मोदी का मंत्रिमंडल तय, किसे-क्या मिला?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के भावी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ताजपोशी की घड़ी जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, आगामी मंत्रिमंडल की तस्वीर भी साफ होती जा रही है। नरेंद्र मोदी ने मंत्रिमंडल गठन की कमान अपने हाथ में ली हुई है।
उन्होंने सोमवार को अमित शाह और अरुण जेटली के साथ विचारविमर्श भी किया। बहरहाल, नवनिर्वाचित भाजपा सांसद आज नरेंद्र मोदी को विधिवत संसदीय दल का नेता चुनेंगे। संसद के सेंट्रल हॉल में सांसदों की बैठक होगी। जिसके बाद मोदी राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात कर केंद्र में नई सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं।
नए मंत्रिमंडल में भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
राष्ट्रपति से आज मिल सकते हैं नरेंद्र मोदी
सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलकात कर सकते हैं।
हालांकि पूर्ण बहुमत के साथ लोकसभा चुनाव जीत चुके मोदी राष्ट्रपति के बुलावे का भी इंतजार है। चुनाव आयोग चुने गए सांसदों की सूची राष्ट्रपति को सौंप चुका है। संभावना है कि राष्ट्रपति नई सरकार के गठन के लिए नरेंद्र मोदी को खुद आमंत्रित करें।
पूर्ण बहुमत होने के कारण भाजपा को किसी भी दल से समर्थन का पत्र राष्ट्रपति को सौंपने की आवश्यकता भी नहीं है। भाजपा ने नई सरकार में राजग के पुराने सहयोगियों को जगह देने की बात कही है।
ये हो सकते हैं नई सरकार में मंत्री
नरेंद्र मोदी की नई सरकार में भाजपा के कई दिग्गज नेताओं का शामिल किए जाने की संभावना है। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है।
नए अध्यक्ष के चुनाव तक पार्टी की कमान भी उन्हीं के हाथ में रहेगी। राजनाथ सिंह अटल बिहारी वाजेपयी रह चुके है।
नई सरकार में राजनाथ ने गृहमंत्री बनने की इच्छा जताई है। मोदी अगर गृहमंत्रालय अपने पास रखते हैं राजनाथ को रक्षा मंत्रालय सौंपा जा सकता है।
गडकरी के मंत्री बनने की की भी संभावना
मोदी सरकार में नीतीन गडकरी के मंत्री बनने की की भी संभावना है। माना जा रहा है कि उन्हें वाणिज्य, रेल या भूतल परिवहन में से कोई एक मंत्रालय सौंपा जा सकता है।
हालांकि, नए भाजपा अध्यक्ष के तौर पर भी नितिन गडकरी का नाम चल रहा है। गडकरी पहले भी भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं।
नए भाजपा अध्यक्ष की रेस में जेपी नड्डा का नाम भी शामिल है।
जेटली भी मंत्री पद की रेस में
अरुण जेटली अमृतसर से चुनाव हार चुके हैं, लेकिन मंत्री पद की दौड़ में आगे चल रहे हैं। माना जा रहा है कि उन्हें वित्त मंत्रालय सौंपा जा सकता है।
जेटली ने पहले मंत्री न बनने की इच्छा जताई थी, लेकिन भाजपा रणनीतिकारों मानना है कि जेटली का मंत्रीमंडल में शामिल होना जरूरी है। जेटली को ऐसा मंत्रालय सौंपा जा सकता है, जिससे वे सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमिटी में शामिल हो सकें।
मोदी ने मंत्रिमंडल गठन से जुड़े मामलों में जेटली के साथ भी विचार विमर्श किया, जिससे उन्हें नई सरकार में अहम माना जा रहा है।
सुषमा को भी मंत्रालय मिलना तय
असंतुष्ट मानी जा रही सुषमा स्वराज ने सोमवार को चुप्पी तोड़ते हुए नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
उन्हें भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की संभावना है। हालांकि चुनावों में उन्होंने मोदी के साथ जैसा असहयोगपूर्ण रवैया रखा, उसके बाद उन्हें ऐसा मंत्रालय तो कतई नहीं सौंपा जाएगा, जिससे वे सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमिटी में शामिल हो सकें।
संभावना है कि उन्हें मानव संसाधन विकास मंत्रालय या स्वास्थ्य मंत्रालय सौंपा जाए।
अरुण शौरी की भी होगी वापसी
अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रह चुके अरुण शौरी की भी नई सरकार में वापसी हो सकती है। उन्हें मोदी और आरएसएस दोनों का करीबी माना जा रहा है।
संभावना है कि मोदी मंत्रिमंडल में उन्हें वित्त या वाणिज्य मंत्रालय सौंपा जा सकता है।
शौरी वाजपेयी सरकार में दूरसंचार और विनिवेश मंत्री रह चुके हैं। हालांकि 2004 में भाजपा की हार के बाद से वह सक्रिय राजनीति से अलग हैं।
आडवाणी की संरक्षक की भूमिका में रहने की चर्चा
पार्टी के भीष्म पितामह लालकृष्ण आडवाणी के स्पीकर बनने की बजाए संरक्षक की भूमिका में ही रहने की चर्चा है।
हालांकि पहले कहा जा रहा था कि वे लोकसभा स्पीकर बन सकते हैं, लेकिन अब नए स्पीकर के तौर पर करिया मुंडा का नाम सामने आ रहा है। वे 15वीं लोकसभा में डिप्टी स्पीकर रह चुके हैं।
स्पीकर की रेस में जेपी नड्डा का नाम भी लिया जा रहा है।
रविशंकर प्रसाद को विदेश मंत्रालय
नई सरकार में विदेश मंत्री के तौर पर रविशंकर प्रसाद का नाम चल रहा है। बीसी खंडूरी को राष्ट्रीय राजमार्ग व सड़क परिवहन मंत्री बनाया जा सकता है।
एनडीए के सहयोगियों में एलजेपी प्रमुख रामविलास पासवान को इस बार रेल मंत्रालय मिलने की कोई संभावना नहीं है।
शिवसेना का मंत्रिमंडल में शामिल होना तय है, लेकिन शिरोमणि अकाली दल सरकार में शामिल नहीं होने की बात कह चुका है।