'अंबानी की जेब में राहुल, मोदी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहतक में आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने अपने भाषण में किसी को भी नहीं बख्शा। कांग्रेस, बीजेपी, उद्योगपति मुकेश अंबानी और मीडिया; सब पर केजरीवाल ने अपने भाषण में निशाना साधा।
केजरीवाल ने सबसे पहले लोगों को याद दिलाया कि वह भी हरियाणा के रहने वाले हैं और कहा कि हरियाणा के लोगों में सभी पार्टियों के लिए गुस्सा है। चौधरी देवीलाल को असली किसान नेता बताते हुए उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री भुपेंद्र सिंह हुड्डा पर हमला बोला। कहा कि हुड्डा मुख्यमंत्री नहीं प्रॉपर्टी डीलर हैं और जमीन का दलाल बन चुके हैं। मुख्यमंत्री हुड्डा ने किसानों से जमीन छीनकर रॉबर्ट वाड्रा को दे दिया।
केजरीवाल ने कहा कि किसानों को समर्थन मूल्य से भी कम पैसा दिया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहां भी वह सत्ता में आएंगे वहां किसानों के लिए स्वामीनाथन रिपोर्ट की सिफारिशों को लागू करवाएंगे।
'देश को चला रहा है मुकेश अंबानी'
केजरीवाल ने एक साथ कांग्रेस, बीजेपी और अंबानी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश को सोनिया, राहुल या मनमोहन सिंह नहीं, मुकेश अंबानी चला रहे हैं। कहा कि मोदी अगर प्रधानमंत्री बने तो भी देश को अंबानी ही चलाएंगे।
अंग्रेजों से अंबानी की तुलना करते हुए केजरीवाल बोले कि पहले देश पर इस्ट इंडिया कंपनी का राज था और अब उसकी जगह अंबानी आ गए हैं। इसके बाद उन्होंने कहा कि जैसे अंग्रेजी राज को खत्म किया उसी तरह अंबानी राज को खत्म करना है।
केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी मिले हुए हैं। उन्होंने गैस की कीमत को लेकर कांग्रेस-बीजेपी को चिट्ठी लिखी लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। मोदी और राहुल पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा कि दोनों मुकेश अंबानी के दिए हेलीकॉप्टर में घूमते हैं। अंबानी के एक जेब में राहुल हैं तो दूसरी में मोदी।
बार-बार अंबानी का लिया नाम
केजरीवाल ने अपने भाषण में मुकेश अंबानी का बार-बार जिक्र किया। पहले उन्होंने मोदी और राहुल को अंबानी का मुखौटा बताते हुए कहा कि देश का असली शासक अंबानी हैं तो उसके बाद इस बात पर अपनी पीठ भी थपथपाई कि उनके अलावा किसी में हिम्मत नहीं थी कि अंबानी के खिलाफ केस दर्ज कराए।
मोदी के चाय बेचने पर हमला करते हुए केजरीवाल ने सवाल किया कि चायवाले के पास हेलीकॉप्टर कहां से आया? काला धन लाने के मोदी के दावे पर केजरीवाल ने मुकेश अंबानी और अनिल अंबानी का स्विस अकाउंट नंबर बताते हुए पूछा कि क्या मोदी इनका पैसा वापस लाएंगे?
केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस या बीजेपी, जिनका भी शासन हो, अंबानी उनका मुखौटा पहन लेते हैं। पांच साल तक अंबानी, राहुल का मुखौटा पहनते हैं तो पांच साल मोदी का।
'मीडिया को भी ठीक करना है'
हुड्डा, मोदी, राहुल और अंबानी पर बरसने के बाद केजरीवाल ने जुबानी तोप का मुंह मीडिया की ओर मोड़ दिया और कहा कि मीडिया को भी ठीक करना है। फिर एक बार उन्होंने अंबानी का नाम लेते हुए कहा कि मीडिया को पैसा देकर वह केजरीवाल को बदनाम करवा रहे हैं।
मीडिया में हुए अपने निगेटिव कवरेज पर केजरीवाल ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके तीन बेडरूम वाले फ्लैट पर सवाल खड़ा करने वाले मोदी के करोड़ों के बंगले के बारे में जाकर नहीं पूछते हैं। सरकार चलाना नहीं आने के आरोपों के जवाब में केजरीवाल ने अपने सरकार की उपलब्धियों और मंत्रियों के काम-काज गिनाते हुए कहा कि डेढ़ महीने में जितने काम किए हैं उतने तो आजादी के बाद किसी की सरकार ने नहीं की।
अपने इस्तीफे का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने सिद्धांतों के आधार पर ऐसा किया और कांग्रेस-बीजेपी पर जनलोकपाल बिल पास न होने देने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा के सभी लोकसभा और विधानसभा सीटों पर आप चुनाव लड़ेगी।