मुझे अपनी विचारधारा पर गर्व है: नरेंद्र मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बागपत में शनिवार को भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी के आरएसएस से संबंधित बयान पर जवाबी हमला बोला। चुनावी रैली में मोदी ने कहा कि उन्हें त्याग व सेवा की विचारधारा और सिद्धांतों पर गर्व है। हमारे सिद्धांत परिवारवाद से उठकर हैं और भारत माता हमारे लिए सर्वोच्च है। हम देश के लिए जीते हैं और देश के लिए मरते हैं।
कांग्रेस के परिवारवाद पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस त्याग और सेवा की विचारधारा से नहीं लड़ सकती। बुधवार को कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि यह व्यक्ति आधारित घोषणा पत्र नहीं है। व्यक्ति आधारित विचारधारा भाजपा की है। लोगों को लड़ाने वाली यह विचारधारा देश के लिए खतरनाक है। कांग्रेस इस विचारधारा को खत्म करने के लिए हमेशा लड़ती रहेगी।
अजीत सिंह पर साधा निशाना
अजीत सिंह पर उन्हीं के गढ़ में हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि किसानों के लिए जंग छेड़ने वाले चौधरी चरण सिंह के पुत्र ने आज सत्ता के लिए अपने पिता के रास्ते को त्याग दिया है। हम चौधरी चरण सिंह को नमन करते है जिन्होंने किसानों के हित के लिए कांग्रेस की नीतियों के विरुद्ध लड़ाई लड़ी। हर बच्चे का सपना होता है कि वह अपने माता पिता के सपनों को साकार करे। लेकिन अजीत सिंह ने अपने पिता के मार्ग को छोड़ दिया। समाज में यदि एक पुत्र अपने पिता का मार्ग छोड़ देता है तो समाज उसको ज्यादा समय तक स्वीकार नहीं करता।
जो व्यक्ति सत्ता के लिए अपने पिता के सिद्धांतो को दरकिनार कर सकता है और उस पार्टी में जा सकता है जिसने उसके पिता को परेशान किया हो। क्या ऐसे व्यक्ति पर विश्वास किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बागपत को जमीनी नेता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता तभी विकास कर सकती है जब वह वंशवाद की राजनीति को समाप्त कर दे। सपा, बसपा और कांग्रेस को सत्ता से हटाने का समय आ गया है।
'सरकार ने नहीं किया सैनिकों का सम्मान'
केंद्र पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने आप को कुर्बान करने वाले सैनिकों को सम्मान नहीं दिया जा रहा है। वन रैंक वन पेंशन की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव के पहले सदैव इस योजना को लागू करने का वादा करती रही, लेकिन कभी लागू नहीं किया। यदि 2004 में वाजपेयी जी की सरकार आती तो इस योजना लागू कर दिया गया होता।
उन्होंने साथ में यह भी कहा कि सरकार किसानों को कम महत्व दे रही है। इसके चलते आतंकी हमलों में मारे जाने वाले लोगों से ज्यादा संख्या में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। केंद्र सरकार पर पाकिस्तान के प्रति नरम रुख अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा भारतीय सैनिकों का सर काटा गया था और केंद्र सरकार भारत दौरे पर आए वहां के प्रधानमंत्री की मेहमान नवाजी में लगी रही।
'कांग्रेस का नारा है, मर जवान, मर किसान'
लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान, जय किसान का नारा दिया था। जबकि अब कांग्रेस का नारा है, मर जवान, मर किसान। यूपी की खस्ता हालत पर उन्होंने कहा कि गुजरात में यदि दो मिनट के लिए लाइट चली जाती है तो वह पहले पन्ने की खबर होती है,जबकि यूपी में दो मिनट के लिए बिजली आने पर खबर होती है।
राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के लिए वोट बैंक की राजनीति की जा रही है। महिलाएं भी राज्य में सुरक्षित नहीं हैं।