मोदी और मुलायम को भेजा कानूनी नोटिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनावी महासमर में दो लोकसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़कर भविष्य में उपचुनाव को निमंत्रण देने वाले भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को एक सामाजिक कार्यकर्ता ने कानूनी नोटिस भेजा है।
नोटिस में दोनों ही दिग्गजों से कहा गया है कि दो जगह से चुनाव लड़ना उचित नहीं क्योंकि दोनों स्थानों से जीत हासिल होने पर एक निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव होना तय है, जिसमें काफी सरकारी धन खर्च होता है। उपचुनाव पर जनता के पैसे की बेजा बर्बादी के लिए कौन जिम्मेदार होगा?
बनारस और वडोदरा से लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके मोदी गुजरात में मणिनगर से विधायक भी हैं।
मोदी-मुलायम से सतवीर की अपील
सामाजिक कार्यकर्ता सतवीर सिंह ने मोदी को भेजे गए नोटिस में कहा है उनके दो लोकसभा क्षेत्रों से जीत हासिल करने की स्थिति में एक लोकसभा और दूसरा विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होगा।
वहीं मैनपुरी से लोकसभा सांसद मुलायम के आजमगढ़ और मैनपुरी दोनों स्थानों से चुनाव जीतने पर एक जगह उपचुनाव होना तय है।
नोटिस में दोनों से अपील की गई है कि वे नागरिकों की ओर से सरकार को कर के तौर पर चुकाए गए धन की बर्बादी को बढ़ावा न दें। साथ ही नैतिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखकर कई स्थानों से चुनाव लड़ने की रीत को खत्म कराने के लिए कदम बढ़ाएं।
दागी नेताओं पर पाबंदी वाली याचिका लंबित
सतवीर ने ही शीर्षस्थ अदालत में दागी नेताओं के चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगाने की मांग वाली याचिका दायर की थी, जो शीर्षस्थ अदालत में फिलहाल लंबित है।
उधर सर्वोच्च अदालत ने दो स्थानों पर चुनाव लड़ने की छूट देने संबंधी जनप्रतिनिधित्व कानून के प्रावधान को निरस्त करने की मांग वाली जनहित याचिका पर हाल ही में नोटिस जारी कर केंद्र और चुनाव आयोग से जवाब-तलब किया है।
यह याचिका वोटर्स पार्टी की ओर से दायर की गई है।