{"_id":"b8a5f196-241b-11e2-9941-d4ae52bc57c2","slug":"kejriwal-says-khurshid-consumed-money-of-disabled","type":"story","status":"publish","title_hn":"'खुर्शीद के खिलाफ विकलांग को जिताएं लोग'","category":{"title":"India News Archives","title_hn":"इंडिया न्यूज़ आर्काइव","slug":"india-news-archives"}}
'खुर्शीद के खिलाफ विकलांग को जिताएं लोग'
फर्रुखाबाद/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Fri, 02 Nov 2012 12:53 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की धमकी के बावजूद उनके गढ़ में बृहस्पतिवार को इंडिया अगेंस्ट करप्शन के बैनर तले हुई विशाल जनसभा में इंडिया अगेंस्ट करप्शन के कमांडर अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा और लोगों से कहा कि लोकसभा चुनाव में यहां से खुर्शीद के खिलाफ किसी विकलांग प्रत्याशी को जिताएं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा, भ्रष्टाचार मिटाने के लिए यही व्यवस्था परिवर्तन का तकाजा है। आम आदमी की सरकार बनी तो भ्रष्टाचारी छह माह में जेल के अंदर होंगे। वह सत्ता नहीं, जनलोकपाल के लिए पार्टी बनाना चाहते हैं। कांग्रेसियों और भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच मामूली झड़प और काले झंडे दिखाने की घटना को छोड़ दिया जाए तो पूरा आयोजन शांतिपूर्वक हुआ।
विज्ञापन
आवास विकास स्थित लोहिया मैदान में जनसभा में अपने करीब 15 मिनट के संबोधन में उन्होंने कहा कि आज आम आदमी की सरकार होती तो सलमान खुर्शीद जैसे नेता जेल में होते। देश को भ्रष्टाचारियों के चंगुल से छुड़ाने के लिए वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में सतर्क रहें। भ्रष्टाचारी नेताओं को सबक सिखाना है। सलमान खुर्शीद ने विकलांगों का हक हजम कर अत्यंत घिनौना कार्य किया है।
विज्ञापन
अगले चुनाव में उनके खिलाफ विकलांग उम्मीदवार को जिताना होगा। वह बताना चाहते हैं कि आपने जिसे चुन कर संसद भेजा है, वह विकलांगों तक का पैसा खा गए हैं। प्रधानमंत्री से उनकी बर्खास्तगी की मांग की गई थी, लेकिन उल्टे उन्हें विदेश मंत्री के ओहदे से नवाज दिया गया। इसीलिए पूरी हकीकत बताने के लिए उन्हें फर्रुखाबाद आना पड़ा है।
सोनिया चुप्पी तोड़ें
अरविंद केजरीवाल ने कहा, भ्रष्टाचार के मामलों पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी चुप हैं। जब दिग्विजय सिंह के पास लालकृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी के परिजनों से संबंधित कागजात हैं तो उनका खुलासा क्यों नहीं किया जा रहा है?
अंबानी के खिलाफ नहीं की कार्रवाई
केजरीवाल ने कहा कि उद्योगपति मुकेश अंबानी ने वर्ष 2000 में 17 साल तक 2.25 डालर की दर से गैस आपूर्ति का केंद्र सरकार से समझौता किया था। दो साल बाद समझौता तोड़ कर दर 4.25 डालर हो गई। इसके बाद 2010 में 14.25 डालर मांगा गया। केंद्र सरकार ने समझौता तोड़ने के जुर्म में उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की बल्कि सरकार में बैठे लोगों ने मोटी रकम लेकर समझौता आगे बढ़ा दिया। जयपाल रेड्डी ने समझौते का विरोध किया तो उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
रेड्डी को आईएसी से जुड़ने का न्योता
उन्होंने रेड्डी से इंडिया अगेंस्ट करप्शन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल्द ही आम आदमी से जुड़े कई मामलों का खुलासा करेंगे। बताएंगे कि पानी-बिजली के दाम बढ़ाने के पीछे क्या खेल चल रहा है।