देश के बेटों ने बनाया व्हाट्सऐप जैसा ऐप, विदेशों तक हो रहा इस्तेमाल
संगम नगरी के चार होनहार स्कूली छात्रों ने व्हाटस ऐप, हाइक जैसा गो ब्लू मैसेंजर (जीबी मैसेंजर) ऐप तैयार किया है। शहर के एमएल कान्वेंट स्कूल एंड कॉलेज के छात्र सुभांशु सिंह और विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल के तीन छात्रों पीयूष आनंद, गोविंद सिंह एवं ऋषभ यादव ने मिलकर ऐसे मैसेंजर का विकास किया है, जिससे यूजर 1.5 जीबी तक की फाइल को इंटरनेट के जरिए आसानी से अपने साथी को भेज सकते हैं। इन छात्रों की ओर से विकसित ऐप की चर्चा देश ही नहीं विदेशों में भी शुरू हो गई है।
जीबी मैसेंजर ऐप तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एमएल कान्वेंट के सुभांशु सिंह ने बताया कि तीन महीने पहले उन लोगों के मन में आया कि क्या वह व्हाट्स ऐप, हाइक जैसा ऐप तैयार नहीं कर सकते।
विदेशों में भी हो रहा इस्तेमाल
इसके बाद गूगल पर जाकर ऐप तैयार करने के बारे में जानकारी जुटाकर टेलीग्राम के सर्वर की मदद ली। ऐप तैयार करने वाले विष्णु भगवान के पीयूष आनंद ने बताया कि एपीके एंड्राएड की सहायता से अपने ऐप को प्ले स्टोर में जगह दिलाई।
प्ले स्टोर में एंट्री के लिए उन लोगों ने आईसीआईसीआई बैंक में 25 हजार रुपये का खाता खोलकर 25 डालर की फीस जमा की।
इन मेधावी छात्रों ने बताया कि प्ले स्टोर पर एंट्री मिलने के बाद से उनके ऐप को यूएस, मैक्सिको, जर्मनी, इंडोनेशिया, ब्राजील के लोगों ने प्रयोग किया है।