{"_id":"85594c78-4484-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"mayawati-refusal-to-apologize","type":"story","status":"publish","title_hn":"मायावती रुख पर कायम, माफी मांगने से इनकार","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
मायावती रुख पर कायम, माफी मांगने से इनकार
नई दिल्ली/ब्यूरो
Updated Wed, 12 Dec 2012 11:21 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यसभा में बुधवार को सभापति हामिद अंसारी पर सीधा प्रहार करने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती के तेवर सदन के बाहर भी नरम नहीं पड़े। उन्होंने कुछ सांसदों की ओर से अंसारी से माफी मांगने की पेशकश को सिरे से ठुकरा दिया। इतना ही नहीं उन्होंने सदन में अपने बयान के लिए खेद व्यक्त करने से भी इनकार कर दिया।
विज्ञापन
दरअसल राज्यसभा में मायावती के तीखे प्रहार से सभापति हामिद अंसारी काफी आहत दिखे। सदन से बाहर अंसारी के चेहरे पर झलक रहे अफसोस और निराशा को देखते हुए कुछ कांग्रेसी और विपक्षी सांसदों ने उन्हें ढांढस बंधाया और मायावती से माफी मांगने की गुजारिश की। लेकिन मायावती नहीं मानीं।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार सत्तापक्ष के मैनेजरों की ओर से खेद व्यक्त कर देने के लिए बार बार किए जा रहे आग्रह पर मायावती ने यह वाकया फिर दोहराने की चेतावनी दे डाली। बात बिगड़ती देख बीच बचाव की यह कोशिश छोड़ दी गई। लेकिन मायावती अपने रुख पर कायम रहीं।
विज्ञापन
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने हंगामे के चलते सदन नहीं चलने के लिए सभापति को जिम्मेदार ठहराते हुए अपने आगे की नीति का खुलासा पहले ही कर दिया था। मायावती ने कहा कि यह रुख उनकी बानगी भर है। अगर सदन नहीं चला और प्रमोशन में आरक्षण का बिल नहीं पेश हो सका तो वह और सख्त रवैया अपनाएंगी। गौरतलब है कि मायावती ने 12 बजे के बाद सदन नहीं चलने के लिए अंसारी को जिम्मेदार ठहराया है।
आप हाउस के चेयरमैन हैं। आप 12 बजे सदन से चले जाते हैं और इसके बाद सदन की कार्यवाही नहीं चल पाती है। यह कैसा सदन है। कार्यवाही ठीक से चलाने की जिम्मेदारी आपकी है।
मायावती, बसपा सुप्रीमो राज्यसभा में सभापति हामिद अंसारी से
आप वरिष्ठ नेता हैं। सदन सभी के सहयोग से चलता है। सदन अभी चल रहा है। कृपया आप इसे चलने दें।
हामिद अंसारी, राज्यसभा के सभापति, ( मायावती से)
मैं बहुत आहत हूं। ऐसे हालात में काम करना मुश्किल होगा।
(बाद में एक बैठक में )
संसद में कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने का हम कोई रास्ता निकाल लेंगे। हम उस दिशा में बढ़ रहे हैं।
कमल नाथ, संसदीय कार्यमंत्री
उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी बेहद प्रतिष्ठित व्यक्ति हैं। वह दूसरों से हमेशा बेहद गर्मजोशी से मिलते हैं। आप उनके सदन चलाने के तरीके में कमी नहीं निकाल सकते।
सलमान खुर्शीद, विदेश मंत्री
चेयर का अपमान नहीं किया जाना चाहिए। चाहे वह राज्यसभा के सभापति हों या लोकसभा अध्यक्ष। चेयर के खिलाफ टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।
मुलायम सिंह यादव, सपा सुप्रीमो