बैंकॉक जाने से पहले अधिकारियों को बताना होगा 'मुझे एड्स नहीं'
बैंकॉक में एक महीने लंबे प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक अफसरों से सरकार ने मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करने को कहा है। अधिकारियों से पूछा गया है कि वे एड्स या फिर दूसरी संक्रामक बीमारी से तो पीड़ित तो नहीं हैं।
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में दो से 30 नवंबर तक ‘फ्रॉम सफिशिएंसी इकोनॉमी टू वेल्थीनेस ऑफ द नेशन’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कोर्स आयोजित होना है।
इसमें भाग लेने के लिए कार्मिक तथा प्रशिक्षण विभाग ने उन वरिष्ठ अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर प्रार्थना पत्र मांगे हैं, जो अंग्रेजी अच्छी तरह से बोल तथा लिख सकते हैं।
महिला अधिकारियों को कराना होगा प्रेग्नेंसी टेस्ट
अधिकारियों को प्रार्थना पत्र के साथ किसी अधिकृत फिजिशियन द्वारा तैयार मेडिकल रिपोर्ट भी देनी होगी। रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि होनी चाहिए कि आवेदन करने वाला अधिकारी घर से दूर कड़े प्रशिक्षण के लिए शारीरिक तथा मानसिक रूप से सक्षम है।
इसमें इस बात का भी जिक्र होना चाहिए कि संबंधित शख्स को एड्स, टीबी, ट्रैकोमा और त्वचा से संबंधित रोग जैसी संक्रामक बीमारियां नहीं हैं। वहीं, महिला अधिकारियों को प्रेग्नेंसी टेस्ट कराना होगा।