डिप्टी जेलर को परिवार समेत बंधक बनाकर लूट
गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात एक बदमाश ने प्रभारी जेलर को परिवार के साथ उनके सरकारी आवास में बंधक बनाकर नकदी और जेवरात लूट लिए। इसके बाद उनका स्कूटर लेकर फरार हो गया। 20 मीटर दूरी पर पहरा दे रहे बंदी रक्षकों को भनक तक नहीं लगी।
सूचना पर एसपी (सिटी), सीओ कैंट, एसओ शाहपुर मौके पर पहुंचे दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। शुक्रवार की सुबह डीएम और एसएसपी प्रभारी जेलर के आवास पर पहुंचे और मामले की जानकारी लेने के साथ सुरक्षा-व्यवस्था की समीक्षा की।
शाहपुर क्षेत्र में असुरन स्थित मंडलीय कारागार के दक्षिण में वरिष्ठ जेल अधीक्षक के आवास के पास डिप्टी जेलर/प्रभारी जेलर राजेश कुमार मौर्य व अन्य कर्मचारियों के आवास हैं। बृहस्पतिवार की रात राजेश अपने आवास में पत्नी सीमा और सात व नौ वर्ष की बेटियों के साथ सोए हुए थे।
'साहब जरूरी काम है, दरवाजा खोलिए'
बकौल राजेश, करीब एक बजे किसी ने बेल बजाई और कहा कि, साहब जरूरी काम है, दरवाजा खोलिए। किसी बंदी रक्षक के आने के भ्रम में उन्होंने दरवाजा खोल दिया। कमरे में दाखिल होते ही युवक ने उन्हें पिस्टल सटा दिया। उनकी पत्नी सीमा को ले जाकर किचन में बंद कर दिया। बेटियों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करने के बाद राजेश को गन प्वाइंट पर रखकर पूरे कमरे की तलाशी ली।
आलमारी में रखे 30 हजार रुपये, ढाई लाख रुपये कीमत के जेवरात, उनकी पत्नी का मोबाइल, उनका सीयूजी व दूसरा मोबाइल हैंडसेट लूट लिया। इसके बाद उनको कमरे में बंद करके बाहर रखा उनका स्कूटर लेकर फरार हो गया। बदमाश के जाने पर उन्होंने लैंडलाइन फोन से घटना की जानकारी वरिष्ठ जेल अधीक्षक और पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
कुछ देर बाद पहुंचे एसपी (सिटी) सत्येंद्र कुमार, सीओ कैंट अजय कुमार, एसओ शाहपुर ने छानबीन की। सुबह डीएम रंजन कुमार और एसएसपी आरके भारद्वाज ने प्रभारी जेलर के आवास पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। डिप्टी जेलर ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ परिवार को बंधक बनाकर लूट करने का मुकदमा दर्ज कराया है। हिरासत में लिए गए संदिग्ध युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
एसएसपी आरके भारद्वाज ने बताया कि प्रभारी जेलर को परिवार के साथ बंधक बनाकर लूटपाट करने की घटना में कुछ महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। दो संदिग्धों से पूछताछ चल रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करेंगे। सुरक्षा में हुई चूक की भी समीक्षा की जाएगी।