प्लेन हाइजैक करने की तैयारी में जैश-ए-मोहम्मद?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संसद पर हमले के प्रमुख षड्यंत्रकारी और खतरनाक आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मौलाना मसूद अजहर ने भारत में हमलों का ऐलान किया है।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में भूमिगत रहा यह कुख्यात आतंकी फिर सक्रिय हो गया है और भारत विरोधी गतिविधियां तेज कर दी हैं। करीब तीन हफ्ते पहले अजहर को किसी गुप्त स्थान से फोन द्वारा अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए देखा गया है।
दिसंबर से अब तक भारतीय अधिकारी दो बार सिक्योरिटी अलर्ट भी जारी कर चुके हैं, जिनमें चेताया गया था कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी प्लेन हाइजैक कर हमले कर सकते हैं।
संसद पर हमले की घटना से दोनों परमाणु शक्ति संपन्न पड़ोसी देशों के बीच युद्ध की आशंका बढ़ गई थी। अजहर ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा है कि भारत के खिलाफ जिहाद फिर शुरू करने का वक्त आ गया है।
करीब 313 आत्मघाती हमलावर हो गए हैं तैयार
मुजफ्फराबाद में एक रैली को फोन के माध्यम से संबोधित करते हुए अजहर ने कहा, ‘करीब 313 आत्मघाती हमलावर तैयार हैं। यह संख्या 3000 तक पहुंच सकती है।’
अजहर ने अज्ञात जगह से समर्थकों संबोधित किया। उसके समर्थक जिहाद लिखे झंडे लहरा रहे थे। अफगानिस्तान से अमेरिकी फौजों के 2014 में हटने और अजहर का इस तरह से उभरना पाकिस्तान की रणनीति में बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रहा है।
पाकिस्तान संसद हमले के प्रमुख आरोपी अजहर को भारत को सौंपने से इनकार करता रहा है। पाकिस्तान अजहर ही नहीं दाउद इब्रहिम को भी सौंपने से इनकार करता रहा हैं।
आग से खेल रहा है पाकिस्तान
पाक सेना के रिटायर्ड जनरल तलत मसूद ने कहा है कि अजहर जैसे आतंकी को पाकिस्तानी एजेंसियों द्वारा सामने आने की छूट दिया जाना काफी खतरनाक है यह आग से खेलने के समान है।
भारत ही रहा है निशाने पर
अजहर ने ही जम्मू कश्मीर विधानसभा पर अक्तूबर 2001 में हुए हमले को का षड्यंत्र रचा था। उसके संगठन ने लश्कर-ए-ताइबा के साथ मिलकर 13 दिसंबर, 2001 को भारतीय संसद भवन पर हमले को अंजाम दिया था।
अपहृत विमान यात्रियों के बदले छोड़ा गया था
मसूद अजहर उन तीन कुख्यात आतंकियों में शामिल था जिन्हें भारत ने 1999 में इंडियन एअरलाइंस के अपहृत विमान पर सवार 155 यात्रियों के बदले जेल से छोड़ा था। अजहर को भारत के हिस्से वाले कश्मीर से 1994 में गिरफ्तार किया गया। भारत से रिहा होकर पाक पहुंचने पर ही अजहर ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का गठन किया।