मनरेगा पर मोदी सरकार ने यू-टर्न लिया: राहुल
यूपीए सरकार की ओर से शुरू की गई रोजगार गारंटी योजना मनरेगा को लेकर मोदी सरकार के यू-टर्न पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने चुटकी ली है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने एक समय इस योजना को ‘कांग्रेस की विफलता का स्मारक’ बताया था लेकिन अब इसकी सफलता स्वीकार करने को मजबूर होना पड़ा है।
राहुल ने मंगलवार को ट्वीट किया, मनरेगा को ‘कांग्रेस की विफलता का जीता जागता उदाहरण’ बताने के बाद अब सरकार इसकी तारीफ कर रही है और इसे राष्ट्रीय गर्व एवं उत्सव का विषय बता रही है।
यह मोदीजी की राजनीतिक बुद्धिमता का जीता-जागता उदाहरण है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल ने भी इसे लेकर निशाना साधा।
मजाक उड़ाने वाले मना रहे उत्सव
पटेल ने ट्वीट किया, मनरेगा ने यह दिखाया है कि सरकार कैसे रोजगार सृजित कर सकती है, जब निजी क्षेत्र ऐसा नहीं कर सकते। इसका ऐसा असर है कि जिन लोगों ने इसका मजाक उड़ाया, वे अब इसका उत्सव मनाने आगे आ रहे हैं।
बता दें कि मोदी ने पिछले साल बजट सत्र के दौरान लोकसभा में कहा था, क्या आप सोचते हैं कि मैं इस योजना को बंद कर दूंगा।
मेरी राजनीतिक बुद्धिमता ऐसा करने की इजाजत नहीं देती। यह गरीबी से निपटने के लिए आपके 60 वर्षों की प्रयासों की विफलता का जीता-जागता स्मारक है। हम इसे गाजे-बाजे के साथ जारी रखेंगे।