भारतीय बनाकर आईएसआई करा रही देश में जासूसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान से भारत आकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारतीय बनना और फिर यहां शादी कर घर बसाना। यह सब आईएसआई की सोची-समझी साजिश है।
विशेष रणनीति के तहत आईएसआई अपने चालाक जासूस को भारत भेजता और फिर उसे भारत में ही बसाकर यहां की सुरक्षा से जुड़ी तमाम जानकारियां जुटाता रहता है। इजाज से पहले कानपुर में पकड़ा गया पाक जासूस भी इसी तरीके से काम कर रहा था।
मोहम्मद इजाज की कहानी लाहौर निवासी पाक जासूस वकास अहमद की कहानी जैसी ही है। वकास भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच देखने के बहाने पाकिस्तानी पासपोर्ट पर 16 अप्रैल 2005 को वाघा बार्डर से भारत आया था, लेकिन वह वापस ही नहीं गया।
भारत में रहते हुए उसकी मुलाकात वर्ष 2006 में कानपुर कल्याणपुर निवासी सितारा बेगम से एक शादी कार्यक्रम में हुई। वकास अपने किसी जानने वाले की शादी में शिरकत करने पहुंचा था। वहां वकास ने सितारा बेगम से बातों-बातों में संबंध बना लिया और फिर उससे संपर्क में बना रहा। उसने सितारा बेगम की कई बार आर्थिक तौर पर मदद भी की।
आईएसआई अफसर फारुख ने दी थी ट्रेनिंग
मोहम्मद इजाज को जहां आईएसआई एसपी सलीम ने ट्रेनिंग देकर भारत भेजा। वहीं वकास अहमद को वर्ष 2004 में आईएसआई अफसर फारुख ने आईएसआई में भर्ती किया था। उसी ने उसकी ट्रेनिंग की और फिर उसे भारत भेजा।
वकास ने सितारा बेगम की बेटी से रचाई शादी
शादी कार्यक्रम में हुई मुलाकात के बाद वर्ष 2008 में व्यापार करने की बात कर वकास कानपुर में ही सितारा बेगम के पास किराए पर रहने लगा। वहीं वह सेना से जुड़ी कई गोपनीय जानकारियां आईएसआई को भेजता रहा। जिसकी जानकारी सितारा बेगम को भी थी। सितारा बेगम के पास ही रहते हुए वकास ने उसकी बेटी शबाना से शादी रचाई और यहीं बस गया।
इजाज की तरह बनवाए फर्जी दस्तावेज
मोहम्मद इजाज की तरह ही वकास अहमद ने भी खुद को भारतीय साबित करने के लिए शादी करने के साथ ही सितारा बेगम के पते पर इब्राहिम खान नाम से फर्जी वोटर आई-कार्ड बनाया। यहीं नहीं अपना ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवा लिया था।
2009 में वकास, 2010 में सितारा हुई गिरफ्तार
वकास अहमद को पुलिस ने कानपुर बिठूर के पास से मई 2009 में गिरफ्तार किया था। वहीं पुलिस ने वकास अहमद का सहयोग करने के लिए अगस्त 2010 में सितारा बेगम को मैनपुरी से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने सितारा बेगम के पास से सेलफोन भी बरामद किया था। जिसमें बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नंबर मिले थे। दोनों के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।