मुस्लिमों ने दी गाय के दूध की पार्टी, बताए गोमांस के नुकसान
देश भर में बीफ मुद्दे पर गतिरोध और बहस छिड़ने के मद्देनजर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच की काशी प्रांत इकाई ने बुधवार को रविंद्रपुरी में काऊ मिल्क पार्टी का आयोजन किया।
पार्टी में मुस्लिम धर्मगुरु हजरत भोलेशाह दीवान के सज्जादानशीन मौलाना मकसूद अहमद कादरी, ईसाई धर्मगुरु फादर चंद्रकांत, पंडित ऋषि द्विवेदी और नाजनीन अंसारी समेत अन्य लोग शामिल हुए। गाय का दूध पिया और गो संरक्षण का संदेश दिया। कहा कि यह पार्टी देश भर में सही बात पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।
पार्टी का उद्घाटन मौलाना मकसूद अहमद ने पंडित ऋषि द्विवेदी को दूध पिलाकर किया। उन्होंने कहा कि गाय का गोश्त बीमारी है, वहीं गाय का दूध अमृत।
'गाय का गोश्त खिलाकर बीमारी ना बांटें'
गाय के दूध के सेवन से बच्चे बुद्धिमान होते हैं और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहता है। उन्होंने आह्वान किया कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए गाय का दूध ही पिलाएं। गाय का गोश्त खिलाकर बीमारी ना बांटें।
चिकित्सक डॉ. मोनिका गुप्ता ने कहा कि गाय का दूध मां के दूध के समान औषधियुक्त और गुणकारी है। एक बच्चे के विकास के लिए गाय का दूध जरूरी है। डॉ. हेमंत गुप्ता ने बताया कि गाय का गोश्त हृदय रोग को बढ़ावा देता है।
लीवर खराब होता है। कैंसर की आशंकाएं बढ़ जाती हैं। इस पार्टी में डॉ. राजीव श्रीवास्तव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, रियाजुल हक, नसीम अख्तर, शबनम बीबी, नजबुन, वारिस अली, शम्स परवीन, नजमा, अभिनव आदि मौजूद रहे।