जब जगजीत सिंह की गजल पर पायलट ने आधे घंटे हवा में रोका विमान
उड़ान के दौरान सोनू निगम की गायिकी ने विवाद खड़ा कर दिया है। हालांकि यह पहला मामला नहीं है। ऐसा ही एक वाकया मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह के साथ भी हुआ था।
जगजीत ने यात्रियों की मांग पर गजलें सुनाई थीं। विमान के पायलट को जगजीत की आवाज इतनी पसंद आई कि उन्होंने आधे घंटे देरी से लैंडिंग की। यह घटना 80 के दशक में पाकिस्तान इंटरनेशनल के विमान में घटी थी। जगजीत उस विमान से कराची से दिल्ली लौट रहे थे।
इंटरनेशनल की फ्लाइट में हुआ था वाकया
जब यात्रियों और क्रू मेंबर को पता चला कि उनके बीच मशहूर गजल गायक मौजूद हैं तो उन्होंने उनके सामने गाने की फरमाइश रख दी। जगजीत इसे टाल नहीं सके।
उन्होंने गाना शुरू किया तो ऐसा समां बंधा कि विमान के पायलट ने कंट्रोल रूम से संपर्क कर कह दिया कि वह आधे घंटे की देरी से लैंड करेंगे। ऐसा ही हुआ। जगजीत गाते रहे और विमान अतिरिक्त आधे घंटे हवा में रहा।