल्ली रवाना हो गया है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से मुफ्ती मोहम्मद सईद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हैं। मुफ्ती मोहम्मद सईद की तबीयत मंगलवार को बेहद नाजुक हो गई है।
सांस लेने में दिक्कत और छाती में संक्रमण के चलते ही मुख्यमंत्री को पिछले दिन नई दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था।